शरद कपूर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. एक्टर की खराब सेहत को देख सोशल मीडिया पर उनके फैन्स खासे परेशान दिखे. शरद ने वीडियो शेयर काम भी मांगा. इसके जवाब में फिल्म इंडस्ट्री से खूब प्यार और सपोर्ट मिला. कुछ दिन पहले दुखी और अंडर कॉन्फिडेंट दिख रहे शरद कपूर आज (18 नवंबर) काफी कॉन्फिडेंट दिखे. इतना ही नहीं वह फिल्मों में अपनी वापसी को लेकर भी काफी कॉन्फिडेंट दिखे. एनडीटीवी ने शरद से खास बातचीत की इसमें उन्होंने फिल्मों से ब्रेक लेने और लंबे समय तक स्क्रीन पर नजर ना आने को लेकर भी सवाल किया.
सवाल: आपकी फिल्मों के बीच जो लंबा अंतराल आया, उसकी क्या वजह रही?
शरद: मुझे लगता है कि मैं खुद किसी फिल्म में काम करने के लिए तैयार नहीं था. मेरा मन नहीं था या कह सकते हैं कि मैं उस मूड में नहीं था. मैं देश छोड़कर न्यूयॉर्क चला गया था और वहां करीब तीन-चार साल रहा. अब मैं बहुत पॉजिटिव सोच के साथ वापस आया हूं. मैं दोबारा काम करना चाहता हूं और मुझे लगता है कि लोग भी मुझे फिर से देखना चाहते हैं.
सवाल: क्या आपने खुद प्रोड्यूसर्स से संपर्क करने की कोशिश की या मेकर्स ने आपसे कॉन्टैक्ट किया?
शरद: नहीं, नहीं. जब मैं लोगों से मिला तो उन्होंने मुझसे कहा कि आप वापस आइए, हम आपके साथ काम करना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि बॉस, जब आप यहां ही नहीं हैं तो आपके साथ काम कैसे करें? उन्होंने मुझे वापस आने के लिए कहा. इसके बाद मैं वापस आया और अपने दोस्तों से मिला. जैसे ही मेरी किसी फिल्म की अनाउंसमेंट होगी मैं 100 पर्सेंट आकर इंटरव्यू दूंगा और सबको बताऊंगा कि मैं बिल्कुल ठीक हूं.
सवाल: सोनू सूद के अलावा क्या किसी दूसरे कलाकार ने भी आपसे कॉन्टैक्ट किया?
शरद: कुनिका जी हैं. इसके अलावा भी बहुत सारे लोग हैं. कुछ लोगों ने कहा है कि उनके नाम का जिक्र न करूं. सलमान भाई की टीम की तरफ से भी फोन आया था. बहुत से लोग मदद के लिए आगे आए हैं.
सवाल: आखिर पिछले कुछ समय में ऐसा क्या हुआ कि आप इन हालात में पहुंच गए?
शरद: कभी-कभी जिंदगी में बुरा दौर आता है. जब आप बुरे दौर से गुजर रहे होते हैं तो आपका मूड भी खराब रहता है. ये दोनों नकारात्मक चीजें एक साथ चलती हैं. मेरे साथ भी शायद ऐसा ही हुआ. लेकिन अब सभी लोगों ने मुझे फिर से जगा दिया है. उन्होंने मुझसे कहा कि आप दोबारा काम कर सकते हैं. मैंने भी सोचा कि ठीक है, अब फिर से शुरुआत करते हैं.
मुझे नहीं पता, शायद मैंने खुद ही यह सब कहीं न कहीं सोच लिया था. किसी ने मुझसे पूछा था कि अगर भगवान आपसे सब कुछ छीन लें तो आप क्या करेंगे? मैंने कहा था कि अगर भगवान सब कुछ छीन लेंगे तो क्या हुआ, मैं दोबारा मेहनत करके सब कुछ बना लूंगा. मुझे लगता है कि मेरे साथ कुछ ऐसा ही हुआ है. अब मुझे फिर से मेहनत करनी होगी और सब कुछ दोबारा बनाना होगा.
सवाल: जब आप सामने आए और लोगों ने आपके प्रति अपनी चिंता और प्यार जाहिर किया तो आपको कैसा लगा?
शरद: यह बहुत शानदार एहसास था. यार, आप लोगों ने मुझे इतना प्यार दिया, यह सब मेरे लिए अविश्वसनीय था. मैं बहुत खुश हूं. इससे आपको एक अलग तरह की इंस्पिरेशन मिलती है. जब आपको लोगों का इतना प्यार मिलता है तो आपको लगता है कि आप फिर से लड़ सकते हैं और जिंदगी में वापसी कर सकते हैं.
सवाल: शरद जी, आपकी मदद के लिए बहुत सारे लोग आगे आ रहे हैं. लोग आपके प्रति सहानुभूति भी जता रहे हैं, लेकिन इस बीच कुछ लोग गलत जानकारी फैलाकर आपकी स्थिति का फायदा भी उठाने की कोशिश कर रहे हैं. आप उनसे क्या कहना चाहेंगे?
शरद: मैं यही कहना चाहता हूं कि मेरे नाम पर किसी को पैसे मत दीजिए. मुझे ऐसी किसी मदद की जरूरत नहीं है. कृपया किसी को भी मेरे नाम पर पैसे मत दीजिए. यह सब धोखाधड़ी है. अगर आप किसी को दान देना चाहते हैं तो पहले अच्छी तरह जांच कर लीजिए और फिर जिसे देना चाहें, उसे दीजिए. लेकिन मेरे नाम पर किसी को कोई पैसा मत दीजिए. मुझे पैसों की जरूरत नहीं है.
सवाल: आपने कहा कि भगवान ने आपसे सब कुछ छीन लिया तो आप दोबारा सब कुछ हासिल करेंगे. लेकिन भगवान ने आपसे क्या छीन लिया? ऐसी कौन-सी चीजें थीं जो आपसे छिन गईं?
शरद: छीनने का मतलब यह है कि मेरा काम करने का मन नहीं कर रहा था. मेरे दिमाग से जैसे काम करने की इच्छा ही चली गई थी. लेकिन ठीक है, भगवान की चीज है. जब वह ले सकते हैं तो वापस दे भी सकते हैं. यह उनकी इच्छा है.
सवाल: आपने एक इंटरव्यू में कहा था कि आपके भाई काफी सपोर्टिव हैं और कोलकाता में आपका अच्छा आधार भी है. वहां लोग आपको जानते हैं. आपके भाई किस तरह आपका साथ दे रहे हैं?
शरद: मेरे भाई बहुत अच्छे हैं, लेकिन मैं उनसे कुछ नहीं मांगता. मैंने सोचा कि उनका भी अपना परिवार है. मैं नहीं चाहता था कि वे इस मामले में परेशान हों. मैंने उन्हें यही बताया कि सब ठीक है. वे भी मेरी बात समझते हैं.
सवाल: लेकिन क्या आपके भाई आपसे मिलने नहीं आना चाहते थे?
शरद: नहीं, वे आना चाहते थे. लेकिन मैंने ही कहा कि अभी आने का क्या फायदा है? उन्होंने मुझे फोन पर सारी जानकारी दी थी.
सवाल: पिछले दो साल जब आप मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, तब क्या आपके परिवार और भाई ने आपका साथ दिया?
शरद: हां, बिल्कुल. वे आए भी थे और उन्होंने मेरा पूरा साथ दिया. वे हमेशा मेरे साथ थे.
सवाल: इन ढाई-तीन सालों में कुनिका जी, हेमा जी और बाकी लोगों को आपकी स्थिति के बारे में पता नहीं था?
शरद: हेमा जी मुझे फोन करती थीं और पूछती थीं कि सब ठीक है या नहीं. मैं कह देता था कि सब ठीक है. फिर एक महीने बाद जब उन्होंने अचानक मेरी स्थिति देखी और मेरे कुत्तों के बारे में सुना, तो उन्हें एहसास हुआ कि मामला कितना गंभीर है. उन्होंने मुझे इंस्टाग्राम पर भी देखा था. तब उन्हें समझ आया कि मैं किस दौर से गुजर रहा हूं. इसके बाद वह मेरे पास आईं.
सवाल: आपके कुत्ते आपके पास नहीं है आप दुखी हैं या मिस कर रहे हैं ?
शरद: अभी वे हेमा जी की ‘बेजुबान' संस्था के शेल्टर होम में हैं. जब मैं वापस आ जाऊंगा तो उन्हें अपने साथ ले आऊंगा. मैं फोन पर उनसे बात करता हूं तो वे मेरी आवाज सुनकर ही रिएक्शन देने लगते हैं. मैं पूछता हूं कि बेटा कैसे हो तो वे अपनी आवाज में जवाब देने लगते हैं. हेमा जी के साथ भी उनका बहुत लगाव है. वे उनके पास जाकर उनसे प्यार जताते हैं. उन्हें देखकर लगता है कि जानवरों का प्यार कितना सच्चा होता है.
सवाल: इस समय आपको लोगों से किस तरह की मदद चाहिए?
शरद: मुझे सिर्फ काम चाहिए. मुझे काम चाहिए. इस समय मुझे बस काम चाहिए.
सवाल: सलमान खान का आपने जिक्र किया. क्या शाहरुख खान की तरफ से भी कोई मदद मिली या उनसे कोई बात हुई?
शरद: नहीं साहब, शाहरुख से मेरी कोई बात नहीं हुई है.
सवाल: क्या किसी फिल्म निर्माता या दूसरे लोगों से आपकी बात हुई है?
शरद: हां, दो-तीन फिल्म निर्माताओं से बात हुई है. लेकिन जब तक कोई बात पक्की नहीं हो जाती, मैं उसके बारे में कुछ नहीं कह सकता. जैसे ही कुछ तय होगा, मैं आपको बता दूंगा.
सवाल: अब जब लोग आपकी स्थिति के बारे में जान गए हैं तो सोशल मीडिया पर आपकी पुरानी फिल्मों के दृश्य और यादें भी खूब साझा की जा रही हैं. आपके इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर भी काफी प्यार देखने को मिल रहा है. जब आप अपनी पुरानी फिल्मों और यादों को देखते हैं तो क्या महसूस होता है? फिल्म ‘जोश' के सेट की कोई खास याद साझा करना चाहेंगे?
शरद: मुझे याद है कि मैंने ‘साइला रे ' गाना शूट किया था. जब वह टीवी पर आया तो अभिषेक बच्चन ने मुझसे कहा था, ‘तुम शाहरुख खान के साथ क्या कर रहे हो? तुमने तो कमाल कर दिया.' प्रीति जिंटा भी मुझे ‘साइला रे ' कहकर बुलाती थीं.
महेश भट्ट साहब के साथ भी एक मजेदार याद है. मैं स्विमिंग पूल में था और जूस पी रहा था. वह पीछे से आए और मुझे देखकर बोले कि साला, कल तक रास्ते में खड़ा था और आज देखो, हिरण जैसे लोगों के साथ स्विमिंग पूल में है. मैंने उनसे कहा कि भट्ट साहब, आप भी कमाल हैं.
मेरे निर्देशक सुनील सिंह भी बहुत अच्छे थे. मैं उनके सहायक के तौर पर काम करता था. उस समय मैं खुद को बहुत बड़ा कलाकार समझने लगा था. कई बार मेरी हरकतें देखकर वे कहते थे कि इसे यहां से हटाओ. उन सभी लोगों के साथ मेरी बहुत अच्छी यादें हैं. हम सबके बीच बहुत प्यार और अपनापन था। वह सब मेरे लिए बहुत खास था.
सवाल: पिछले दो साल में आपके साथ जो कुछ हुआ, उसके बाद अब जब आप नई सोच के साथ वापसी कर रहे हैं तो आपने इस पूरे अनुभव से क्या सीखा और क्या ऐसी चीजें हैं जिन्हें आप भूलना चाहेंगे?
शरद: मैंने सीखा है कि आपको अपने काम को बहुत गंभीरता से लेना चाहिए. यह आसान नहीं है. रोजी-रोटी कमाना भी बहुत मुश्किल काम है. मैंने यह भी सीखा है कि बुरे वक्त के लिए आपके पास अपनी बचत होनी चाहिए. आपको नहीं पता कि किसका अच्छा वक्त कब आएगा और किसका बुरा वक्त कब शुरू हो जाएगा.
भगवान की कृपा से बड़े-बड़े कलाकार और नेता भी बुरे दौर से गुजरते हैं. इसलिए अपने परिवार के लिए और उन लोगों के लिए बचत रखना बहुत जरूरी है, जो आपसे प्यार करते हैं और जिन्हें आप जरूरत पड़ने पर मदद करना चाहते हैं. मेरे हिसाब से यह सबसे महत्वपूर्ण बात है.
सवाल: इस पूरे दौर में आपने एक इंटरव्यू में अपनी पार्टनर के सहयोग का भी जिक्र किया था. क्या आप इस बारे में कुछ कहना चाहेंगे?
शरद: नहीं, अभी मैं इस बारे में व्यक्तिगत बातें नहीं करना चाहता.
सवाल: आपने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री को अक्सर असंवेदनशील और बेरहम कहा जाता है. लेकिन आपकी मदद के लिए जिस तरह लोग आगे आए हैं, उसे देखकर आप क्या कहना चाहेंगे?
शरद: मैंने आज तक ऐसा नहीं देखा कि किसी दूसरे कलाकार को मदद की जरूरत पड़ी हो और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों ने उसकी मदद न की हो. मैंने तो कभी ऐसा नहीं देखा. हर जगह के लोग मदद के लिए आगे आते हैं. जावेद साहब हों या दूसरे लोग, सभी ने अपना प्यार दिखाया है.
सवाल: सोनू सूद आपसे मिलने आए थे?सोनू ने आपसे क्या कहा?
शरद: सोनू ने मुझसे कहा कि तुम्हें जो भी चाहिए, बताना. तुम मेरे भाई हो, मेरे बड़े भाई हो. जब भी तुम्हें किसी चीज की जरूरत होगी, मैं हमेशा तुम्हारे साथ हूं. इस तरह का प्यार और अपनापन ही आपको फिर से खड़े होने की प्रेरणा देता है. दरअसल, लोगों के इसी प्यार और प्रेरणा ने मुझे फिर से काम करने के लिए तैयार किया है. अब सब कुछ अच्छा लग रहा है.
सवाल: क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड को जिस तरह बदनाम किया जाता है, फिल्म इंडस्ट्री वास्तव में वैसी नहीं है?
शरद: बिल्कुल भी नहीं. जीरो प्रतिशत. आपको कैसे पता चलेगा कि कोई दूसरा कलाकार किस परेशानी से गुजर रहा है? क्या आप हर कलाकार के पास जाकर पूछेंगे कि उसकी तबीयत कैसी है? अगर आपका कोई पत्रकार दोस्त बीमार है तो आप उसके पास जाएंगे, लेकिन हर कलाकार के बारे में आपको कैसे पता चलेगा? जब तक किसी को जानकारी नहीं होगी, वह मदद कैसे करेगा? मेरे मामले में भी बाहर के लोगों को कुछ पता नहीं था. अब जब उन्हें पता चला है तो वे आगे आ रहे हैं. यही लोगों का प्यार है.
सवाल: आपने पिछले दो साल के संघर्ष के बारे में बात की है. आपने एक इंटरव्यू में यह भी बताया था कि कुछ दिन ऐसे थे जब आप खाना तक नहीं खाते थे. क्या यह सच है?
शरद: हां, मैंने खाना नहीं खाया था, लेकिन मैंने कभी इसकी शिकायत नहीं की. मैंने सोचा कि शायद मेरी किस्मत में यही लिखा है. ऐसा नहीं था कि खाना बिल्कुल नहीं था. कई बार मन ही नहीं करता था. आज भी कभी-कभी ऐसा होता है. भूख बहुत लगी होती है, खाना भी आ जाता है, लेकिन फिर भी खाने का मन नहीं करता. शायद इसकी वजह यह थी कि मैं मानसिक रूप से ठीक नहीं था. लेकिन अब सब ठीक है.
सवाल: आपको खाने में सबसे ज्यादा क्या पसंद है?
शरद: मछली और चावल. यह मेरा सबसे पसंदीदा खाना है.
सवाल: आपके पैर की चोट अब कैसी है?
शरद: अभी ठीक है. लेकिन एक बार अच्छी तरह जांच हो जाए तो मैं पूरी तरह ठीक हो जाऊंगा.
सवाल: क्या आज आप इलाज के लिए जा रहे हैं?
शरद: हां, अब जांच और इलाज करवाना है.
सवाल: आपने यह भी कहा था कि जिस घर में हम अभी बैठे हैं, उसे बेचकर आप कोई छोटा घर खरीदना चाहते हैं. क्या इस बारे में कोई फैसला लिया है?
शरद: अभी इस बारे में कुछ तय नहीं किया है. जब मैं पूरी तरह ठीक हो जाऊंगा तो आपको इस बारे में पूरी जानकारी दे दूंगा.
सवाल: तो अब अगली मुलाकात कब होगी?
शरद: बहुत जल्द.
सवाल: मेकओवर के बाद?
शरद: हां, मेकओवर के बाद.
सवाल: आपका बहुत-बहुत धन्यवाद आपसे जल्द मुलाकात होगी.
शरद: आपका भी बहुत-बहुत धन्यवाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं