विज्ञापन
This Article is From Dec 07, 2011

प्रवक्ता ने कहा, पद नहीं छोड़ रहे हैं जरदारी

पाकिस्तान के राष्ट्रपति जरदारी के पद छोड़ने को लेकर अटकलों के बीच उनके प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रपति केवल चिकित्सकीय परीक्षणों के लिए दुबई गए हैं।
वाशिंगटन: पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के पद छोड़ने को लेकर अटकलों के बीच उनके प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रपति केवल अपने चिकित्सकीय परीक्षणों के लिए दुबई गए हैं। इस बात को लेकर कयास लगाये जा रहे हैं कि मेमोगेट कांड के बाद सेना के बढ़ते दबाव के कारण जरदारी पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इस आशय की खबरों को प्रवक्ता फरहातुल्ला बाबर ने पूर्णत: कपोलकल्पित बताया। जरदारी पूरे गोपनीय ज्ञापन (मेमोगेट) कांड में सबसे ज्यादा चर्चा में रहे हैं। अमेरिका की प्रतिष्ठित पत्रिका फॉरेन पॉलिसी के ब्लॉग द केबल ने अपनी रिपोर्टों में कहा है कि सेना के शक्तिशाली जनरल की ओर से बढ़ते दबावों के कारण अपने इलाज के लिए दुबई गए जरदारी वापस नहीं आएंगे। (अपना पद त्याग देंगे) आधिकारिक रिपोर्टों के मुताबिक 56 वर्षीय जरदारी कुछ चिकित्सकीय जांच कराने और अपने बच्चों से मिलने के लिए मंगलवार को ही एक निजी दौरे पर दुबई गए हैं। केबल ने ओबामा प्रशासन के अनाम अधिकारी के हवाले से लिखा है कि इस बात की संभावनाएं बढ़ने लगी हैं कि जरदारी को अब पद छोड़ना पड़ सकता है। एक पूर्व अमेरिकी अधिकारी ने केबल को बताया कि अमेरिकी सरकार के एक हलके को सूचना मिली है कि सोमवार की रात जरदारी को हल्का हृदयाघात हुआ था और वह हवाई एंबुलेंस से दुबई गए हैं। ब्लॉग के मुताबिक, आज जरदारी की एंजियोग्राफी हो सकती है और वह अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अपने पद से इस्तीफा भी दे सकते हैं। इसी ब्लॉग ने पाकिस्तानी मेमोगेट कांड में सबसे ज्यादा खबरें दी थीं। मेमोगेट कांड के कारण बढ़ते दबाव के बीच जरदारी यह दौरा कर रहे हैं। इसी कांड के कारण अमेरिका में पाकिस्तान के राजदूत हुसैन हक्कानी को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। बाबर ने बताया, ये सभी मीडिया रिपोर्ट कपोलकल्पित हैं। राष्ट्रपति पहले से तय चिकित्सा जांचों के लिए दुबई के अस्पताल में हैं। उन्होंने जरदारी की चिकित्सा जांच के बारे में कोई विस्तृत सूचना नहीं दी। राष्ट्रपति भवन ने कहा कि मीडिया के कुछ हलकों में राष्ट्रपति की गतिविधियों और कामकाज को लेकर आ रही खबरें काल्पनिक, कपोलकल्पित और झूठी हैं। जरदारी प्रधानमंत्री युसूफ रजा गिलानी, सीनेट के अध्यक्ष फारूक नाइक और गृहमंत्री रहमान मलिक के साथ बैठक करने के बाद दुबई गए हैं।
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
आसिफ अली जरदारी, पाकिस्तान राष्ट्रपति, इस्तीफा, मेमोगेट कांड
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com