- Kia Sorento Hybrid की भारत लॉन्च की तैयारी तेज
- 30-35 लाख की कीमत में Fortuner को चुनौती
- हाइब्रिड इंजन और Level-2 ADAS मिल सकता है
अगर आप Toyota Fortuner के टक्कर की कोई बड़ी SUV खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो आपको बस थोड़ा इंतजार करना होगा. Kia जल्द ही भारत में अपनी नई Sorento Hybrid SUV लॉन्च करने की तैयारी में है. सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें हाइब्रिड पावरट्रेन मिलने की उम्मीद है, जो इस सेगमेंट में इसे बाकी SUV से अलग बना सकता है. आइए जानते हैं इस SUV में क्या खास मिलने वाला है.
Kia ने आधिकारिक तौर पर Sorento Hybrid SUV को टीज कर दिया है, जबकि कुछ डीलरशिप्स पर इसकी अनऑफिशियल बुकिंग भी शुरू हो चुकी है. माना जा रहा है कि इसे इस साल सितंबर से अक्टूबर के बीच फेस्टिव सीजन में लॉन्च किया जा सकता है. ये SUV भारत में CKD (Completely Knocked Down) मॉडल के रूप में आएगी और इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत 30 लाख रुपये से 35 लाख रुपये के बीच हो सकती है. इस कीमत पर इसका मुकाबला Toyota Fortuner, MG Majestor और Volkswagen Tayron जैसी प्रीमियम SUV से होगा.
हाइब्रिड इंजन के कारण लोगों को आ सकती है पसंद
आपको बता दें कि ग्लोबल मार्केट में Kia Sorento को 1.6-लीटर टर्बो पेट्रोल हाइब्रिड और 2.2-लीटर CRDi टर्बो डीजल इंजन के साथ बेचा जाता है. इनके साथ 6-स्पीड ऑटोमैटिक और 8-स्पीड डुअल क्लच ट्रांसमिशन का विकल्प मिलता है. साथ ही फ्रंट व्हील ड्राइव और ऑल व्हील ड्राइव दोनों कॉन्फिगरेशन उपलब्ध हैं.
हालांकि, भारत में आने वाले मॉडल को लेकर अभी कंपनी ने इंजन की आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय मॉडल में 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन मिल सकता है, जो भविष्य में आने वाली Hyundai Creta और Kia Seltos के नए मॉडल में भी देखने को मिल सकता है. इसके अलावा 2.0-लीटर टर्बो डीजल इंजन मिलने की भी चर्चा है. हालांकि, इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.
साइज और फीचर्स में मिलेगी प्रीमियम SUV वाली फील
ग्लोबल मॉडल की लंबाई 4,815mm, चौड़ाई 1,900mm और ऊंचाई 1,700mm है, जबकि इसका व्हीलबेस 2,815mm है. यह Mahindra XUV 7XO से लंबी और ज्यादा चौड़ी है. भारत में इसे 6-सीटर और 7-सीटर दोनों विकल्पों में पेश किया जा सकता है. 6-सीटर वैरिएंट में दूसरी लाइन में कैप्टन सीट्स मिलने की उम्मीद है.
केबिन में दो 12.3 इंच की कर्व्ड डिस्प्ले, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, Bose साउंड सिस्टम, वायरलेस फोन चार्जर, हेड-अप डिस्प्ले, टेरेन ड्राइव मोड और कई प्रीमियम फीचर्स दिए जा सकते हैं.
सेफ्टी में भी मिलेगा लेवल-2 ADAS
सेफ्टी के मामले में Kia Sorento Hybrid काफी दमदार हो सकती है. इसमें मल्टीपल एयरबैग, ट्रैक्शन कंट्रोल, व्हीकल स्टेबिलिटी मैनेजमेंट, हिल स्टार्ट असिस्ट, हिल डिसेंट कंट्रोल, 360 डिग्री कैमरा और Level-2 ADAS जैसे एडवांस फीचर्स मिलने की उम्मीद है. फिलहाल डीलरशिप्स पर हो रही बुकिंग आधिकारिक नहीं है. कंपनी ने अभी लॉन्च डेट, कीमत और इंजन स्पेसिफिकेशन की पुष्टि नहीं की है.
ये भी पढ़ें: अब ये लग्जरी कार ब्रांड करेगा छंटनी! 8000 लोगों की एक झटके में जाएगी जॉब, रिपोर्ट में हैरान कर देने वाला दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं