गांव की गलियों, प्रधान जी के परिवार, सचिव जी और फुलेरा के लोगों से एक बार फिर मिलने का इंतजार खत्म होने वाला है. पंचायत सीजन 5 का पहला एपिसोड गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के गाला प्रीमियर में दिखाया गया, जहां दर्शकों ने सीरीज की वापसी का जोरदार स्वागत किया. स्क्रीनिंग के बाद ऑडिटोरियम तालियों से गूंज उठा और फुलेरा की दुनिया को फिर पर्दे पर देखने के लिए दर्शकों का उत्साह साफ नजर आया. सीरीज के पांचवें सीजन की पहली झलक ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है. अब सभी की नजरें 3 दिसंबर पर टिकी हैं, जब पंचायत 5 प्राइम वीडियो पर ग्लोबल प्रीमियर के लिए तैयार है.
IFFI में पंचायत 5 का पहला एपिसोड
गोवा में आयोजित IFFI के गाला प्रीमियर में पंचायत के पांचवें सीजन का पहला एपिसोड स्क्रीन किया गया. इस खास स्क्रीनिंग में सीरीज के कलाकारों, क्रिएटर्स और प्राइम वीडियो व TVF की टीम मौजूद रही. एपिसोड देखने के बाद दर्शकों ने तालियों के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी और शो की कहानी व किरदारों की तारीफ की. इस मौके पर प्राइम वीडियो इंडिया के SVOD कंटेंट एक्विजिशन डायरेक्टर एवं हेड मनीष मेंघानी, TVF के प्रेसिडेंट विजय कोशी, सीरीज के को-क्रिएटर, को-प्रोड्यूसर और डायरेक्टर दीपक कुमार मिश्रा, लेखक और को-क्रिएटर चंदन कुमार, प्रोड्यूसर अरुणाभ कुमार के साथ अभिनेत्री नीना गुप्ता और अभिनेता फैसल मलिक भी शामिल हुए.
पंचायत की टीम को मिला सम्मान
IFFI में ‘पंचायत' की पूरी टीम को सीरीज की उपलब्धियों और अब तक के शानदार सफर के लिए सम्मानित भी किया गया. सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनएफडीसी) के प्रतिनिधियों ने टीम को सम्मान दिया. स्क्रीनिंग के बाद आयोजित बातचीत में कलाकारों और क्रिएटर्स ने सीरीज के पांच सीजन के सफर, दर्शकों के साथ बने भावनात्मक रिश्ते और फुलेरा की दुनिया में आने वाले बदलावों पर चर्चा की. सीरीज की लोकप्रियता की वजह इसके साधारण किरदार, गांव की जिंदगी और रिश्तों को बेहद सहज अंदाज में दिखाना रहा है.
क्या बदलने वाला है फुलेरा में?
पंचायत सीजन 5 में फुलेरा की कहानी आगे बढ़ने वाली है. इस बार गांव में सत्ता की लड़ाई, बदलते रिश्ते और नई चुनौतियां देखने को मिलेंगी. पिछले सीजन में बने घटनाक्रम के बाद दर्शक यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि प्रधान जी, सचिव जी और गांव के बाकी किरदारों की जिंदगी किस दिशा में आगे बढ़ेगी. सीरीज की खासियत यही रही है कि यह बिना बड़े ड्रामे के छोटे-छोटे घटनाक्रमों, मजेदार संवादों और किरदारों के जरिए दर्शकों को अपने साथ जोड़ लेती है. यही वजह है कि फुलेरा अब सिर्फ एक काल्पनिक गांव नहीं, बल्कि दर्शकों के लिए जाना-पहचाना संसार बन चुका है.
कब और कहां देखें ‘पंचायत 5'?
दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन और चंदन कुमार की लिखी कहानी वाली ‘पंचायत' का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है. सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, सांविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं. ‘पंचायत' सीजन 5 का प्रीमियर 3 दिसंबर को प्राइम वीडियो पर होगा. यह सीरीज भारत समेत दुनियाभर के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम की जाएगी. फुलेरा की वापसी के साथ अब दर्शकों को एक बार फिर हंसी, भावनाओं, गांव की राजनीति और रिश्तों से भरी कहानी देखने को मिलने वाली है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं