Viral Video Boy Sleeping: अगर आप सोचते हैं कि आप सुबह उठने में बहुत आलस करते हैं, तो जरा इस वायरल वीडियो को देख लीजिए. आपकी सारी गलतफहमी दूर हो जाएगी. मामला एक ऐसे जिद्दी बच्चे का है, जिसने कसम खा ली थी कि चाहे दुनिया इधर की उधर हो जाए, वो स्कूल की दहलीज पर कदम नहीं रखेगा. घरवालों ने हिलाया, डुलाया, आवाजें दीं, पर जब बात नहीं बनी तो उन्होंने वो किया जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी. बच्चे को उठाने के लिए बाकायदा 'बैंड-बाजा' पार्टी बुलाई गई.
ये भी पढ़ें:-केदारनाथ में दिखा 73 साल की 'दादी' का दम: न घोड़ा लिया..न पालकी, हर-हर महादेव बोलते हुए पहुंच गईं बाबा के दर
वीडियो में दिख रहा है कि बच्चा खाट पर मजे से पसरा है और उसके ठीक सिरहाने बैंड वाले पूरी ताकत से शोर मचा रहे हैं. ढोल की थाप और ट्रम्पेट की गूंज से पूरा मोहल्ला जाग जाए, पर मजाल है कि इस 'उस्ताद' की एक पलक भी झपक जाए. यकीन मानिए, कान के पास ढोल-नगाड़े बजते रहे, पर ये 'शहजादा' अपनी ही धुन में सोता रहा. देखिए ये मजेदार वीडियो जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है.
स्कूल न जाने की ऐसी 'तपस्या' पहले नहीं देखी होगी (Funny School Excuse Video)
सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को देखकर लोट-पोट हो रहे हैं. एक्स (X) पर @gharkekalesh नाम के हैंडल से इसे शेयर किया गया है, जहां लोग मजेदार कमेंट्स की बौछार कर रहे हैं. कोई इसे 'कुंभकरण का प्रो-मैक्स वर्जन' कह रहा है, तो कोई कह रहा है कि 'भाई, इतना कॉन्फिडेंस लाइफ में चाहिए कि कान के पास कयामत आ जाए पर हम अपनी नींद न छोड़ें'.
Family tries everything, even band players but boy refuses to wake for School pic.twitter.com/lwpnB4i44n
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) May 1, 2026
कैप्शन की मानें तो यह सारी नौटंकी सिर्फ इसलिए थी, ताकि 'मास्टर जी' की क्लास से बचा जा सके. वैसे गौर करने वाली बात ये है कि बच्चा सो रहा है या 'सोने की एक्टिंग' कर रहा है, इसका फैसला करना मुश्किल है...पर उसकी इस शिद्दत को देखकर तो ऑस्कर भी शरमा जाए.
ये भी पढ़ें:-रिटायरमेंट पर 'नोटो की बारिश': हरियाणा के छोरे ने मां को दिया यूनिक गिफ्ट, कार पर चिपका दिए गड्डियों के नोट
इंटरनेट पर मिल रहे हैं मजेदार ताने (Netizens React to the Sleeping Boy Viral Clip)
एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, 'अगर हमारे बचपन में ऐसा हुआ होता, तो बैंड बजने से पहले ही लात-घूंसों की बारिश हो गई होती'. वहीं एक दूसरे बंदे ने लिखा, 'ये बच्चा बड़ा होकर पक्का कोई बड़ा सरकारी अफसर बनेगा, जिसे किसी की आवाज सुनाई नहीं देगी'. सच तो ये है कि इस वीडियो ने हर उस शख्स को अपना बचपन याद दिला दिया है, जो सोमवार की सुबह स्कूल के नाम से ही 'बीमार' पड़ जाता था.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं