Petrol Diesel Price Hike: मिडिल ईस्ट संकट और कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल के बीच आखिरकार ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं.शुक्रवार 15 मई को देशभर में पेट्रोल और डीजल ₹3 प्रति लीटर तक महंगे हो गए हैं.जिसके बाद दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद समेत कई शहरों में नए रेट लागू हो गए हैं. आइए जानते हैं आपके शहर में पहले क्या था रेट, अब कितना हो गया है...
बता दें कि 4 साल बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है.यह अप्रैल 2022 के बाद पहली बड़ी बढ़ोतरी है. इससे पहले मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर ₹2 प्रति लीटर की कटौती की थी.
दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, में पेट्रोल-डीजल कितना महंगा हुआ? जानें पुराना और नया रेट
- राजधानी दिल्ली में पेट्रोल ₹94.77 प्रति लीटर से बढ़कर ₹97.77 प्रति लीटर हो गया है यानी ₹3 की बढ़ोतरी हुई है. वहीं डीजल अब ₹89.67 से बढ़कर ₹90.67 प्रति लीटर पर पहुंच गया है.
- मुंबई में पेट्रोल की कीमत ₹103.54 से बढ़कर ₹106.64 प्रति लीटर हो गई है. वहीं डीजल ₹90.03 से बढ़कर ₹93.14 प्रति लीटर पहुंच गया है. देश की आर्थिक राजधानी में ईंधन की कीमतें पहले से ही सबसे ऊंचे स्तरों में शामिल हैं.
- कोलकाता में पेट्रोल की कीमत में ₹3.29 की बढ़ोतरी हुई है. अब यहां पेट्रोल ₹105.45 से बढ़कर ₹108.74 प्रति लीटर बिक रहा है. वहीं डीजल ₹92.02 से बढ़कर ₹95.13 प्रति लीटर पहुंच गया है.
- चेन्नई में पेट्रोल ₹100.80 से बढ़कर ₹103.90 प्रति लीटर हो गया है. वहीं डीजल ₹92.39 से बढ़कर ₹95.47 प्रति लीटर पर पहुंच गया है.
- बेंगलुरु में पेट्रोल ₹102.96 से बढ़कर ₹106.17 प्रति लीटर हो गया है. वहीं डीजल ₹90.99 से बढ़कर ₹94.10 प्रति लीटर पहुंच गया है.
- दिल्ली से सटे नोएडा में पेट्रोल ₹94.74 से बढ़कर ₹98.04 प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल ₹87.81 से बढ़कर ₹91.31 प्रति लीटर पहुंच गया है.
- गुरुग्राम में पेट्रोल ₹95.30 से बढ़कर ₹98.29 प्रति लीटर हो गया है. डीजल भी करीब ₹3 महंगा होकर ₹90.77 प्रति लीटर पहुंच गया है.
- हैदराबाद में पेट्रोल की कीमत में ₹3.39 की सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. अब यहां पेट्रोल ₹107.50 से बढ़कर ₹110.89 प्रति लीटर हो गया है. वहीं डीजल ₹95.70 से बढ़कर ₹98.96 प्रति लीटर पहुंच गया है.
- पटना में पेट्रोल ₹105.54 से बढ़कर ₹108.55 प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल ₹91.78 से बढ़कर ₹94.63 प्रति लीटर पहुंच गया है.
- लखनऊ में पेट्रोल ₹94.73 से बढ़कर ₹97.55 प्रति लीटर हो गया है. वहीं डीजल ₹87.86 से बढ़कर ₹90.82 प्रति लीटर पर पहुंच गया है.
आखिर क्यों बढ़ाए गए पेट्रोल-डीजल के दाम?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं. US-Iran तनाव और मिडिल ईस्ट संकट की वजह से सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है. इसी कारण Brent Crude $107 प्रति बैरल और WTI Crude $102 प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया.
तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल $100 प्रति बैरल के पार पहुंचने से उन पर भारी घाटे का दबाव बढ़ गया था. पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के मुताबिक सरकारी तेल कंपनियां हर दिन करीब ₹1,000 करोड़ का नुकसान झेल रही थीं.
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक कीमतें बढ़ाने से पहले तेल कंपनियां पेट्रोल पर ₹14 प्रति लीटर, डीजल पर ₹42 प्रति लीटर और LPG पर ₹674 प्रति सिलेंडर तक का नुकसान झेल रही थीं.
प्राइवेट कंपनियां पहले ही बढ़ा चुकी थीं दाम
सरकारी कंपनियों से पहले प्राइवेट तेल कंपनियां कीमतें बढ़ा चुकी थीं. Nayara Energy ने मार्च में पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 महंगा किया था. वहीं Shell ने अप्रैल से पेट्रोल ₹7.41 और डीजल ₹25 प्रति लीटर तक महंगा कर दिया था. बेंगलुरु में Shell पेट्रोल ₹119.85 और डीजल ₹123.52 प्रति लीटर बेच रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
