फिल्म निर्माता सूरज बड़जात्या का कहना है कि 'धुरंधर' और 'पुष्पा' जैसी एक्शन और मनोरंजन से भरपूर फिल्मों का अपना आकर्षण है, लेकिन उनकी नयी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' जैसी पारिवारिक फिल्मों की मांग हमेशा बनी रहेगी. बड़जात्या से बुधवार को फिल्म के ट्रेलर जारी किए जाने के मौके पर पूछा गया कि जब 'धुरंधर' और 'पुष्पा' जैसी भव्य फिल्में बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई हैं, तो ऐसे समय में पारिवारिक फिल्म बनाना क्या जोखिम भरा फैसला है. इस पर उन्होंने सिनेमा की दुनिया की तुलना भारतीय थाली से की, जिसमें हर तरह के व्यंजन परोसे जाते हैं. उन्होंने कहा, ''धुरंधर' अपने आप में एक बेहतरीन फिल्म है लेकिन इसी के साथ ही कभी-कभी कुछ अलग देखने का भी मन करता है.
सूरज बड़जात्या ने कही ये बात
सूरज बड़जात्या ने कहा, ‘‘अगर 'धुरंधर' जैसी फिल्में हैं, तो 'ये प्रेम मोल लिया' जैसी फिल्में भी होनी चाहिए. दोनों तरह की फिल्मों की अपनी मांग है. अब मुझे इसी तरह का सिनेमा बनाना आता है, तो मैं क्या कर सकता हूं.'' जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दें कि फिल्म निर्माता ने 'मैंने प्यार किया', 'हम आपके हैं कौन..!', 'विवाह' और 'प्रेम रतन धन पायो' जैसी पारिवारिक मनोरंजक फिल्मों का निर्देशन किया है.
ये प्रेम मोल लिया के बारे में
फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिका में हैं. यह फिल्म एक नवविवाहित महिला से जुड़ी पारंपरिक उम्मीदों को चुनौती देती है, जो अपने पति के घर जाने के बजाय अपने माता-पिता के साथ रहने का फैसला करती है. सलमान खान के पिछली कई फिल्मों में 'प्रेम' नाम का किरदार निभाने के बाद अब इस भूमिका के लिए आयुष्मान खुराना को चुनने के बारे में बड़जात्या ने कहा कि वह ऐसे अभिनेता की तलाश में थे, जो संवेदनशीलता के साथ कुछ सामाजिक मान्यताओं पर सवाल उठा सके.
निर्देशक ने खुराना की 'बाला' और 'ड्रीम गर्ल' जैसी फिल्मों का उदाहरण देते हुए कहा, 'इस फिल्म में 'प्रेम' अपने ही कोमल अंदाज में कुछ खास चीजों पर सवाल उठाता है। जब यह विषय मेरे पास आया, तो मेरे दिमाग में केवल आयुष्मान ही थे। यदि आप उनकी फिल्मों और व्यक्तिगत रूप से उन्हें देखें, तो आयुष्मान का एक स्पष्ट दृष्टिकोण है और वह इसे बेहद सरलता के साथ व्यक्त करते हैं.'
ये भी पढ़ें- मराठी गाना, यूट्यूब पर 2024 हुआ पॉपुलर, बॉलीवुड ने 2026 में बनाया सुपरहिट, गांव की छोरे ने की प्रेमिका की तारीफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं