विज्ञापन

ड्यूटी पर जा रहे सेना के जवान को ट्रेन में नहीं मिली सीट, बच्चे संग फर्श पर सोने को हुआ मजबूर; पत्नी ने की भावुक पोस्ट

ड्यूटी पर लौट रहे सेना के जवान को ट्रेन में सीट नहीं मिलने का पत्नी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया है. पत्नी ने सरकार से सिस्टम में बदलाव की मांग की है.

ड्यूटी पर जा रहे सेना के जवान को ट्रेन में नहीं मिली सीट, बच्चे संग फर्श पर सोने को हुआ मजबूर; पत्नी ने की भावुक पोस्ट
ड्यूटी पर जा रहे सेना के जवान को ट्रेन में नहीं मिली सीट
Instagram/komalkridu

Viral Video: छुट्टी खत्म होने के बाद वापस ड्यूटी पर जा रहे सेना के जवान को ट्रेन सीट नहीं मिली. इस पर जवान को अपने मासूम बच्चे के साथ ट्रेन की फर्श पर सोने को मजबूर होना पड़ा. वह अपने छोटे से बच्चे और पत्नी के साथ वापस ड्यूटी पर जा रहा था. देश की रक्षा के लिए ड्यूटी पर जा रहे सेना के जवान का दिल छू लेना वाला वीडियो उसकी पत्नी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है. पत्नी ने भावुक पोस्ट में सरकार से व्यवस्था में बदलाव की मांग की है. साथ ही उसने कहा कि सैनिक कोई मजाक नहीं है. 

भारतीय सेना में हैं कोमल के पति

दरअसल, इंस्टाग्राम पर कोमल (komalkridu) ने एक पोस्ट डाली है, जिसके साथ एक वीडियो भी शेयर किया. कोमल के पति भारतीय सेना में सैनिक हैं. कोमल ने बताया कि ट्रेन में रिजर्व सीट न मिलने के कारण सेना के जवान को ड्यूटी पर वापस लौटते समय अपने परिवार के साथ ट्रेन के फर्श पर सोना पड़ा. 

सीट के लिए कई बार TTE से कहा

इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए वीडियो के ऊपर टेक्स्ट लिखा, "TTE से कई बार सही सीट की व्यवस्था करने के लिए रिक्वेस्ट की. पर TTE ने सिर्फ उन्हीं लोगों को सही सीट दी जिन्होंने उसे एक्स्ट्रा पैसे दिए." उन्होंने आगे बताया कि हर बार ये पैसे का मामला नहीं होता. कई बार छुट्टी आखिरी समय पर मिलती है या अचानक ड्यूटी पर बुलावा आ जाता है, इसलिए उन्हें ऐसे ही सफर करना पड़ता है, क्योंकि ट्रेनों में कोई सीट खाली ही नहीं होती.

कोमल ने सरकार से की ये अपील

वीडियो पोस्ट करने के साथ इंस्टाग्राम कैप्शन में कोमल ने लिखा कि एक सैनिक की पत्नी होने के नाते, मैं सरकार से अपील करती हूं कि कृपया अपनी व्यवस्था में बदलाव लाएं. सैनिक कोई मज़ाक नहीं हैं. वे हमारे देश के लिए अपने करियर का बलिदान दे देते हैं.

वे जानते हैं कि उन्हें कभी भी मौत का बुलावा आ सकता है, फिर भी वे इसी पेशे को चुनते हैं. हां आम लोगों को भी अपनी ट्रेन की बर्थ का कुछ हिस्सा सैनिकों के लिए छोड़ देना चाहिए, लेकिन वे तो पहले ही सारी सीटें बुक कर लेते हैं. हमारे सैनिकों के पास पहले से तय लंबी यात्राएं नहीं होतीं, जब भी उन्हें छुट्टी मिलती है, वे सीधे अपने घर की ओर भागते हैं. भारत सरकार को हमारे भारतीय सैनिकों के लिए कुछ करना चाहिए.

यह भी पढ़ें | 'दादा जी उठो, देखो मैं आ गया', वीडियो देख इमोशनल हुए लोग, बोले- आप सबसे भाग्यशाली इंसान हो

कोमल की पोस्ट 2.6 मिलियन व्यूज

कोमल की इस पोस्ट पर काफी लोगों की प्रतिक्रियाएं आईं. इस पोस्ट पर 2.6 मिलियन व्यूज आए हैं, जबकि 1 लाख 30 हजार लाइक और करीब ढाई हजार कमेंट्स आए. एक यूजर ने लिखा कि जवानों की लोग सिर्फ सोशल मीडिया पर सम्मान करते हैं. एक अन्यू यूजर शबाना ने कमेंट किया, "इतनी सारी बुकिंग होने के कारण, सैनिकों और उनके परिवार के लिए कुछ सीटें आरक्षित क्यों न की जाएं?"

वहीं, एक और यूजर ने लिखा कि उनके लिए एक अलग कोटा होना चाहिए... क्योंकि उनकी छुट्टियां पहले से तय नहीं होतीं. कम से कम इस तरह सरकार अपने उन योद्धाओं के प्रति सम्मान दिखा सकेगी जो देश की सेवा के लिए अपने परिवार का त्याग करते हैं.

यूट्यूब के लिए वीडियो बनाती हैं कोमल

इंस्टाग्राम पोस्ट के अनुसार, वह अक्सर ट्रैवल, मेकअप, कुकिंग, लाइफ स्टाइल, फैशन और एजुकेशन वीडियो बनाती है, जिसे वह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट और यूट्यूब चैनल पर पोस्ट करती रहती हैं. कोमल के इंस्टाग्राम पर करीब 8 हजार फॉलोवर्स हैं, जबकि उनके यूट्यूब चैनल पर 51 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं. 

(अस्वीकरण: यह कहानी Instagram पर वायरल हुई एक पोस्ट और उसके बाद मिली सार्वजनिक प्रतिक्रियाओं पर आधारित है. एनडीटीवी ने पोस्ट में उल्लिखित व्यक्तियों द्वारा किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है.)

यह भी पढ़ें | मजदूर की पत्नी नहीं बनेगी करोड़पति, 1 करोड़ के इनाम से मिलेंगे सिर्फ 65 लाख; 7 रुपए में लिया था लॉटरी टिकट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Army Soldier, Army Soldier, Army Jawan, Indian Railway, Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com