विज्ञापन

Exclusive: ‘ धुरंधर’ के बाद अर्जुन रामपाल की तारीफों पर बोले राहुल मित्रा, सेट पर दोस्ती और काम दोनों का ले रहे मजा

सेट का लुक किसी खाड़ी देश की भव्य इमारत के अंदरूनी हिस्से जैसा दिखाई दे रहा था. फिल्म के बड़े कैनवास और पीरियड ड्रामा की झलक यहां साफ नजर आती है.

Exclusive: ‘ धुरंधर’ के बाद अर्जुन रामपाल की तारीफों पर बोले राहुल मित्रा, सेट पर दोस्ती और काम दोनों का ले रहे मजा
Exclusive: ‘ धुरंधर’ के बाद अर्जुन रामपाल की तारीफों पर बोले राहुल मित्रा
NDTV

अनिल शर्मा की पीरियड ड्रामा फिल्म ‘अर्जुन नागा' की शूटिंग मुंबई में चल रही है. फिल्म में बलूची गैंगस्टर कासिम बलूच का किरदार निभा रहे राहुल मित्रा ने एनडीटीवी से खास बातचीत में अपने रोल, निर्देशक अनिल शर्मा के काम करने के अंदाज और अपने दोस्त अर्जुन रामपाल के साथ काम करने के अनुभव साझा किए. मुंबई की फिल्म सिटी स्थित रॉयल पाम में इन दिनों अनिल शर्मा की फिल्म ‘अर्जुन नागा' की शूटिंग हो रही है. सेट पर फिल्म के कलाकार उत्कर्ष शर्मा, राहुल मित्रा, अर्जुन रामपाल, जरीना वहाब, नमोशी चक्रवर्ती और सिनेमा जेटली शूटिंग में व्यस्त नजर आए हालांकि फिल्म में निधि अग्रवाल और रणदीप हुड्डा भी है पर 27 अक्टूबर को वो सेट पर नहीं थे . सेट का लुक किसी खाड़ी देश की भव्य इमारत के अंदरूनी हिस्से जैसा दिखाई दे रहा था. फिल्म के बड़े कैनवास और पीरियड ड्रामा की झलक यहां साफ नजर आती है.

फिल्म में राहुल मित्रा एक बलूची गैंगस्टर कासिम बलूच की भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने बताया कि अनिल शर्मा अपने खास अंदाज में फिल्म को बड़े पैमाने पर बना रहे हैं. राहुल ने अर्जुन रामपाल के साथ अपनी दोस्ती और उनकी एक्टिंग की भी तारीफ की. ‘दुरंधर' के बाद अर्जुन को मिल रही सराहना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनके साथ सेट पर काम करने का अनुभव और भी मजेदार हो गया है.

‘बलूची गैंगस्टर कासिम बलूच का किरदार निभा रहा हूं'

अपने किरदार के बारे में राहुल मित्रा ने कहा, “मैं इसमें एक बलूची गैंगस्टर का किरदार निभा रहा हूं. मेरा नाम कासिम बलूच है.”

फिल्म की शूटिंग कितनी आगे बढ़ चुकी है, इस सवाल पर राहुल ने बताया कि उनके जुड़ने से पहले अनिल शर्मा फिल्म का एक शेड्यूल पूरा कर चुके थे. फिलहाल दूसरा शेड्यूल चल रहा है. उन्होंने कहा, “बड़ी फिल्म है. मुंबई में शूट रहेगा, राजस्थान में शूट रहेगा, दुबई में और भी कुछ इंटरनेशनल सिटीज में शूटिंग होगी. अनिल जी बहुत बड़े पैमाने पर फिल्म बना रहे हैं और वह अपने स्केल के लिए जाने जाते हैं. अभी कुछ दिन और शूटिंग रहेगी, लेकिन हम लगातार शूट कर रहे हैं. उनकी एनर्जी देखकर हम हैरान भी हैं और खुश भी.”

अनिल शर्मा के निर्देशन की क्या है खासियत?

अनिल शर्मा की फिल्मों को बचपन से देखते आए राहुल मित्रा के लिए उनके साथ काम करना एक अलग अनुभव है. उन्होंने कहा कि निर्देशक की सबसे बड़ी खासियत बड़े पैमाने पर फिल्म बनाने के साथ-साथ उसकी कहानी और ट्रीटमेंट पर पकड़ है.

राहुल ने कहा, “उन्होंने इतनी हिट फिल्में दी हैं. मुझे याद है कि बचपन में हमने ‘हुकूमत' और उनकी ऐसी कई बड़ी फिल्में देखी थीं. मुझे लगता है कि उनका सिग्नेचर है स्केल, मेगा फिल्म. यह स्केल सिर्फ प्रोडक्शन वैल्यूज से नहीं आता, बल्कि लिखावट और ट्रीटमेंट से भी आता है.”

अनिल शर्मा की कार्यशैली को करीब से देखने के अनुभव पर राहुल ने बताया कि निर्देशक को अपनी फिल्म और स्क्रिप्ट की हर बारीकी की जानकारी रहती है. उन्होंने कहा, “अगर शॉट लेने और ट्रीटमेंट की बात करें, तो वह बहुत अच्छी तरह रिहर्सल करके आते हैं, क्योंकि उन्हें एक-एक चीज पता है. मुझे हैरत होती है कि अगर कोई एक्टर अपनी लाइन भूल जाए, तो अनिल जी को उसकी लाइन तक याद रहती है. उनके असिस्टेंट के बोलने से पहले ही वह पूरी लाइन और पूरा डायलॉग बोल देते हैं.”

राहुल के मुताबिक, अनिल शर्मा को अच्छी तरह पता होता है कि उन्हें किस तरह का शॉट चाहिए और किस टेक में क्या हासिल करना है. उन्होंने निर्देशक को अनुभवी फिल्ममेकर बताते हुए कहा कि इतने बड़े सेटअप और कई कलाकारों के बीच भी उनका अपनी फिल्म पर नियंत्रण देखने लायक है.

‘धुरंधर ' के बाद अर्जुन रामपाल को मिल रही और सराहना

फिल्म ‘अर्जुन नागा' में राहुल मित्रा के दोस्त अर्जुन रामपाल भी अहम भूमिका में हैं. दोनों की दोस्ती सेट पर भी दिखाई दे रही है. राहुल ने बताया कि जब अर्जुन को पता चला कि वे दोनों एक ही फिल्म में काम कर रहे हैं, तो उन्होंने उन्हें फोन किया था.

राहुल ने कहा, “अर्जुन अपनी फिल्म ‘ऑपरेशन गंगा' की शूटिंग कर रहे थे. वह जॉर्जिया से शूटिंग करके अभी आए हैं. जब उन्हें पता लगा, तो उन्होंने मुझे फोन किया और कहा, ‘मेरा पहला दिन शूट का और मेरा पहला सीन तेरे साथ ही है!'”

दोनों के साथ काम करने के अनुभव पर राहुल ने कहा, “अर्जुन मेरे बहुत करीबी दोस्त हैं और वह बहुत बेहतरीन एक्टर भी हैं. ‘धुरंधर ' के बाद तो उन्हें और सराहना मिल रही है और उनके लिए यह सब देखकर और मजा आ रहा है. हमारी बॉन्डिंग के साथ-साथ सेट पर काम भी चल रहा है. हम दोनों वर्क एंड प्लेजर, दोनों का आनंद ले रहे हैं.”

प्रोड्यूसर से एक्टर बनने का सफर

राहुल मित्रा ने पत्रकारिता से अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद वह ब्रांडिंग के क्षेत्र में आए, फिर उन्होंने अपनी कंपनी शुरू की और फिल्म प्रोडक्शन से जुड़े. अब वह एक्टिंग भी कर रहे हैं. ऐसे में जब उनसे पूछा गया कि प्रोड्यूसर राहुल मित्रा और एक्टर राहुल मित्रा में से कौन उनके दिल के ज्यादा करीब है, तो उन्होंने कहा कि उन्हें हर भूमिका में अलग तरह का आनंद मिलता है.

राहुल ने कहा, “एक अंग्रेजी की कहावत है, ‘एवरी डिफरेंट स्टेज ऑफ योर लाइफ डिमांड्स ए डिफरेंट यू.' मुझे हर चीज में मजा आता है. मैं पहले पत्रकार था, फिर ब्रांडिंग प्रोफेशनल बना, फिर मैंने आंत्रप्रेन्योरशिप कंपनी खोली और उसके बाद प्रोड्यूसर भी बना. अब एक्टिंग ऑर्गेनिकली हो रही है और इसमें भी बहुत मजा आ रहा है.”

हालांकि, कैमरे के पीछे लंबे समय तक काम करने का अनुभव कई बार सेट पर उनके भीतर के प्रोड्यूसर को भी जगा देता है. इस बारे में राहुल ने मजाकिया अंदाज में कहा, “शूट करते-करते मैं अपने आप को थोड़ा रोकता हूं. यहां प्रोडक्शन के लोग और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर मुझे देखकर कभी मुस्कुराते हैं और कभी कहते हैं, ‘राहुल, मुझे ये…' मैं कहता हूं कि मैं कुछ नहीं बोल रहा, क्योंकि उन्हें पता है कि मेरी प्रोडक्शन वाली तीसरी आंख खुल जाएगी.”

उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘अर्जुन नागा' के सेट पर वह एक एक्टर की तरह ही काम कर रहे हैं. राहुल के मुताबिक, कैमरे के पीछे काम करने का अनुभव कलाकार के तौर पर भी मदद करता है, क्योंकि उन्हें फिल्म निर्माण की बारीकियों की समझ है.

सुबह सात बजे सेट पर पहुंचकर शाम तक शूटिंग

राहुल ने फिल्म के सेट पर काम करने के माहौल और कलाकारों की दिनचर्या के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा अपने कलाकारों से समय पर सेट पर पहुंचने और पूरी तैयारी के साथ काम करने की अपेक्षा रखते हैं.

राहुल ने कहा, “सुबह छह बजे कॉल टाइम होता है. हम सात बजे तक आ जाते हैं और तैयार होकर, मेकअप करके सेट पर पहुंचते हैं, क्योंकि अनिल जी नहीं तो सबको डांट पड़ेगी कि ‘मुझे सब आर्टिस्ट चाहिए सेट पे.' हम सब जल्दी तैयार होकर रिहर्सल करते हैं और फिर शाम तक शूटिंग करते हैं.”

फिल्म के बड़े पैमाने और अलग-अलग किरदारों का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि सभी कलाकार पूरी शिद्दत से काम कर रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘अर्जुन नागा' भी अनिल शर्मा की पिछली सफल फिल्मों की तरह दर्शकों को पसंद आएगी. राहुल ने कहा, “हम सब मेहनत कर रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि ‘अर्जुन नागा', ‘गदर' और अनिल जी की बाकी फिल्मों की तरह बहुत सुपरहिट जाए.”

अर्जुन नागा का शूट करीब 120 दिनों का है और अभी करीब 35 दिनों की शूटिंग पूरी हुई है, शूटिंग का काफी हिस्सा अभी बाकी है और देश विदेश के अभी कई शेड्यूल होने बाकी हैं .

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anil Sharma, Rahul Mittra, Arjun Rampal, Utkarsh Sharma, Sunny Deol
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com