विज्ञापन
This Article is From Nov 01, 2018

मुजफ्फरपुर शेल्टर होम मामले में नीतीश से भी पूछताछ करे सीबीआई : आरजेडी

आरजेडी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने कहा है कि ब्रजेश ठाकुर के रसूख और ताकत के पीछे नीतीश कुमार से उनके संबंध

मुजफ्फरपुर शेल्टर होम मामले में नीतीश से भी पूछताछ करे सीबीआई : आरजेडी
बिहार के सीएम नीतीश कुमार (फाइल फोटो).
  • अधिकांश बालिका गृहों के संचालन के ठेके नीतीश की सरकार बनने के बाद मिले
  • गृहों के संचालन का ठेका प्राप्त करने वाले मुख्यमंत्री के करीबी लोग
  • नीतीश के कारण ठाकुर के अखबारों को जमकर सरकारी विज्ञापन मिलता रहा
पटना: राष्ट्रीय जनता दल ने मांग की है कि मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले में सीबीआई को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी पूछताछ करनी चाहिए.

पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने एक बयान में कहा है कि ब्रजेश ठाकुर के रसूख और ताकत के पीछे नीतीश कुमार से उनके संबंध हैं. यह जगजाहिर है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद नीतीश जी ब्रजेश ठाकुर के पुत्र के जन्मदिन के उत्सव में  भाग लेने मुजफ्फरपुर गए थे.

यह भी पढ़ें : मुजफ्फरपुर कांड: बिहार सरकार ने कहा- हमें नहीं पता मंजू वर्मा कहां हैं, तो सुप्रीम कोर्ट बोला- अजीब बात है, ऑल इज़ नॉट वेल

तिवारी ने कहा है कि सीबीआई को यह भी देखना चाहिए कि ब्रजेश ठाकुर और उनसे जुड़े लोगों के एनजीओ को बालिका गृह के अतिरिक्त इस तरह के अन्य कितने गृहों के संचालन का ठेका मिला है. इनमें से अधिकांश को यह काम नीतीश कुमार की सरकार बनने के बाद मिला है. विदित है कि टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस (टीस) ने लगभग सौ गृहों की जांच की है. प्राय: सभी की स्थिति नारकीय है. अत: जितने गृहों की जांच टीस ने की है, उन सभी के संचालन की जांच सीबीआई को करनी चाहिए. सरकार से इनके संचालन का ठेका प्राप्त करने वाले अधिकांश मुख्यमंत्री के करीबी लोग हैं. मधुबनी में तो नीतीश कुमार के साथ अत्यंत करीब से जुड़े व्यक्ति के सचिव की पत्नी को बालिका गृह के संचालन का ठेका मिला है.

VIDEO : बिहार सरकार को सुप्रीम कोर्ट की फटकार

तिवारी ने कहा है कि ब्रजेश ठाकुर मुजफ्फरपुर से हिंदी, अंग्रेज़ी और उर्दू का अख़बार भी निकालते थे. नीतीश कुमार से अपने रिश्तों की बदौलत ठाकुर के अखबारों को जमकर सरकारी विज्ञापन मिलता रहा है. इसकी जांच की जाए तो ब्रजेश ठाकुर और नीतीश कुमार के बीच रिश्ते की गहराई को प्रमाणित किया जा सकता है. उन्होंने कहा है कि हम उम्मीद करते हैं कि सीबीआई इस दिशा में कार्रवाई करने पर विचार करेगी.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mujaffarpur Rape Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com