- कई जिलों में CAA और NRC के खिलाफ अनिश्चितकालीन प्रदर्शन शुरू
- पटना के सब्जीबाग और फुलवारी शरीफ में इस तरह के प्रदर्शन 12 जनवरी से जारी
- कन्हैया कुमार ने धरनास्थल पहुंचकर बढ़ाया प्रदर्शनकारियों का उत्साह
दिल्ली के शाहीनबाग की तर्ज पर बिहार में भी कई जिलों में CAA और NRC के खिलाफ अनिश्चितकालीन प्रदर्शन शुरू हो गए है. राजधानी पटना के सब्जीबाग और फुलवारी शरीफ में इस तरह के प्रदर्शन 12 जनवरी से जारी है. सब्ज़ीबाग़ में संशोधित नागरिकता कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (NRC) के खिलाफ जारी अनिश्चितकालीन प्रदर्शन में आज अलग ही रूप देखने को मिला और हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की मिसाल कायम करते हुए मकर संक्रांति के अवसर पर धरने में शामिल लोगों ने एक साथ मिलकर दही-चूड़ा का सेवन किया. प्रदर्शनकारियों का उत्साह बुधवार की रात JNU के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष और भाकपा नेता कन्हैया कुमार ने धरनास्थल पहुंचकर बढ़ाया और "विभाजनकारी" कानून के खिलाफ अपने भाषण के दौरान "हम लेके रहेंगे आज़ादी" के नारे लगाए.
शाहीन बाग में अब कला के जरिए CAA और NRC का विरोध, देखें तस्वीरें
वहीं पटना के फुलवारी शरीफ में जारी अनिश्चितकालीन प्रदर्शन में बुधवार को बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी शामिल हुए. फुलवारी शरीफ में 21 दिसंबर को विपक्षी दलों द्वारा CAA के खिलाफ बुलाए गए बंद में भाग लेने गए एक स्थानीय युवक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई थी. बिहार के मुस्लिम बहुल किशनगंज जिले में बुधवार से अनिश्चितकालीन धरने को स्थानीय सांसद मोहम्मद जावेद और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इस्लाम शामिल हुए.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा मुख्यालय बिहार शरीफ में काशीपुर टाकिया इमामबाड़ा के पास और समस्तीपुर, नवादा आदि जिलों में भी लोगों का CAA और NRC के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी है. उल्लेखनीय है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह CAA के समर्थन में शुक्रवार को वैशाली जिले में एक रैली को संबोधित करने वाले हैं.
(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं