अभिनेता अक्षय ओबेरॉय ने प्रकाश झा की बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज ‘आश्रम 4' की कास्ट जॉइन कर ली है और उन्होंने नए सीजन की शूटिंग भी शुरू कर दी है. हालांकि उनके किरदार से जुड़ी जानकारी अभी पूरी तरह गुप्त रखी गई है, लेकिन सीरीज में उनकी एंट्री ने फैन्स के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है. प्रकाश झा की ‘आश्रम' साल 2020 में पहले सीज़न के रिलीज़ होने के बाद से ही भारतीय OTT की सबसे चर्चित वेब सीरीज़ में शामिल रही है. बॉबी देओल ने इसमें खुद को भगवान बताने वाले बाबा निराला का किरदार निभाया था. दमदार कहानी, अलग-अलग परतों वाले किरदार और शानदार अभिनय के कारण यह सीरीज जल्द ही दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हो गई.
चौथे सीजन की शूटिंग हुई शुरू
पिछले सीजन्स की सफलता के बाद अब ‘आश्रम' अपने चौथे सीजन के साथ वापसी के लिए तैयार है. हाल ही में एक मुहूर्त समारोह के बाद नए सीजन की शूटिंग शुरू हुई, जिसके साथ निर्देशक प्रकाश झा ने इस बहुप्रतीक्षित सीरीज पर काम शुरू कर दिया है. इसी बीच अक्षय ओबेरॉय ने ‘आश्रम 4' की कास्ट में एंट्री की है. अभिनेता सीरीज में एक महत्वपूर्ण और दिलचस्प किरदार निभाते नजर आएंगे. हालांकि मेकर्स ने उनके किरदार से जुड़ी जानकारी फिलहाल गुप्त रखी है. अक्षय की एंट्री से सीरीज की कहानी में एक नया पहलू जुड़ने की उम्मीद है और दर्शक यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि उनका किरदार ‘आश्रम' की दुनिया में किस तरह फिट होता है.
ये भी पढ़ें: Aashram 4: खत्म नहीं हुआ बाबा निराला और भोपा स्वामी का खेल, आश्रम 4 को लेकर आ गई ये बड़ी खबर
अक्षय ने फिल्मों और OTT में लगातार अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं. ‘टॉक्सिक' और ‘लव लॉटरी' जैसे उनके हालिया प्रोजेक्ट्स में भी उनके अभिनय के अलग-अलग रंग देखने को मिले हैं. ऐसे में ‘आश्रम' की दुनिया में उनकी एंट्री दर्शकों को उनके अभिनय का एक और नया पहलू देखने का मौका देगी. अक्षय ने सोशल मीडिया के जरिए भी सीरीज का हिस्सा बनने की जानकारी साझा की और इस चर्चित फ्रेंचाइजी से जुड़ने को लेकर अपनी खुशी जाहिर की.
आश्रम का हिस्सा बनकर काफी खुश हैं अक्षय
‘आश्रम 4' का हिस्सा बनने को लेकर अक्षय ओबेरॉय ने कहा, ‘आश्रम' जैसी सीरीज का हिस्सा बनना मेरे लिए वाकई बहुत उत्साहित करने वाला है, क्योंकि इस शो ने पिछले कुछ सालों में अपनी एक अलग और मज़बूत दुनिया बनाई है. प्रकाश झा सर का कहानियां कहने का अंदाज़ बहुत अलग है और इस दुनिया के किरदार कभी भी सीधे और एक जैसे नहीं होते. जब मुझे अपने किरदार के बारे में बताया गया, तो मैं तुरंत इसके बारे में जानने के लिए उत्सुक हो गया. अभी मैं अपने किरदार के बारे में ज़्यादा कुछ नहीं बता सकता, क्योंकि इसकी जानकारी गुप्त रखी गई है. लेकिन इतना ज़रूर कह सकता हूं कि यह ऐसा किरदार है, जिसने मुझे चुनौती दी और इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने के लिए बेहद उत्साहित किया. मैं इस दुनिया का हिस्सा बनने और प्रकाश झा सर के साथ पूरी टीम के साथ काम करने के लिए बहुत उत्साहित हूं.”
अक्षय ओबेरॉय के कास्ट में शामिल होने और शूटिंग शुरू होने के साथ ‘आश्रम 4' को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है. मेकर्स ने नए किरदारों और कहानी से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियों को अभी पर्दे के पीछे रखा है. ऐसे में अक्षय की एंट्री इस चर्चित फ्रेंचाइजी में एक नया और दिलचस्प ट्विस्ट जोड़ने का वादा करती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं