बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों अपनी अगली फिल्म भूत बंगला के प्रमोशन में व्यस्त हैं. इसी दौरान उन्होंने एक इंटरव्यू में एक चौंकाने वाला खुलासा किया. राजपाल यादव ने बताया कि एक गलतफहमी के चलते उनके हाथ से बॉलीवुड की एक बहुत बड़ी हिट फिल्म निकल गई थी. उन्होंने कहा कि उस समय स्थिति को लेकर गलत जानकारी फैल गई थी, जिसकी वजह से उन्हें यह मौका नहीं मिल सका. उन्हें इस बात का अभी तक अफसोस है. राजपाल यादव की यह गलतफहमी शाहरुख खान के साथ हुई थी.
बॉलीवुड का बादशाह भी हुआ नाराज
राजपाल यादव के मुताबिक, शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण स्टारर ओम शांति ओम में एक अहम भूमिका उन्हें मिलने वाली थी, जो किसी गलतफहमी के चलते उनके हाथ से निकल गई. उन्होंने बताया कि उन्हें शुरू में लगा था कि सब कुछ ठीक है, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि उनके और शाहरुख खान के बीच किसी रोल को लेकर गलतफहमी पैदा हो गई थी. उनके अनुसार, एक भूमिका उनके लिए लिखी गई थी, लेकिन किसी ने यह मैसेज पहुंचा दिया कि उन्होंने समय की कमी के कारण उस रोल को करने से मना कर दिया है. राजपाल ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी फिल्म बिल्लू बार्बर के सेट पर मिली, जब एक प्रोडक्शन से जुड़े व्यक्ति ने उन्हें बताया कि शाहरुख खान उनसे नाराज हैं. क्योंकि वह उन्हें एक खास प्रोजेक्ट में कास्ट करना चाहते थे.
ये भी पढ़ें: एयरपोर्ट पर लोगों की लाइन तोड़ अंदर घुसीं करीना कपूर, गुस्से में लोगों ने लगा दी क्लास
कॉल कर मैनेजर से ली जानकारी
राजपाल यादव ने कहा कि यह सुनकर उन्होंने तुरंत अपने मैनेजर से बात की, लेकिन उन्हें भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी. उन्हें बाद में पता चला कि पूरी स्थिति एक गलत कम्युनिकेशन का नतीजा थी, जिसमें उनकी इमेज गलत तरीके से पेश की गई थी. उन्होंने बताया कि इस घटना में न तो उन्हें और न ही शाहरुख खान को पूरी सच्चाई की जानकारी थी. इसी वजह से एक बड़ा मौका उनके हाथ से निकल गया.
गलतफहमी के बाद भी खत्म नहीं हुआ रिश्ता
राजपाल ने कहा कि यह पूरी घटना बॉलीवुड की उस दुनिया को दिखाती है, जहां छोटी-छोटी गलतफहमियां बड़े असर डाल सकती हैं. हालांकि, बाद में शाहरुख खान और उनके बीच सभी गलतफहमियां दूर हो गईं और दोनों ने एक-दूसरे से मिलकर इस मुद्दे को खत्म कर दिया. उन्होंने कहा कि बॉलीवुड में ऐसी घटनाएं आम हैं और कई बार गलत जानकारी की वजह से रिश्तों में दूरियां आ जाती हैं, जो बाद में खुद-ब-खुद ठीक भी हो जाती हैं.
कब रिलीज हो रही भूत बंगला
भूत बांग्ला एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है और इसके डायरेक्टर प्रियदर्शन हैं. फिल्म में वामिका गब्बी, अक्षय कुमार, तब्बू और परेश रावल जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. यह फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं