दूरदर्शन के दौर में कई ऐसे टीवी सीरियल आए, जिन्होंने दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई. इन शोज की कहानियां इतनी सादगी से भरी होती थीं कि लोग खुद को उनसे जुड़ा हुआ महसूस करते थे. ऐसा ही एक सीरियल साल 1987 में आया था, जिसका नाम ‘कच्ची धूप' था. तीन बहनों और उनकी मां की जिंदगी पर आधारित इस शो को दर्शकों ने खूब पसंद किया था. दिलचस्प बात यह है कि इस सीरियल से बॉलीवुड की एक ऐसी अभिनेत्री को पहचान मिली, जो आगे चलकर सलमान खान के साथ सुपरहिट फिल्म देकर रातोंरात स्टार बन गईं. आज भी इस शो को याद किया जाता है और IMDb पर इसे 8.8 की शानदार रेटिंग मिली हुई है.
‘रामायण' के बीच भी बनाई अपनी अलग पहचान
साल 1987 में दूरदर्शन पर टेलीकास्ट हुए ‘कच्ची धूप' का निर्देशन अमोल पालेकर ने किया था. उस समय टीवी पर रामानंद सागर की ‘रामायण' का जबरदस्त क्रेज था. रविवार की सुबह लोग रामायण देखने के लिए टीवी के सामने बैठ जाते थे. ऐसे माहौल में किसी दूसरे सीरियल के लिए दर्शकों का ध्यान खींचना बड़ी बात थी. हालांकि, ‘कच्ची धूप' ने अपनी अलग कहानी और सादगी भरे अंदाज से लोगों के बीच जगह बना ली. इस शो की खासियत इसका घरेलू माहौल और रिश्तों को खूबसूरती से दिखाने का तरीका था.
तीन बहनों और मां की कहानी ने जीता दिल
‘कच्ची धूप' की कहानी तीन बहनों और उनकी मां के इर्द-गिर्द बुनी गई थी. इसमें परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी, बहनों की आपसी नोकझोंक, उनकी शरारतें और मां के साथ उनके रिश्तों को दिखाया गया था. शो में न तो जरूरत से ज्यादा ड्रामा था और न ही कहानी को दिलचस्प बनाने के लिए बड़े-बड़े ट्विस्ट डाले गए थे. इसकी सादगी ही दर्शकों को पसंद आई. यही वजह थी कि हर उम्र के लोग इस सीरियल से जुड़ाव महसूस करते थे.
भाग्यश्री के करियर की पहली सीढ़ी बना सीरियल
बहुत कम लोग जानते हैं कि बॉलीवुड अभिनेत्री भाग्यश्री ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत इसी सीरियल से की थी. उस वक्त वह महज 18 साल की थीं. ‘कच्ची धूप' में उनके काम को पसंद किया गया और उन्हें टीवी की दुनिया में पहचान मिली. इसके बाद उनके लिए फिल्मों के दरवाजे भी खुल गए.
सलमान खान के साथ पहली फिल्म ने बदल दी किस्मत
टीवी पर पहचान बनाने के करीब दो साल बाद भाग्यश्री को सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘मैंने प्यार किया' में काम करने का मौका मिला. साल 1989 में रिलीज हुई इस फिल्म में वह सलमान खान के साथ नजर आईं. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई और भाग्यश्री रातोंरात बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं. हालांकि, उनकी इस कामयाबी की शुरुआत दूरदर्शन के उसी सीरियल ‘कच्ची धूप' से हुई थी, जिसे आज भी पुराने दर्शक याद करते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं