म्यूजिक डायरेक्टर सिंगर अनु मलिक (Anu Malik) आज के समय किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. उन्होंने बॉलीवुड की काफी सुपरहिट फिल्मों में गाने गाए. अनु मलिक की फैन फॉलोइंग एक अलग ही स्तर पर है. जहां उन्होंने अपने गानों से अपने फैंस को इंप्रेस किया है. 90 के दौर में अनु मलिक ने उस वक्त के सारे बड़े सिंगर को पीछे छोड़ दिया था और बॉलीवुड में खुद को स्थापित किया. हाल ही में अनु मलिक किशोर दा के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भोपाल आए. जहां उन्होंने एनडीटीवी से बात की और कई पहलुओं पर खुलकर चर्चा की.
आवाज में क्या जादू
अनु मलिक ने कहा कि किशोर कुमार का जन्म मध्य प्रदेश के खंडवा में हुआ था. जब मुझे इस शो के लिए बुलाया गया और इस पूरे कार्यक्रम के बारे में बताया गया तो मैं भावुक हो गया. आज किशोर दा का जन्मदिन हर कोई सेलिब्रेट कर रहा है. हर एक प्रांत में लोग जन्मदिन को मना रहे हैं. अगर मैं भोपाल की बात करूं तो यहां तमीज के साथ-साथ मोहब्बत भी है. जहां यह सब चीजे होती हैं, उस शहर का नाम भोपाल है. मैं किशोर दा की जन्मस्थली खंडवा जाना चाहता हूं और वहां अपना माथा टेकना चाहता हूं. मैं उनके माता-पिता को नमन करना चाहता हूं. वैसे मैं लता और आशा जी का बहुत बड़ा दीवाना हूं. किशोर दा से मैंने काफी कुछ सीखा है. जब कोई 18 साल का लड़का उनके गाने गाता है तो अच्छा लगता है. आज किशोर दा को जाए हुए 40 साल हो गए हैं. मैंने उनके साथ काम किया है. अगर आप दर्द या खुशी में हैं तो किशोर दा आपके साथ हैं. आप उनके दर्द भरे और खुशी भरे गाने सुनते हैं. किशोर दा ने हर रंग में गाने गाए हैं. किशोर दा कहीं जा ही नहीं सकते. आज भी लोग कहते हैं कि उनकी आवाज में क्या जादू था.
दिल के करीब
सिंगर ने कहा कि जब भी मैं कोई गाना रिकॉर्ड करता हूं तो उसको सुनता नहीं हूं. जब गाना पूरा हो जाए तो आप मुझे ढूंढ ही नहीं सकते. मैं गाने बना लेता हूं, फिर मुझे गाने याद नहीं रहते. एक गाना है जो मेरी अंतरात्मा से कभी नहीं निकल सकता. वह 'बॉर्डर' का 'संदेसे आते हैं' है. जब मैं 18 साल का था, उस वक्त मैंने काफी बड़ी फिल्मों के लिए गाने गाए थे जिसमें जुड़वा और तमाम फिल्मों के नाम शामिल हैं. जेपी दत्ता जी और उनके पिताजी मेरे पास आए थे. इस गाने को जावेद अख्तर साहब ने लिखा है. अगर कोई मुझसे पूछेगा अपने देश को कितने प्यार करते हैं तो मैं कहूंगा कि 'संदेसे आते हैं' सुन रहा हूं (यह कहते वक्त अनु मलिक भावुक नजर आए), फिर सिंगर ने कहा कि मैं बार-बार चिल्लाकर कहता हूं कि भारत जैसा कोई दूसरा देश हो ही नहीं सकता. गाने में एक लाइन है जिसमें एक्ट्रेस राखी अपने बेटे का इंतजार कर रही हैं. वो इतनी भावुक लाइन है, जितना कहूं उतना कम है.
कभी फिल्में ऑफर हुईं?
सिंगर ने कहा कि फिल्मों में एक्टिंग करना बहुत ही मुश्किल है, एक्टर का काम भी बहुत ही मुश्किल है. बचपन में जब मैं आईने के सामने खुद को देखता था तो मुझे लगता था कि मैं अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार नहीं बन सकता. इसका कारण है कि जितने भी एक्टर हैं, वो बहुत शानदार हैं. मैंने बचपन में आईने के सामने एक डायलॉग पढ़ा. मुझे लगता है कि कभी आईना झूठ नहीं बोलता. मैं डायलॉग बोलने के बाद हंसने लगा. इसके बाद मैंने अपना म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट खोला और कहा कि सरस्वती मां ने जो तुझे गाने की कला दी है, वही कर. सिंगर बहुत ही अकेला होता है, क्योंकि जब वह अकेला होता है, तभी कुछ नया क्रिएट करता है. बस इतना कहूंगा कि वही काम करो जो आपको आता है. अगर मुझे कभी एक्टिंग करने का मौका मिलेगा तो कोई साइड रोल करूंगा.
ये भी पढ़ें: रामानंद सागर की 'रामायण' के सबसे महंगे एक्टर थे अरुण गोविल, अब 'रामायणम्' में दशरथ बनकर ली इतनी फीस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं