जब-जब सनी देओल ने बड़े पर्दे पर पाकिस्तान को ललकारा, तब-तब सिनेमाघरों में सीटियां गूंज उठीं. उनकी फिल्मों ने भारत में तो खूब प्यार बटोरा ही, पाकिस्तान में भी इन्हें लेकर खूब चर्चा हुई. लंबे समय से ये दावा किया जाता रहा है कि उनकी कुछ फिल्मों के बाद वहां उनकी एंट्री तक बैन करने की बातें उठीं. अब 'बॉर्डर 2' के साथ सनी देओल फिर सुर्खियों में हैं, तो आइए जानते हैं उनकी उन 8 फिल्मों के बारे में, जिन्होंने उन्हें देशभक्ति फिल्मों का सबसे बड़ा सुपरस्टार बना दिया.
ये भी पढ़ें; अमिताभ बच्चन ने बताया भोजपुरी फिल्म का किस्सा, बोले-अपने मेकअप आर्टिस्ट के साथ की थीं दो फिल्में
बॉर्डर
1997 में आई 'बॉर्डर' सनी देओल के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में गिनी जाती है. 1971 के भारत-पाक युद्ध पर बनी इस फिल्म में उन्होंने मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी का रोल निभाया था. फिल्म के एक्शन, इमोशन और गानों ने लोगों का दिल जीत लिया. आज भी इसे देशभक्ति फिल्मों की लिस्ट में सबसे ऊपर रखा जाता है.
गदर: एक प्रेम कथा
'गदर: एक प्रेम कथा' ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था. तारा सिंह बने सनी देओल का हैंडपंप वाला सीन और दमदार डायलॉग आज भी लोगों को याद हैं. ये फिल्म उनके करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल है.
इंडियन
इस फिल्म में सनी देओल एक ईमानदार पुलिस अफसर बने थे. कहानी में वो देश के दुश्मनों और आतंकियों से भिड़ते नजर आते हैं. एक्शन पसंद करने वाले दर्शकों ने इस फिल्म को खूब पसंद किया.
मां तुझे सलाम
इस फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण सनी देओल का मशहूर डायलॉग था, जिसे आज भी लोग जोश के साथ बोलते हैं. फिल्म में उन्होंने एक फौजी का किरदार निभाया, जो देश के लिए हर हद तक जाने को तैयार रहता है.
द हीरो: लव स्टोरी ऑफ स्पाय
इस फिल्म में सनी देओल एक सीक्रेट एजेंट बने थे. उनका मिशन देश के खिलाफ रची जा रही बड़ी साजिश को रोकना था. फिल्म में जबरदस्त एक्शन के साथ रोमांच भी देखने को मिला.
जो बोले सो निहाल
इस फिल्म में सनी देओल पुलिस वाले के रोल में नजर आए. उनका अलग अंदाज और एक्शन फैंस को पसंद आया. फिल्म के कई सीन आज भी सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं.
गदर 2
22 साल बाद तारा सिंह की वापसी ने फिर से बॉक्स ऑफिस हिला दिया. 'गदर 2' ने रिकॉर्ड कमाई की और साबित कर दिया कि सनी देओल का क्रेज आज भी पहले जैसा ही है.
बॉर्डर 2
अब 'बॉर्डर 2' के साथ सनी देओल फिर बड़े पर्दे पर देशभक्ति का जोश लेकर लौटे हैं. फिल्म को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है. हर कोई एक बार फिर उन्हें उसी दमदार अंदाज में देखने का इंतजार कर रहा था और अब फिल्म को लेकर खूब चर्चा हो रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं