सोशल मीडिया में रील बनाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है. वहीं, लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए लोग कुछ भी कर गुजर जा रहे हैं. लेकिन बिहार के वैशाली जिले की सलहा पंचायत की पिंकी देवी ने एक खतरनाक रील बनाया, जो मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. पिंकी देवी ने ट्रेन में लटकर खतरनाक वीडियो बनाया. लेकिन पिंकी देवी ने बताया कि उन्होंने यह खतरनाक रील लाइक और फॉलोअर्स के लिए नहीं की है. बल्कि उन्होंने ऐसी रील इसलिए बनाई है, ताकि उनके घर पुलिस दरोगा और नेता आएं. जिसके बाद उनसे बात कर सकूं.
पिंकी देवी ने बताया कि वह काफी समय से अपने गांव में सड़क निर्माण के लिए कई बार विधायकों से अपील की. लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. इसलिए जान जोखिम में डाल कर ट्रेन से लटककर खतरनाक वीडियो बनाया, जिससे पुलिस-दरोगा उनके घर आ सकें, तब मैं उनसे अपनी समस्या बता सकूं.
ट्रेन के दरवाजे पर लटक कर बनाया वीडियो
बताया जाता है कि पिंकी देवी रील्स और सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने की शौकीन हैं. लेकिन इस बार इस महिला ने सोशल मीडिया पर गांव की सड़क एवं मरीज, गर्भवती महिला की परेशानी के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डालकर चलती ट्रेन के गेट पर लटककर वीडियो शूटकर वायरल किया है. चलती ट्रेन के दरवाजे पर इस तरह लटककर वीडियो बनाना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा माना जा रहा है.
घर पर पुलिस नेता मंत्री आएंगे तो दूंगी जवाब
सोशल मीडिया पर लाइक, कमेंट और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में आजकल कई लोग खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं. मगर पिंकी देवी ने बताया की वीडियो देख कर मेरे घर नेता मंत्री और पुलिस आएगी तो हम जवाब देंगे और गांव की समस्या बताएंगे
विशेषज्ञों और सुरक्षा एजेंसियों का भी मानना है कि इस तरह के स्टंट न सिर्फ नियमों का उल्लंघन हैं. बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकते हैं. फिलहाल यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
हालांकि रेलवे ने X पर ट्वीट कर मामले को संज्ञान में लिया है. देखना होगा कि रेलवे प्रशासन इस मामले का संज्ञान लेकर कोई कार्रवाई करता है या नहीं. हालांकि सुरक्षा के लिहाज से ऐसे खतरनाक स्टंट से बचने की जरूरत है. क्योंकि कुछ सेकंड के लिए अपनी बात मनवाने के लिए जान जोखिम में डालना किसी को भी भारी पड़ सकता है.
यह भी पढ़ेंः बिहार: कुत्ते को बचाने के चक्कर में पलट गया गैस सिलेंडर से भरा ट्रक, टला बड़ा हादसा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं