विज्ञापन

वंदे भारत में परिजन को बैठाने गए 12 लोग खुद फंस गए, 139 किमी में ही भरना पड़ा 36000 का जुर्माना

वंदे भारत एक्सप्रेस में रिश्तेदारों को छोड़ने गए 12 लोग ऑटोमैटिक दरवाजे बंद होने की वजह से ट्रेन में फंस गए. इसके बाद सिर्फ 139 किमी में ही उन लोगों नीचे उतारकर रेलवे ने 36,000 का जुर्माना लगाया.

वंदे भारत में परिजन को बैठाने गए 12 लोग खुद फंस गए, 139 किमी में ही भरना पड़ा 36000 का जुर्माना
वंदे भारत में परिजन को छोड़ने गए 12 लोग खुद फंस गए (फाइल फोटो)
ANI

वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) में परिजनों को बैठाने गए 12 लोग खुद फंस गए. वे ट्रेन के कोच में उनकी सीट तक छोड़ने गए थे. इसी दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस के ऑटोमेटिक दरवाजे बंद हो गए. जिसके कारण सभी लोग ट्रेन में चाहकर भी बाहर नहीं निकल पाए और 139 किमी दूर आ गए. यह घटना कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर हुई है. जहां पर अलग-अलग जगहों से ये लोग अपने परिजनों को वंदे भारत एक्सप्रेस (22415) बैठाने के लिए गए थे. 

बनारस-नई दिल्ली के बीच सिर्फ 2 स्टॉप

यह वंदे भारत एक्सप्रेस (22415) बनारस से नई दिल्ली (Banaras News Delhi Vande Bharat) के बीच चलती है और प्रयागराज व कानपुर सेंट्रल के बाद सीधे नई दिल्ली रुकती है. वंदे भारत एक्सप्रेस की खासियत है कि इसके दरवाजे ऑटोमेटिक खुलते और बंद होते हैं. दरवाजे सिर्फ उसी समय खुलेंगे, जब ट्रेन उस स्टेशन पर पहुंचेगी, जहां पर उसकी स्टॉपेज है. इसके बाद निर्धारित कुछ ही समय में वंदे भारत एक्सप्रेस के सभी दरवाजे अपने आप बंद हो जाएंगे. 

फिर बीच में कोई नहीं खोल सकता है. अगर किसी स्टेशन पर वंदे भारत का स्टॉपेज नहीं है और किसी कारण बस वहां पर वो रुक गई तो दरवाजे नहीं खुलेंगे. कुछ इसी वजह से कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस में अपने -अपने परिजनों को बैठाने गए 12 लोगों के साथ हुआ. बनारस-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस में अपने रिश्तेदारों को छोड़ने गए 12 लोग ट्रेन के अंदर ही फंस गए. 

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर हुई घटना

​जैसे ही वंदे भारत ट्रेन कानपुर सेंट्रल से चलने लगी तो परिजनों को बैठाने गए लोगों में हड़कंप मच गया. ट्रेन के भीतर महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, जिनकी घबराहट और परेशानी काफी बढ़ गई. जब ट्रेन ने स्पीड पकड़ ली तो फंसे हुए लोगों ने ट्रेन स्टाफ से तुरंत दरवाजे खोलने की गुहार लगाई. पर दरवाज नहीं खुल पाए.  जिसके बाद कुछ यात्रियों ने विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया.

इस पर ट्रेन स्टाफ ने तुरंत टूंडला रेलवे कंट्रोल रूम को पूरे घटना की जानकारी दी. कंट्रोल रूम के निर्देश पर रविवार सुबह करीब 10:49 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस को इमरजेंसी स्थिति में इटावा जंक्शन पर रुकवाया गया. ट्रेन के रुकते ही इटावा जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक पीएम मीना, आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सिंह और जीआरपी इंस्पेक्टर यदुवीर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. 

यह भी पढ़ें | जापानी लड़की ने पहली बार वंदे भारत में किया सफर, बोली- उम्मीद से ज्यादा सफाई है

ट्रेन से उतारकर 36 हजार का लगाया जुर्माना

रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में सभी 12 लोगों को सुरक्षित ट्रेन से नीचे उतारा गया. ​स्टेशन पर उतारे जाने के बाद सभी को आरपीएफ पोस्ट लाया गया, जहां रेलवे अधिकारियों ने उनसे पूछताछ की और पूरी स्थिति की जानकारी ली. रेलवे नियमों की अनदेखी, बिना प्लेटफार्म टिकट के ट्रेन में प्रवेश करने और यात्रा नियमों के उल्लंघन के चलते वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी कार्रवाई की. 

हर एक पर 3,000 रुपये के हिसाब से भारी-भरकम जुर्माना वसूला गया. बड़ी बात है कि कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से इटावा जंक्शन की दूरी 139 किमी है. इतनी ही दूरी में ए12 लोगों को कुल 36000 रुपये का जुर्माना भरना पड़ा.  रेलवे अधिकारियों ने सभी को भविष्य में इस तरह की लापरवाही और बिना वैध टिकट या अनुमति के ट्रेन के अंदर जाने से बचने की सख्त हिदायत दी और इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया. 

यह भी पढ़ें | बेंगलुरु-गोवा वंदे भारत एक्सप्रेस की टिकट बुकिंग शुरू, 12 स्टेशनों का 615 से 3865 रुपये तक होगा किराया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vande Bharat, Vande Bharat Express, Vande Bharat Express Delhi To Varanasi, Viral News, Vande Bharat News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com