विज्ञापन

कब आएगा SBI फंड्स मैनेजमेंट का IPO, कितने का होगा... चेयरमैन CS सेट्टी ने NDTV को डिटेल में बताया

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की एसेट मैनेजमेंट कंपनी SBI फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड का आईपीओ 2027 में आने की संभावना है. भारतीय एसेट मैनेजमेंट इंडस्ट्री का सबसे बड़ा IPO बन जाएगा SBI फंड्स मैनेजमेंट.

कब आएगा SBI फंड्स मैनेजमेंट का IPO, कितने का होगा... चेयरमैन CS सेट्टी ने NDTV को डिटेल में बताया
SBI चेयरमैन ने SBI-FML के आईपीओ के बारे में डिटेल में बताया है

देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की एसेट मैनेजमेंट कंपनी SBI फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड (SBI-FML) के आईपीओ का रास्ता साफ होता दिख रहा है. SBI के चेयरमैन चल्ला श्रीनिवासुलु (CS) सेट्टी ने बुधवार को सिटी इंडिया 2026 कॉन्फ्रेंस के दौरान NDTV प्रॉफिट से बातचीत में बताया कि कंपनी को 2027 में शेयर बाजार में सूचीबद्ध किए जाने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि आईपीओ की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है और इसके लिए सेबी के पास ड्राफ्ट दस्तावेज पहले ही जमा किए जा चुके हैं.

सेट्टी के मुताबिक, SBI एसेट मैनेजमेंट कंपनी की लिस्टिंग कैलेंडर वर्ष 2027 में होने की संभावना है. बाजार अनुमानों के अनुसार, SBI-FML का प्रस्तावित आईपीओ करीब 13,000 करोड़ रुपए का हो सकता है. यदि यह इसी आकार में आता है, तो यह भारतीय एसेट मैनेजमेंट उद्योग का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ बन जाएगा.

ऑफर फॉर सेल के जरिए आएगा आईपीओ

प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) के रूप में आने की उम्मीद है. इसके तहत करीब 20.37 करोड़ शेयर बेचे जा सकते हैं, जो कंपनी की कुल हिस्सेदारी का लगभग 10% होगा. योजना के अनुसार, SBI अपनी करीब 6.3% हिस्सेदारी बेच सकता है, जबकि उसका संयुक्त उद्यम साझेदार अमुंडी एसेट मैनेजमेंट लगभग 3.7% हिस्सेदारी बेचने की तैयारी में है. फिलहाल SBI फंड्स मैनेजमेंट में SBI की 63% और अमुंडी की 37 % हिस्सेदारी है.

बाजार की अस्थिरता पर क्या बोले सेट्टी?

इस दौरान सेट्टी ने वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और बाजार में जारी उतार-चढ़ाव पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था इस समय अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक अस्थिरता के दौर से गुजर रही है. उनके अनुसार, हर साल कारोबार और निवेशकों के सामने नई चुनौतियां आती रहती हैं. हालांकि, उन्होंने निवेशकों को अल्पकालिक बाजार गतिविधियों से प्रभावित होने के बजाय भारत की दीर्घकालिक आर्थिक क्षमता पर भरोसा रखने की सलाह दी.

सेट्टी ने कहा, 'सेंसेक्स को मत देखिए, भारत को एक दीर्घकालिक विकास की कहानी के रूप में देखिए.' उन्होंने आगे कहा कि भारत अब पिछड़ी अर्थव्यवस्था नहीं है और 21वीं सदी की एक महत्वपूर्ण विकास गाथा के रूप में तेजी से उभर रहा है. अगर यह प्रस्तावित लिस्टिंग सफल रहती है, तो SBI-FML, SBI कार्ड्स और SBI लाइफ इंश्योरेंस के बाद SBI समूह की तीसरी सूचीबद्ध सहायक कंपनी बन जाएगी.

ये भी पढ़ें: रॉकिंग इन्‍वेस्‍टमेंट के चक्‍कर में चूना न लग जाए! गारंटीड रिटर्न के झांसे पर BSE ने निवेशकों को चेताया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
SBI Funds Management Pvt, Challa Sreenivasulu Setty SBI Chairman, SBI Chairman, SBI Chairman CS Shetty
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com