छोटे कारोबारियों के लिए बजट 2027-28 में एक खास व्यवस्था का ऐलान हो सकता है. MSME संगठनों ने सरकार से छोटे उद्यमियों के लिए 'एंटरप्राइज पास' जारी करने की मांग की है. इसका मकसद उन कारोबारियों को राहत देना है, जो जगह की कमी के कारण अपने घर या आसपास की जगह से ही बिजनेस चलाते हैं और जिन्हें स्थानीय निकायों जैसे कि नगर निगम, बिजली विभाग की कार्रवाई का सामना करना पड़ता है.
दरअसल, मंगलवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने MSME संगठनों के साथ प्री-बजट मीटिंग की. इस दौरान संगठनों ने छोटे कारोबारियों की समस्याएं उठाईं. उनका कहना था कि छोटे उद्यमियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती फंडिंग नहीं, बल्कि कारोबार करने के लिए जगह की उपलब्धता है.
संगठनों ने कहा, 'सरकार ऐसी व्यवस्था बनाए, जिससे छोटे कारोबारी अपने घर से बिजनेस कर सकें और उन्हें नगर निगम, बिजली विभाग या दूसरे स्थानीय निकायों की तरफ से अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.'
कारोबार के लिए जगह की कमी सबसे बड़ी चुनौती
MSME संगठनों के मुताबिक, कई छोटे उद्यमी अकेले या बेहद छोटे स्तर पर अपना कारोबार चलाते हैं. उनके पास अलग से दुकान, ऑफिस या व्यावसायिक जगह लेने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं होते. ऐसे में वे अपने घर या आसपास उपलब्ध जगह से ही काम शुरू करते हैं.
लेकिन स्थानीय निकायों के नियमों के कारण उन्हें कई तरह की दिक्कतें आती हैं. घर से कारोबार करने पर नगर निगम उनसे कमर्शियल प्रॉपर्टी टैक्स वसूल सकता है या जुर्माना लगा सकता है. वहीं, बिजली विभाग भी घरेलू कनेक्शन पर कारोबार करने की स्थिति में कमर्शियल चार्ज या जुर्माना लगा सकता है.
संगठनों का कहना है कि ऐसे नियमों के कारण छोटे कारोबारियों के लिए अपना काम जारी रखना मुश्किल हो जाता है. इसलिए सरकार को बजट में ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे वे अपने घर से कारोबार कर सकें.
क्या है 'एंटरप्राइज पास' का प्रस्ताव?
फेडरेशन ऑफ इंडियन माइक्रो, स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (FISME) का कहना है कि छोटे उद्यमियों को एक विशेष 'एंटरप्राइज पास' जारी किया जाना चाहिए.
इस पास के जरिए छोटे कारोबारियों को अपने घर या उपलब्ध जगह से कारोबार करने की अनुमति मिल सकेगी. साथ ही, पासधारकों को स्थानीय निकायों की अनावश्यक कार्रवाई से सुरक्षा मिलनी चाहिए.
अभी उद्यमी MSME पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराते हैं और उन्हें एक पंजीकरण संख्या मिलती है. लेकिन संगठन के मुताबिक, सिर्फ रजिस्ट्रेशन नंबर से कारोबार करने की जगह से जुड़ी समस्या हल नहीं होती.
एंटरप्राइज पास इस कमी को दूर करने में मदद कर सकता है.
छोटे कारोबारियों को इकोनॉमी से जोड़ने की कोशिश
MSME संगठनों ने सरकार से छोटे कारोबारियों को औपचारिक कारोबारी व्यवस्था में लाने के लिए भी कदम उठाने की मांग की है. उनका कहना है कि अगर घर से कारोबार करने वाले उद्यमियों को उचित पहचान और जरूरी अनुमति मिलती है, तो वे बिना डर के अपना काम कर सकेंगे. इससे छोटे कारोबार को बढ़ावा देने और ज्यादा उद्यमियों को औपचारिक अर्थव्यवस्था से जोड़ने में मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें | Pre-Budget Meeting: बजट की तैयारी तेज, निर्मला सीतारमण ने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के एक्सपर्ट्स के साथ की बैठक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं