विज्ञापन

गन्ने से बनेगा प्लास्टिक, बलरामपुर पहुंचा 240 पहियों वाला बाहुबली ट्रक, 3000 करोड़ का प्लांट नवंबर में होगा चालू

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में बायोप्लास्टिक प्लांट के लिए बेल्जियम से आया विशाल रिएक्टर पहुंचा. प्लांट में गन्ने से सालाना 80 हजार टन बायोप्लास्टिक बनाने का लक्ष्य है. बाहुबली ट्रक लेकर आया रिएक्‍टर. पूरी डिटेल यहां.

गन्ने से बनेगा प्लास्टिक, बलरामपुर पहुंचा 240 पहियों वाला बाहुबली ट्रक, 3000 करोड़ का प्लांट नवंबर में होगा चालू
3000 करोड़ के प्लांट के लिए 240 पहियों वाला बाहुबली ट्रक पहुंचा यूपी
NDTV

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में 3000 करोड़ से ज्‍यादा का प्‍लांट लगने वाला है. कुंभी के बलरामपुर चीनी मिल में. ये जो आप पिछले कुछ महीनों से 308 पहियों वाले 'बाहुबली' ट्रक की खबरें पढ़ते-देखते आ रहे हैं, वो ट्रक फाइनली लखीमपुर खीरी पहुंच चुका है. बाद में इस ट्रक के पहिये कुछ कम किए गए थे. बहरहाल, बेल्जियम से इंपोर्ट किए गए 110 फुट लंबे और 26 फुट चौड़े विशालकाय रिएक्टर को लेकर 240 पहियों वाला ‘बाहुबली' ट्रक खीरी जिले में दाखिल हुआ तो उसे देखने के लिए लोगों की उत्सुकता बढ़ गई.

सड़क पर आगे बढ़ता विशालकाय ट्रेलर, साथ में पुलिस और एस्कॉर्ट वाहनों का काफिला, बिजली के तारों को ऊपर उठाने और पेड़ों की डालियां हटाने के लिए तैयार 40 कर्मचारियों की टीम और रास्ते को सुगम बनाने में जुटे विभिन्न विभागों के अधिकारी. बुधवार को खीरी का दृश्‍य कुछ ऐसा ही था. 

बताया जा रहा है कि बायोप्लास्टिक प्‍लांट में ये रिएक्‍टर लगने के बाद हर साल करीब 80 हजार टन बायोडिग्रेडेबल प्‍लास्टिक तैयार किया जा सकेगा. असल में प्‍लांट में पॉलीलैक्टिक एसिड (PLA) तैयार होगा, जिससे बायोडिग्रेडेबल प्‍लास्टिक तैयार होगा.  NDTV ने इस बारे में बलरामपुर शुगर यूनिट, कुंभी के महाप्रबंधक डॉ सुनील कुमार यादव से भी बात की है. 

6 महीने के सफर के बाद खीरी पहुंचा बाहुबली ट्रक 

बलरामपुर चीनी मिल्स की कुंभी इकाई में स्थापित होने वाले बायोप्लास्टिक प्लांट के लिए यह महत्वपूर्ण मशीन करीब छह महीने के सफर के बाद जिले में पहुंची. ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से 15 मई को रवाना हुआ यह भारी-भरकम कंसाइनमेंट ओडिशा, झारखंड और बिहार से होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचा. 

धौरहरा तहसील के सिसैया चौराहे से जिले में प्रवेश करने के बाद ट्रेलर को राष्ट्रीय राजमार्ग-730ए पर छाउछ में खड़ा किया गया. यहां से इसे गुरुवार सुबह कुंभी चीनी मिल पहुंचाया जाना था.

शुरुआत में 308 पहियों वाले ट्रेलर के पहियों की संख्या रास्ते में बड़े वाहनों को मोड़ने में आ रही दिक्कतों के चलते घटाकर 240 कर दी गई. कुंभी चीनी मिल के एक अधिकारी ने पहचान जाहिर न करने की शर्त पर ढेर सारी जानकारी दी.

ट्रेलर के साथ तीन सहायक ट्रक, तीन एस्कॉर्ट वाहन और करीब 40 कर्मचारियों की टीम चल रही थी. बिजली के लटकते तारों को उठाने और पेड़ों की डालियां हटाने के लिए कर्मचारी जरूरी उपकरणों से लैस थे. यातायात पुलिस, सदर कोतवाली पुलिस, पीडब्ल्यूडी और बिजली विभाग की टीमों ने सुरक्षित आवागमन के लिए समन्वय किया.

बलरामपुर यूनिट के GM बोले- नवंबर में चालू होगा प्‍लांट  

बलरामपुर शुगर यूनिट, कुंभी के महाप्रबंधक डॉ सुनील कुमार यादव ने बताया कि यह मशीन ‘साइक्लाइजेशन रिएक्टर' है, जिसमें लैक्टिक एसिड से पॉलीलैक्टिक एसिड (PLA) बनाया जाएगा. PLA का इस्तेमाल बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक बनाने में होता है.
इस मशीन के पहुंचने का इंतजार था. इसके आते ही हमारा काम शुरू हो जाएगा. इसे तुरंत स्थापित किया जाएगा और नवंबर में प्लांट चालू कर देंगे.

उन्होंने बताया कि गन्ने से बनी चीनी से लैक्टिक एसिड तैयार किया जाएगा, जिसे आगे प्रोसेस कर पीएलए के दाने और पेलेट्स बनाए जाएंगे. इनका इस्तेमाल आगे विभिन्न औद्योगिक इकाइयां उत्पाद बनाने में करेंगी.

देश का इकलौता ऐसा प्‍लांट, रोजगार के हजारों अवसर बनेंगे

सुनील यादव के मुताबिक, यह देश का पहला ऐसा एकीकृत प्लांट होगा, जहां कच्चे माल की प्रोसेसिंग से लेकर अंतिम उत्पाद तक की प्रक्रिया एक ही परिसर में होगी. उन्होंने कहा कि प्रस्तावित 200 एकड़ के औद्योगिक पार्क में छोटी औद्योगिक इकाइयां भी स्थापित होंगी, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्‍टार्टअप के अवसर पैदा होंगे.

यह भी पढ़ें | 308 पहियों का 'बाहुबली' गुजरा तो 7 पावर सब स्टेशनों की बिजली हुई बंद, काटने पड़े तार-पेड़; देखने उमड़ी भीड़

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bahubali Truck, Bahubali Truck Paradip To Balrampur, Balrampur Chini Mills, Balrampur Sugar Mill, Plastic Products
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com