बॉलीवुड में एक बार फिर पुरानी यादें ताजा हो गई हैं. एक्टर इमरान हाशमी, गायक-संगीतकार हिमेश रेशमिया और निर्देशक आदित्य दत्त की टीम दोबारा साथ आई है. उनकी नई फिल्म ‘गनमास्टर जी9' का पहला गाना 'अफसाना बनाया आपने' आज रिलीज हो गया है. जो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 'अफसाना बनाया आपने' सुनते ही 2000 का दशक याद आ जाता है. जब उनके हर एक गाने का हर कोई दीवाना हो गया है.
'अफसाना बनाया आपने' गाना सुनते ही फैंस को 2005 की हिट फिल्म 'आशिक बनाया आपने' याद आ जाती है. उस समय भी यही टीम थी और हिमेश ने उसी अंदाज में गाना गाया था. करीब 21 साल बाद हिमेश ने फिर ऊंचे और लंबे सुर लगाए हैं. गाने के बोल भी उन्होंने खुद लिखे हैं. लीड सिंगर असीस कौर हैं.
Gen-Z बनाने लगेंगे रील
'अफसाना बनाया आपने' गाने में इमरान हाशमी और जेनेलिया डिसूजा नजर आते हैं. इमरान एकतरफा प्यार करने वाले किरदार में हैं. वे जेनेलिया के पीछे-पीछे घूमते दिखते हैं और कई जगह उनकी रक्षा भी करते हैं. 'अफसाना बनाया आपने' के अंत में दोनों के बीच हल्का रोमांस भी दिखाया गया है. कुल मिलाकर गाना इमरान के फैंस के लिए खास है और सुनकर कहा जा सकता है कि Gen-Z इस पर जमकर रील बनाने वाले हैं.
इमरान हाशमी 'अफसाना बनाया आपने' को लेकर कहते हैं,'हिमेश, आदित्य और मेरे फिर से साथ आने में बहुत नॉस्टैल्जिया है. लेकिन मकसद पुरानी चीज दोहराना नहीं था. 'अफसाना बनाया आपने' की अपनी भावना है और फिल्म में इसका अपना स्थान है. यही इस दोबारा मुलाकात को खास बनाता है.'
फिल्म के बारे में
निर्देशक आदित्य दत्त ने बताया कि संगीत पर आठ-नौ महीने काम किया गया. सबने साथ बैठकर तैयारी की, लिखा और बनाया. यह प्रक्रिया बहुत अच्छी रही. हिमेश रेशमिया ने कहा कि फिल्म की कहानी के मुताबिक गाने बनाना चुनौती भरा था, लेकिन अच्छी धुनें मिल गईं. आदित्य के साथ काम करना हमेशा खुशी देता है क्योंकि उन्हें संगीत की अच्छी समझ है.
फिल्म ‘गनमास्टर जी9' एक एक्शन-ड्रामा है. इसमें इमरान हाशमी ‘ईश्वर', जेनेलिया ‘आरती' और अपारशक्ति खुराना ‘देसू' के किरदार में हैं. प्रोड्यूसर्स दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहीर हैं. फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनिया भर में रिलीज होगी.
ये भी पढ़ें; 48 साल पुराना वो गाना जिसने रखा अमीर खुसरो की 700 साल पुरानी ब्रजभाषी कविता को आज तक जिंदा,लता-आशा की आवाज में अमर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं