Viral Video: भारत आई जापान की एक लड़की ने पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में सफर किया है. उसने इंस्टाग्राम पर वंदे भारत ट्रेन में सफर का अनुभव भी शेयर किया है. IIT हैदराबाद और जापान की ओचानोमिजु यूनिवर्सिटी से जुड़ी जापानी लड़की हिरो ने छत्रपति संभाजीनगर से मुंबई तक की सफर का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है. इस दौरान उसने ट्रेन में मिले नाश्ते और खाने की तारीफ की. साथ वंदे भारत एक्सप्रेस की सफाई को लेकर जापानी लड़की ने कहा कि यह तो उम्मीद से ज्यादा साफ दिखाई दी.
स्टेशन का नजारा लगा दिलचस्प
इंस्टाग्राम पर Hiro (@iit_hiro820) ने वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें भारत की वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करते हुए नजर आईं. उनके इंस्टाग्राम वीडियो की शुरुआत स्टेशन पहुंचने से होती है. वह वीडियो में कहती है कि आईआरसीटीसी के जरिए टिकट बुक किया था और विदेशी यात्रियों के लिए पासपोर्ट की आवश्यकता होती है.
स्टेशन पहुंचने के बाद जापानी लड़की ने वहां के माहौल को अपने कैमरे में कैद किया. इस दौरान प्लेटफॉर्म पर बजता संगीत, एक कुत्ता और यात्रियों की गतिविधियां उन्हें काफी दिलचस्प लगीं. कुछ देर बाद वंदे भारत एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर पहुंची तो वह भी उसमें सवार हो गईं.
ट्रेन की सुविधाओं का किया जिक्र
अपनी यात्रा के दौरान हिरो ने ट्रेन की कई सुविधाओं को भी दिखाया. उन्होंने नीली सीटों, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट्स और सामान रखने की जगह का जिक्र किया. उन्हें सफर के दौरान मिलने वाला फ्री नाश्ता भी पसंद आया. वीडियो में वह मसाला चाय बनाती हुई भी नजर आती हैं. हालांकि जब उन्हें मराठी भाषा का अखबार मिला तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि वह उसमें एक भी शब्द नहीं पढ़ पा रहीं.
करीब तीन घंटे बाद हिरो ने ट्रेन के टॉयलेट का वीडियो भी शेयर किया. उन्होंने लिखा कि यह उनकी उम्मीद से कहीं ज्यादा साफ था. इसके अलावा उन्हें दिए गए दूसरे भोजन और वैनिला आइसक्रीम की भी उन्होंने तारीफ की. अपने वीडियो में जापानी लड़की ने वंदे भारत ट्रेन की खासियतों का जिक्र किया. उसने बताया कि यह ट्रेन भारत में डिजाइन और बनाई गई है. यह अधिकतम 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है.
जापानी लड़की बोली- फिर से सफर करना चाहूंगी
मुंबई पहुंचने के बाद जापानी लड़की Hiro ने वीडियो में कहा कि वह फिर से इस ट्रेन में सफर करना चाहेगी. जापानी लड़की के इस वीडियो को वीडियो इंस्टाग्राम पर 1 हजार से अधिक लोग शेयर कर चुके हैं, जबकि वीडियो पर 1 लाख से अधिक व्यूज आए हैं. जापानी लड़की के इंस्टाग्राम पर 18 हजार फॉलोवर्स हैं. उसने अपने बॉयो में IIT हैदराबाद और जापान की ओचानोमिजु यूनिवर्सिटी का जिक्र कर रखा है.
यह भी पढ़ें
सिलीगुड़ी से आई बहन, मुंबई से भाई... हावड़ा स्टेशन पर भाई दूज मनाने का VIDEO हुआ वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं