कंगना रनौत बॉलीवुड की उन एक्ट्रेस में गिनी जाती हैं जिन्होंने अपने दम पर कई बड़ी फिल्में हिट कर दिखाई हैं. खासकर तनु वेड्स मनु रिटर्न्स ने उन्हें बॉक्स ऑफिस की सबसे मजबूत फीमेल स्टार्स में शामिल कर दिया था. लेकिन दिलचस्प बात ये है कि 2015 में आई इस सुपरहिट फिल्म के बाद कंगना को वैसी बड़ी कामयाबी नहीं मिली. अब उनकी नई फिल्म भारत भाग्य विधाता 12 जून 2026 को रिलीज होने जा रही है. ऐसे में फैंस और ट्रेड एक्सपर्ट्स की नजर इस बात पर है कि क्या ये फिल्म कंगना के लंबे हिट सूखे को खत्म कर पाएगी.
2015 के बाद लगातार संघर्ष करती दिखीं कंगना
22 मई 2015 को रिलीज हुई तनु वेड्स मनु रिटर्न्स ने भारत में करीब 150 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन किया था और ये कंगना के करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल है. हालांकि इसके बाद उनकी फिल्मों का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा.आई लव एनवाई महज 1.54 करोड़ रुपये कमा सकी. कट्टी बट्टी से भी बड़ी उम्मीदें थीं. लेकिन फिल्म फ्लॉप साबित हुई. इसके बाद रंगून और सिमरन जैसी फिल्मों ने भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कोई कामयाबी हासिल नहीं की.
ये भी पढ़ें: बिना एक पैसा खर्च किए देखें 7 दिमाग हिला देने वाली थ्रिलर मूवीज, यूट्यूब पर हैं बिल्कुल फ्री
‘मणिकर्णिका' ने दिखाई उम्मीद की किरण
2019 में रिलीज हुई मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी कंगना के लिए राहत लेकर आई. फिल्म ने लगभग 92 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया और इसे औसत से बेहतर प्रदर्शन करने वाली फिल्म माना गया. हालांकि ये तनु वेड्स मनु रिटर्न्स जैसी बड़ी हिट नहीं बन सकी. उसी साल आई जजमेंटल है क्या भी बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई. इसके बाद पंगा को क्रिटिक्स की तारीफ मिली. लेकिन कमाई के मामले में फिल्म पीछे रह गई.
🚨 Kangana Ranaut's India Nett Lifetime Box Office-
— Neha tiwari (@Neha_tiwarix) June 4, 2026
✅ Last SUPER-HIT → Tanu Weds Manu Returns (22 May 2015) - ₹150.8 Cr
After that:
- I Love NY (10 Jul 2015) - ₹1.54 Cr (Flop)
- Katti Batti (18 Sep 2015) - ₹24.41 Cr (Flop)
- Rangoon (24 Feb 2017) - ₹20.68 Cr (Flop)
-… pic.twitter.com/JDTZj9M8Em
हाल के सालों में और बढ़ीं चुनौतियां
कोविड के बाद रिलीज हुई थलाइवी को दर्शकों का वैसा समर्थन नहीं मिला जैसा उम्मीद की जा रही थी. इसके बाद धाकड़ और तेजस जैसी फिल्मों का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा. दोनों फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर बड़े झटके के रूप में देखा गया. 2025 में रिलीज हुई इमरजेंसी भी चर्चा में तो रही. लेकिन कमाई के मामले में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी. इससे कंगना की बॉक्स ऑफिस पर हालत को लेकर सवाल और तेज हो गए.
‘भारत भाग्य विधाता' पर टिकी हैं निगाहें
अब कंगना की उम्मीदें भारत भाग्य विधाता पर टिकी हुई हैं. फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. शुरुआती बज को देखते हुए फिल्म को लेकर काफी एक्साइटमेंट जरूर दिखाई दे रही है. लेकिन किसी फिल्म की कामयाबी आखिरकार उसके कंटेंट, दर्शकों की प्रतिक्रिया और वर्ड ऑफ माउथ पर ही डिपेंड करती है. अगर फिल्म की कहानी दर्शकों से जुड़ती है और पॉजिटिव रिएक्शन मिलते हैं. तो कंगना के लिए ये बड़ा कमबैक साबित हो सकती है. वहीं अगर कंटेंट कमजोर रहा, तो बॉक्स ऑफिस पर चुनौतियां बरकरार रह सकती हैं.
क्या खत्म होगा 11 साल का इंतजार?
फिलहाल इस सवाल का जवाब रिलीज के बाद ही मिलेगा. लेकिन इतना तय है कि भारत भाग्य विधाता कंगना रनौत के करियर की सबसे अहम फिल्मों में से एक बन चुकी है. करीब 11 साल से सुपरहिट का इंतजार कर रहीं कंगना के फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि ये फिल्म उनके लिए नई शुरुआत साबित होगी. अब देखना दिलचस्प होगा कि 12 जून को दर्शक इस फिल्म को कितना प्यार देते हैं और क्या कंगना आखिरकार एक और बड़ी हिट अपने नाम कर पाती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं