Bajaj Pulsar फैन्स के लिए खुशखबरी है. कंपनी ने नई Bajaj Pulsar 150 और Bajaj Pulsar 125 को लॉन्च कर दिया है. नई Pulsar 150 को 150cc सेगमेंट में ज्यादा प्रीमियम विकल्प के तौर पर पेश किया गया है. Bajaj Pulsar 150 नया इंजन, मोनोशॉक, नए फीचर्स और 3 राइड मोड के साथ लॉन्च हुई. कंपनी का फोकस उन ग्राहकों पर है जो सामान्य कम्यूटर बाइक से आगे बढ़कर स्पोर्टी बाइक खरीदना चाहते हैं. इसकी कीमत 1.15 लाख रुपये से शुरू होती है. आइए आपको इसके वैरिएंट, फीचर्स और कीमत के बारे में बताते हैं.
Bajaj Pulsar 150 की कीमत और वैरिएंट
नई Pulsar 150 का Single Disc (SD) वैरिएंट 1.15 लाख रुपये से शुरू होता है. वहीं Twin Disc (TD) वैरिएंट सिंगल सीट की कीमत 1.22 लाख रुपये से शुरू होती है. जबकि Twin Disc स्प्लिट-सीट की कीमत 1.23 लाख रुपये से शुरू होती है. आपको बता दें कि पुरानी Pulsar 150 के मुकाबले नई पल्सर की कीमत करीब 4,000 से 9,000 रुपये तक बढ़ी है. कीमत में बढ़ोतरी की वजह नया इंजन, नया चेसिस, मोनोशॉक और ज्यादा फीचर्स हैं.
Pulsar 150 में क्या बदला?
नई Pulsar 150 को नए डिजाइन और नए फीचर्स के साथ अपडेट किया गया है. इसमें स्मोक्ड-इफेक्ट LED हेडलैंप, इंटीग्रेटेड DRLs और हैजर्ड लैंप मिलते हैं. बाइक में नया फ्रेम दिया गया है. इसके अलावा पुराने ट्विन रियर शॉक एब्जॉर्बर की जगह अब मोनोशॉक रियर सस्पेंशन दिया गया है. इससे बाइक की राइड क्वालिटी और हैंडलिंग को बेहतर बनाने का दावा किया गया है. इस Pulsar 150 में नया 150cc इंजन दिया गया है.

कंपनी का दावा है कि ये इंजन 14 PS पावर @ 8,500rpm और 14.1 Nm टॉर्क पैदा करता है. पुराने मॉडल में 13.25 Nm टॉर्क मिलता था.
Bajaj ने इंजन के साथ रिवाइज्ड गियरबॉक्स भी दिया है. बाइक में Rain, Road और Sport तीन राइड मोड मिलते हैं. टॉप Twin Disc वैरिएंट में इंटीग्रेटेड स्टार्टर जेनरेटर (ISG) भी दिया गया है, जो इंजन स्टार्ट होने के दौरान आवाज कम करने और बेहतर एफिशिएंसी देने में मदद करता है.
Pulsar 150 के वैरिएंट में अंतर
नई Pulsar 150 को दो वैरिएंट में उपलब्ध करवाया गया है. इसके Single Disc वैरिएंट में सिंगल-पीस सीट और कलर LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है. जबकि Twin Disc वैरिएंट ज्यादा प्रीमियम है. Twin Disc वैरिएंट में स्प्लिट-सीट के साथ 5-इंच TFT डिस्प्ले और Google Maps नेविगेशन मिलता है. इसके अलावा इसमें LED टर्न इंडिकेटर, हैजर्ड लाइट और ISG टेक्नोलॉजी भी दी गई है.

Bajaj Pulsar 125 भी हुई अपडेट
Bajaj Auto ने Pulsar 125 को भी अपडेट किया है. इसमें कई अपडेटेड फीचर्स दिए गए हैं. सबसे बड़ा बदलाव 5-इंच TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है, जिसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन और स्क्रीन मिररिंग की सुविधा मिलती है. बाइक में आगे डिस्क और पीछे ड्रम ब्रेक दिया गया है. Pulsar 125 में वही 124.38cc सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 11.6bhp पावर और 11.4Nm टॉर्क देता है.
Pulsar 125 की कीमत
Pulsar 125 की बात करें तो इसके बेस वैरिएंट की शुरुआती कीमत 92,990 रुपये रखी गई है. जबकि इसके स्टैंडर्ड सिंगल-सीट की कीमत 99,291 रुपये से शुरू होती है. इसके स्टैंडर्ड स्प्लिट-सीट की शुरुआती कीमत 1,00,288 रुपये है. जबकि प्रीमियम स्प्लिट-सीट की कीमत 1,04,318 रुपये से शुरू होती है.
ये भी पढ़ें- 7 साल पहले लॉन्च हुई थी ये SUV, लाखों लोगों की बनी पहली पसंद, कीमत 11 लाख से शुरू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं