बिहार की राजधानी पटना में अटल पथ पर कल रात हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं. दुर्घटना का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि स्कॉर्पियो 200 मीटर तक लोगों को घसीटता रहा. गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कुछ दूर जाने के बाद कार भी पलट गई. लोगों ने घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया. घायलों में सभी बच्चे ही हैं, जिनकी उम्र 15 साल के आसपास बताई जा रही है. इसमें रणवीर कुमार, मोहित कुमार, दीपक, पीयूष, अमरजीत को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि वो हवा में उछलते हुए 80 मीटर दूर जाकर गिरी. घटना के वायरल वीडियो में लोग सड़क पर तड़पते दिख रहे हैं. बताया जा रहा है कि गाड़ी किसी जेडीयू नेता की है. घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण कार पलट गई.
घटना पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र की है. इस घटना के बाद दुर्घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों में सभी युवा हैं. ये सभी मेला देखने के लिए गए थे तभी दुर्घटना के शिकार हो गए. बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने बताया कि इस घटना में 7 लोग घायल हुए हैं. वहीं कुछ की जान भी गई है. उन्होंने कहा कि घटना के बाद फरार लोगों को पुलिस खोज रही है. जो भी इस घटना में शामिल होगा, उसे कड़ी सजा मिलेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं