विज्ञापन
This Article is From Jan 28, 2018

अभी 10 साल मेरे लिए दुआ मांगने की ज़रूरत नहीं : नीतीश कुमार

नीतीश के बयान से साफ़ है कि 2020 में भी वो मुख्यमंत्री की दौड़ में रहेंगे और सब कुछ सामान्य रहा तो मुक़ाबला उनके और तेजस्वी यादव के बीच होगा.

अभी 10 साल मेरे लिए दुआ मांगने की ज़रूरत नहीं : नीतीश कुमार
बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार (फाइल फोटो)
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं को अगले दस साल तक उनके स्वास्थ्य के बारे में चिंता नहीं करने की सलाह दी है. रविवार को पटना में मुख्यमंत्री आवास में आयोजित पार्टी के एक कार्यक्रम में जब एक महिला नेता ने यह कहा कि उनकी उम्र लग जाये और वो जुग जुग जिएं तब नीतीश कुमार ने कहा कि फ़िलहाल उनके लिए ये सब मांगने और दुआ करने की ज़रूरत नहीं है. अभी उनकी उम्र मात्र 66 साल हुई है और अगले दस साल तक वो आराम से काम कर सकते हैं. दस सालों के बाद हो सकता है कि उनको लोगों के स्वस्थ रहने की दुआ की ज़रूरत होगी.

नीतीश के बयान से साफ़ है कि 2020 में भी वो मुख्यमंत्री की दौड़ में रहेंगे और सब कुछ सामान्य रहा तो मुक़ाबला उनके और तेजस्वी यादव के बीच होगा. नीतीश के रविवार के इस बयान से उनकी पार्टी के कार्यकर्ता और नेता निश्चित रूप से राहत की सांस ले रहे होंगे क्‍योंकि पिछली बार उन्होंने राज्य कार्यकारिणी की बैठक में ही ये कह कर सनसनी फैला दी थी कि उनके बाद पार्टी का क्या होगा. वहीं पार्टी के नेता इस बात से खुश दिखे कि नीतीश ने अपने राजनीतिक भविष्य के बारे में विरोधियों और सहयोगियों दोनों को साफ़ कर दिया है कि फ़िलहाल उनका राजनीति और सत्ता से रिटायरमेंट का कोई इरादा नहीं. कम से कम वो फ़िलहाल दस साल तक अपने आप को शारीरिक और मानसिक रूप से सक्षम मानते हैं.

यह भी पढ़ें : बिहार में समय पर ही होंगे विधानसभा चुनाव - नीतीश कुमार

इस बैठक में नीतीश कुमार ने भाजपा के साथ सरकार बनाने के बाद कैसे सकारात्मक परिवर्तन हुआ उसके बारे में चर्चा करते हुए कहा कि अब उन्हें केंद्र में मंत्रियों के पास नहीं जाना पड़ता. बल्कि केंद्रीय मंत्री ही अब पटना आकर घंटों राज्य की लंबित परियोजनाओं की उनके साथ समीक्षा करते हैं. इस संबंध में सोमवार को केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और दो हफ़्ते बाद केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह की चर्चा की. नीतीश कुमार यह संदेश देना चाहते हैं कि सत्ता के लिए उन्होंने अपने आत्मसम्मान के साथ समझौता नहीं किया है.

VIDEO: प्राइवेट सेक्टर में भी होना चाहिए आरक्षण : नीतीश कुमार

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com