विज्ञापन

17 साल उम्र की वो लड़की, जिसके हुनर पर उठे सवाल, बाद में लता-रफी ने गाए उसी के कल्ट गाने, सुनाए रोमांस, दर्द और जिंदगी के अलग-अलग रंग

महज 17 साल की उम्र में उषा खन्ना ने बतौर संगीतकार हिंदी सिनेमा में कदम रखा. शुरुआत में उनके हुनर पर सवाल उठे, लेकिन बाद में उनकी धुनों को लता मंगेशकर और मोहम्मद रफी जैसे दिग्गज गायकों ने अपनी आवाज दी.

17 साल उम्र की वो लड़की, जिसके हुनर पर उठे सवाल, बाद में लता-रफी ने गाए उसी के कल्ट गाने, सुनाए रोमांस, दर्द और जिंदगी के अलग-अलग रंग
उषा खन्ना ने हिंदी सिनेमा को दिए सुपरहिट गाने

हिंदी सिनेमा में कई ऐसे संगीतकार हुए हैं, जिनकी धुनों को फिल्मों से ज्यादा याद रखा गया. जब बात महिला संगीतकारों की होती है तो उषा खन्ना का नाम अपने आप दिमाग में आने लगता है. उन्होंने उस दौर में फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई, जब म्यूजिक डायरेक्शन को लगभग पूरी तरह पुरुषों का क्षेत्र माना जाने लगा था. जब उन्होंने फिल्म के लिए संगीत देना शुरू किया, तब उनकी उम्र करीब 17 साल थी. 7 अक्टूबर 1941 को ग्वालियर में जन्मीं उषा खन्ना का संगीत से जुड़ाव बचपन से था. उनके पिता मनोहर खन्ना गीतकार थे और इसी वजह से घर में संगीत का माहौल रहता था.

उषा ने संगीत की ट्रेनिंग ली और धीरे-धीरे खुद धुनें बनाने लगीं. उनके टैलेंट की चर्चा उस समय के मशहूर संगीतकार ओपी नैय्यर तक पहुंची. उषा ने उनसे मुलाकात की और अपनी बनाई हुई धुनें सुनाईं. इसके बाद उन्हें फिल्म 'दिल देके देखो' में संगीत देने का मौका मिला.

यह मौका जितना बड़ा था, उतना ही मुश्किल भी. उषा की उम्र उस समय महज 17 साल थी और फिल्म की पूरी म्यूजिक टीम में ज्यादातर लोग उनसे उम्र और अनुभव में काफी बड़े थे. यही वजह थी कि जब उन्होंने फिल्म के लिए संगीत तैयार किया तो कई लोगों को भरोसा ही नहीं हुआ कि इतनी कम उम्र की लड़की इतनी बड़ी फिल्म का संगीत तैयार कर सकती है. 

उनके बारे में कहा जाने लगा कि शायद उनके पीछे कोई और संगीतकार काम कर रहा है. उनकी प्रतिभा को मानने के बजाय लोग उनकी सफलता के पीछे किसी पुरुष का नाम तलाश रहे थे. उषा खन्ना ने इन बातों को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया. उन्होंने अपने काम से जवाब दिया. 'दिल देके देखो' के गाने लोगों के बीच लोकप्रिय हुए. 'दिल देके देखो दिल देके देखो जी', 'हम और तुम और ये समां', 'बड़े हैं दिल के काले' और 'प्यार की कसम' जैसे गीतों ने फिल्म के संगीत को खास पहचान दिलाई.

उषा खन्ना ने आगे भी कई फिल्मों में संगीत दिया, जिनमें 'सौतन', 'दादा', 'साजन बिना सुहागन','आप तो ऐसे ना थे', 'बिन फेरे हम तेरे', 'शबनम', 'बादल', 'हनीमून', 'दो खिलाड़ी', 'गोपीचंद जासूस', 'आंख मिचोली', 'साजन की सहेली', 'अब क्या होगा', 'लाल बंगला', 'एक सपेरा एक लुटेरा' और 'दिल परदेसी हो गया' समेत कई नाम शामिल हैं. उनके संगीत में रोमांस से लेकर दर्द और जिंदगी के अलग-अलग रंग सुनाई दिए.

ये भी पढ़ें: बिग बी की 20 फिल्में, जिसमे सभी किरदार का था एक ही नाम, कभी बने डॉन तो कभी पुलिस अफसर, एक फिल्म के तो सभी गाने ब्लॉकबस्टर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Usha Khanna, Entertainment, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com