श्वेता त्रिपाठी के लिए ‘मिर्जापुर' की गोलू गुप्ता सिर्फ एक किरदार नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी और करियर का अहम हिस्सा बन चुकी है. करीब नौ साल तक इस किरदार को निभाने के बाद अब ‘मिर्जापुर: द मूवी' में भी उन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार मिला. हाल ही में श्वेता ने NDTV को इंटरव्यू दिया, जहां उन्होंने कई दिलचस्प बातें बताई. श्वेता के मुताबिक, फिल्म बनाते समय पूरी टीम का फोकस सिर्फ दर्शकों को एंटरटेन करने और उनसे दिल से जुड़ने पर था. उनके लिए फिल्म की सफलता से ज्यादा मायने यह रखता है कि लोग उन्हें आज भी ‘गोलू' और ‘गोलू दीदी' कहकर बुलाते हैं. हालांकि, ‘मिर्जापुर' के अलावा भी इस साल कुछ ऐसी फिल्में हैं, जिन्हें श्वेता ने पसंद किया और जिनका उन्होंने खास तौर पर जिक्र किया.
गोलू के पुराने अंदाज में लौटना था सबसे मुश्किल
श्वेता ने बताया कि नौ साल के सफर में गोलू ने कई करीबी लोगों को खोया और उसके सपने और मासूमियत भी कहीं पीछे छूट गई. ऐसे में फिल्म में उसे फिर से उसी पुरानी, खुशमिजाज और चुलबुली गोलू के रूप में पेश करना उनके लिए सबसे चुनौतीपूर्ण था. शूटिंग के पहले दिन श्वेता थोड़ी घबराई हुई थीं कि वह सीजन 1 वाली गोलू को दोबारा कैसे पर्दे पर लाएंगी. लेकिन जैसे ही उन्होंने स्क्रिप्ट पढ़ी, पुराने किरदार की सारी यादें उनके अंदर वापस आ गईं. उन्हें लगा कि गोलू का वही पुराना व्यक्तित्व अपने आप उनके अंदर लौट आया है.
श्वेता के लिए वेब सीरीज और फिल्म का अनुभव भी अलग रहा. सीरीज में उन्हें गोलू के किरदार को अलग-अलग भावनाओं के साथ विकसित करने का मौका मिला, जबकि फिल्म में बड़े पर्दे पर दर्शकों की सीटियों और तालियों का अनुभव उन्हें बेहद खास लगा. उन्होंने बताया कि थिएटर में दर्शकों को सीटी बजाते और हूटिंग करते देखकर वह खुद भी उनके साथ डांस करने लगी थीं.
जब एयरपोर्ट पर अनजान लोगों ने बताया- ‘ये बहुत बड़ी स्टार हैं'
इसके साथ ही श्वेता ने अपने एक खास अनुभव को भी याद किया. श्वेता ने बताया कि जब वह टोरंटो एयरपोर्ट पर TIFF के लिए पहुंची तब एक गैर-भारतीय महिला ने उनसे उनके काम के बारे में पूछा. तभी वहां मौजूद कुछ भारतीय लोग बातचीत में शामिल हो गए और उस महिला को बताने लगे कि श्वेता भारत में कितनी लोकप्रिय हैं. श्वेता के लिए यह बेहद भावुक पल था. उन्हें लगा कि जैसे पूरा देश उनके साथ उनकी सफलता का जश्न मना रहा है.
‘मिर्जापुर' के अलावा इन फिल्मों को पसंद करती हैं श्वेता
जब श्वेता से पूछा गया कि ‘मिर्जापुर' के अलावा इस साल उन्हें कौन सी फिल्में या शो पसंद आए, तो उन्होंने कई नाम गिनाए. उन्होंने ‘Dorothy' को लेकर उत्सुकता जाहिर की और कहा कि वह इस फिल्म को जरूर देखना चाहती हैं. इसके अलावा उन्हें ‘द ओडिसी' भी काफी पसंद आई. श्वेता ने हॉलीवुड फिल्मों का भी जिक्र किया. वह अभिनेता रयान गोसलिंग की बड़ी फैन हैं और इसी वजह से ‘प्रोजेक्ट हेल मैरी' को लेकर भी उनकी खास दिलचस्पी है. उन्हें एनिमेशन पसंद है, इसलिए उन्होंने ‘मिनीयंस' का भी मजा लिया. इसके अलावा उन्होंने ‘डिस्क्लोजर डे' का नाम भी अपनी पसंदीदा फिल्मों में लिया.
एक्टिंग के साथ प्रोडक्शन में भी आगे बढ़ रही हैं श्वेता
श्वेता ने साफ किया कि प्रोड्यूसर बनने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि उनका एक्टिंग से मन भर गया है. उनके मुताबिक एक्टिंग उनके खून में है और बचपन से ही उन्हें स्टेज अपनी ओर खींचता था. स्कूल के दिनों में पृथ्वी थिएटर फेस्टिवल देखने से लेकर म्यूजिकल ‘ग्रैफिटी' का हिस्सा बनने तक, उनका झुकाव हमेशा परफॉर्मिंग आर्ट्स की तरफ रहा.
प्रोडक्शन में आने की वजह वह अपने आसपास की उन कहानियों को बताना मानती हैं, जिन्हें सामने आना चाहिए. वह चाहती हैं कि दूसरे कलाकारों और क्रिएटर्स की प्रतिभा को भी दुनिया के सामने लाया जाए.
अब वह एक नए नाटक की तैयारियों में भी व्यस्त हैं, जिसका मंचन 12 नवंबर को पृथ्वी थिएटर में होना है. इसके बाद नाटक को दिल्ली, लखनऊ, कोलकाता और अहमदाबाद जैसे शहरों में भी ले जाने की तैयारी है. श्वेता के मुताबिक, यह कहानी एक सच्ची घटना पर आधारित है और इसके लिए लगातार रिहर्सल चल रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं