Viral News: अमेरिका के व्हीट रिज शहर में रहने वाले जैक वल्कानी ने अपनी गर्लफ्रेंड जोआन को प्रपोज करने के लिए नदियों से सोना खोजकर सगाई की अंगूठी तैयार की है. इसके लिए उन्होंने महीनों तक कोलोराडो की नदियों की खाक छानी, सोने के बारीक कण इकट्ठे किए और फिर एक स्थानीय ज्वेलर की मदद से उसे अंगूठी का रूप दिया.
'शुरुआत में मुझे ये काम मुश्किल लगा'
स्थानीय न्यूज चैनल '9न्यूज' से बात करते हुए जैक ने बताया, 'मैं इस मोमेंट को खास बनाना चाहता था ताकि वो जिंदगी भर याद रहे. इसी बारे में सोचते-सोचते मेरे नदी से सोचा खोजकर खुद अंगूठी बनाने की ठान ली. शुरुआत में मुझे यह काम बहुत मुश्किल लगा. लेकिन मैंने इसे एक चैलेंज की तरह लिया और मुझे खुशी है कि मैंने जल्द ही अपने लक्ष्य को हासिल कर लिया.'
'ज्वेलर के लिए भी ऐसा पहली बार था'
जैक ने कहा, 'महीनों की कड़ी मेहनत के बाद जब मुझे लगा कि मैंने अंगूठी बनाने लायक सोना इकट्ठा कर लिया है, तो फिर मैं उसे लेकर एक लोकल ज्वेलर जैक एलन के पास गया और उनसे इस सोने को पिघलाकर एक सूंदर रिंग बनाने के लिए कहा. ज्वेलर के लिए भी ये पहला एक्सपीरियंस था, लेकिन उन्होंने मेरी रिक्वेस्ट पर एक सुंदर रिंग तैयार कर दी.'
'हाइकिंग पर किया प्रपोज, रिंग देख रो पड़ी गर्लफ्रेंड'
जैक ने कहा, 'ज्वेलर से अंगूठी लेकर मैं अपनी गर्लफ्रेंड जोआन को हाइकिंग पर ले गया. वहां मैंने उसे नदी से सोना खोजने का अपना वीडियो दिखाया. जोआन शुरुआत में समझ नहीं पाई कि मैं यह वीडियो उसे क्यों दिखा रहा हूं. लेकिन जब मैंने बताया कि ये नदी से मिले सोने से मैंने उसके लिए सगाई की रिंग तैयार की है, तो वो भावुक होकर रो पड़ी.'
'मेरी अंगूठी बनाने लायक सोना बचा है'
जैक ने आखिर में कहा, 'मेरा मकसद जोआन के दिन को खास बनाना था, जिसमें मैं सफल रहा. मेरे पास अभी भी इतना सोना बचा है कि मैं अपनी खुद की वेडिंग रिंग भी उसी से बनवा सकता हूं. मेरा मानना है कि ये अंगूठियां हमें हमेशा एक-दूसरे से जोड़े रखेंगी, फिर चाहे हम काम के सिलसिले में एक-दूसरे से कितनी भी दूर क्यों न हों.'
यह भी पढ़ें:- कॉर्पोरेट छोड़ लद्दाख घूमने गई महिला को भा गया स्टोक गांव, बोलीं- 'सच्चाई जाने बिना आई थी, अब जाने का मन नहीं'
यह भी पढ़ें:- मजदूर की पत्नी नहीं बनेगी करोड़पति, 1 करोड़ के इनाम से मिलेंगे सिर्फ 65 लाख; 7 रुपए में लिया था लॉटरी टिकट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं