विज्ञापन
This Article is From Jan 28, 2018

जानिये नीतीश कुमार ने क्यों कहा कि अब ठंड के लिए भी मीडिया मुझे ही जिम्मेवार मानेगी

बिहार में 'पद्मावत' रिलीज नहीं होने के कारण आलोचकों के निशाने पर आने से सीएम नीतीश कुमार खफा हैं.

जानिये नीतीश कुमार ने क्यों कहा कि अब ठंड के लिए भी मीडिया मुझे ही जिम्मेवार मानेगी
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार. (फाइल फोटो)
पटना: बिहार में 'पद्मावत' रिलीज नहीं होने के कारण आलोचकों के निशाने पर आने से सीएम नीतीश कुमार खफा हैं. नीतीश कुमार की नाराजगी इस बात को लेकर है कि इस मुद्दे पर बेवजह उन्हें निशाना बनाया जा रहा है और मीडिया में उनके सरकार के सुशासन पर बेवजह सवाल उठाया जा रहा हैं. पार्टी के राज्य कार्यकारिणी की बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि अगर मीडिया का वश चलेगा तो इस साल अगर ठंड ज्यादा पड़ी है तो उसके लिए भी उन्हें ही जिम्मेवार माना जा सकता है. नीतीश के अनुसार न्यूज पोर्टल अपनी मनमर्जी से उनके खिलाफ कुछ भी लिख देते हैं.

यह भी पढ़ें : क्या 'पद्मावत' ने नीतीश कुमार के सुशासन के दावे की पोल खोल दी!

बिहार देश के कुछ उन गिने चुने राज्यों में से एक हैं जहां 'पद्मावत' सरकार के तमाम दावों के बावजूद कुछ जगहों को छोड़कर राजधानी पटना में भी रिलीज़ नहीं हुई. सरकार का दावा है कि सुरक्षा के वादे के बावजूद कोई सिनेमाघर मालिक फिल्म रिलीज करने के लिए तैयार नहीं हुआ. वहीं फिल्म के वितरकों का कहना है कि सरकार की कथनी और करनी में उन्हें अंतर दिखाई दे रहा था. हालांकि सोमवार से ये फिल्म कुछ मल्टीप्लेक्स में दिखाई जा सकती है.

यह भी पढ़ें : सीएम नीतीश ने जताई इच्छा, कर्पूरी ठाकुर को केंद्र सरकार भारत रत्न से नवाजे

बक्सर के नंदगांव की घटना की चर्चा करते हुए नीतीश ने कहा कि सरकारी वकील के विरोध नहीं करने के बावजूद वहां के स्थानीय कोर्ट में आरोपियों का जिसमें 8 महिला भी शामिल हैं जमानत याचिका खारिज हो गई. लेकिन इसमें सरकार क्या कर सकती हैं? उनके अनुसार सरकार ने अपने वादे के अनुसार किसी के जमानत का विरोध नहीं किया. इस बैठक में कुछ नेताओं ने जिला प्रशासन द्वारा जनता दल के मंत्रियों की तुलना में भाजपा के मंत्रियों को ज्यादा तरजीह देने का मामला उठाया. हालांकि नीतीश ने कहा कि किसी प्रसासन ने ऐसा किसी सुनियोजित तरीक़े से नहीं किया होगा. 

VIDEO : थियेटर में 'पद्मावत', सरकार दंडवत ?


बैठक में लालू यादव का नाम लिए बिना नीतीश ने पूरे लालू परिवार के बारे में व्यंग्य करते हुए कहा कि महागठबंधन का मतलब उन्होंने धनोपार्जन बना दिया था. जो उनके अनुसार एक सीमा के बाद बर्दाश्त के बाहर था. बक्सर में अपने ऊपर हुए हमले को भी उन्होंने सुनियोजित साजिश का परिणाम बताया.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com