कैब सर्विस कंपनी उबर भारत में अदाणी ग्रुप के साथ मिलकर पहला डेटा सेंटर स्थापित करेगी. इसकी वजह देश का कंपनी के लिए बड़े इनोवेशन हब के रूप में उभरना है. यह जानकारी उबर के CEO दारा खोसरोशाही ने बुधवार को दी. अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी से मुलाकात के बाद डेवलपमेंट के बारे में जानकारी साझा करते हुए, उबर के सीईओ ने कहा कि भारत तेजी से वैश्विक मोबिलिटी प्लेटफॉर्म के लिए एक अग्रणी इनोवेशन केंद्र बन रहा है.उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'आज सुबह अहमदाबाद में गौतम अदाणी से मिलकर बहुत अच्छा लगा और अदाणी समूह के साथ हमारी मौजूदा साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर मिला.'
गौतम अदाणी ने उनके X पोस्ट को री-पोस्ट कर लिखा कि अपने दोस्त दारा खोसरोशाही से मिलकर बहुत खुशी हुई. उबर का सफर कितना जबरदस्त चल रहा है. दुनियाभर में शानदार परफॉर्मेंस. हमारी पार्टनरशिप लगातार बढ़ रही है.
A great pleasure to meet my friend Dara @dkhos! What a run Uber is having! Magnificent performance globally! Our partnerships continue to grow. https://t.co/VlwW5aKaUF
— Gautam Adani (@gautam_adani) May 13, 2026
प्रस्तावित डेटा सेंटर से क्या उम्मीदें?
उबर के CEO ने कहा, 'जैसे-जैसे भारत उबर के लिए एक प्रमुख इनोवेशन केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है, हम अपनी तकनीक का परीक्षण और तैनाती करने के लिए अदाणी समूह के साथ देश में अपना पहला डेटा सेंटर स्थापित कर रहे हैं.'प्रस्तावित डेटा सेंटर से भारत में उबर के बढ़ते टेक्नोलॉजी और इनोवेशन कार्यों को समर्थन मिलने की उम्मीद है. भारत कंपनी के लिए न केवल मोबिलिटी सेवाओं में, बल्कि इंजीनियरिंग और उत्पाद विकास में भी एक महत्वपूर्ण बाजार बन गया है.
सीईओ ने कहा, 'इस साल के अंत तक तैयार होने वाला यह निवेश हमें भारत से दुनिया भर के लिए बड़े पैमाने पर विकास करने में मदद करेगा.' ये नवीनतम साझेदारी की घोषणा ऐसे समय में हुई है जब अदाणी समूह भारत में अपने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार कर रहा है.'
डेटा सेंटर के लिए अदाणी ग्रुप कर चुका है बड़ा ऐलान
पिछले महीने, अदाणी समूह की एजकॉनेक्स के साथ ज्वाइंट डेटा सेंटर कंपनी अदाणीकॉनेक्स ने विशाखापत्तनम में 1 गीगावॉट के एआई-रेडी डेटा सेंटर प्लेटफॉर्म विकसित करने का ऐलान किया था.
28 अप्रैल को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना में अदाणी समूह द्वारा लगभग 10 बिलियन डॉलर का निवेश किया जाएगा.
गूगल के साथ इस परियोजना में इन्फ्रास्ट्रक्चर भागीदार के रूप में, अदाणीकॉनेक्स एक मजबूत और इंटीग्रेटेड एनर्जी इकोसिस्टम समर्थित, स्केलेबल, एआई-रेडी डेटा सेंटर इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहा है.
ये भी पढ़ें: RBI भर सकता है सरकार की झोली, मिडिल ईस्ट संकट के बीच रिकॉर्ड तोड़ डिविडेंड देने की तैयारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं