- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने केटी जकारिया को व्हाइट हाउस की नई प्रेस सेक्रेटरी नियुक्त किया है
- केटी जकारिया ट्रंप की मीडिया कंपनी ट्रुथ सोशल में सीनियर कम्युनिकेशन एडवाइजर के रूप में काम करती हैं
- केटी अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग की प्रवक्ता और फॉक्स न्यूज तथा न्यूजमैक्स पर पॉलिटिकल कमेंटेटर रह चुकी हैं
अमेरिकी व्हाइट हाउस को नई प्रेस सेक्रेटरी मिल गई है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उस महिला को नया प्रेस सेक्रेटरी चुना है, जो उनकी मीडिया कंपनी ट्रुथ सोशल में कम्युनिकेशन सलाहकार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. उनका नाम केटी जकारिया है. केटी व्हाइट हाउस में अब कैरोलिन लेविट की जगह लेंगी. ट्रंप ने पिछले हफ्ते ही न्यूज एंकर रह चुकीं बेनी रे हार्मनी को कम्युनिकेशन टीम की प्रवक्ता और असिस्टेंट प्रेस सेक्रेटरी बनाया था. तब से यही सवाल उठ रहा था कि ट्रंप प्रेस सेक्रेटरी किसे बनाएंगे. उन्होंने केटी जकारिया को व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी चुन कर सभी को चौंका दिया है.
व्हाइट हाउस की नई प्रेस सेक्रेटरी केटी जकारिया
दरअसल केटी पेशे से वकील और ट्रंप की मीडिया कंपनी में कम्युनिकेशन एडवाइजर हैं. किसी ने भी शायद ही सोचा होगा कि वह व्हाइट हाउस में कैरोलिन लेविट की जगह लेंगी. ट्रंप ने केटी के नाम का ऐलान करते हुए उनको अपना वफादार समर्थक बताया. केटी अब अमेरिकी राष्ट्रपति का संदेश देश की मीडिया और जनता तक पहुंचाने का काम करेंगी.

कौन हैं केटी जकारिया?
केटी अभी ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप में सीनियर कम्युनिकेशन एडवाइजर के तौर पर काम कर रही हैं. यह वही कंपनी है जो राष्ट्रपति के 'ट्रुथ सोशल' प्लेटफॉर्म को चलाती है. ट्रंप ने केटी के काम को बेहतरीन बताया है. केटी फॉक्स न्यूज और न्यूजमैक्स पर पॉलिटिकल कमेंट्रेटर के तौर पर भी काम कर चुकी हैं.उनको ट्रंप ने व्हाइट हाउस का नया प्रेस सेक्रेटरी बनाया है. वह अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग में प्रवक्ता भी रह चुकी हैं.

फॉक्स न्यूज और न्यूजमैक्स जैसे कंजर्वेटिव टीवी नेटवर्क पर अक्सर कमेंट्री करने वाली केटी ने पहले डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) की प्रवक्ता के तौर पर कुछ समय के लिए काम किया था. यह डिपार्टमेंट अमेरिका में इमिग्रेशन से जुड़े नियमों को लागू करने का कामाज देखता है. केटी की लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, वह इस साल की शुरुआत में तत्कालीन सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम के कार्यकाल के दौरान इस डिपार्टमेंट से जुड़ी थीं, लेकिन करीब दो महीने बाद ही उन्होंने यह पद छोड़ दिया. जकारिया 'फिक्स कैलिफोर्निया' के साथ भी काम कर चुकी हैं. यह एक कंजर्वेटिव एडवोकेसी ग्रुप है, जिसे रिचर्ड ग्रेनेल ने शुरू किया था, जो लंबे समय से ट्रंप के सहयोगी रहे हैं. वह ट्रंप के खास प्रेसिडेंशियल एनवॉय (विशेष दूत) में से एक हैं.

Photo Credit: केटी जकारिया ट्विटर
ट्रंप ने की केटी जकारिया की तारीफ
ट्रंप ने अपनी नई प्रेस सेक्रेटरी की काबिलियत की जमकर तारीफ की है. केटी राष्ट्रपति चुनाव अभियानों के दौरान भी काफी काम कर चुकी हैं. ट्रंप ने कहा उन्हें भरोसा है कि व्हाइट हाउस प्रेस कोर के साथ उनके अच्छे संबंध रहेंगे. ट्रंप ने केटी के नाम का ऐलान करते हुए अपने 'ट्रुथ सोशल'पर लिखा कि उनके समर्थन का रिकॉर्ड बेदाग रहा है. वह शुरू से ही एक वफादार और शानदार समर्थक रही हैं. इसके साथ ही ट्रंप ने अपने 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' (MAGA) मूवमेंट का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वह MAGA की एक डिवोटेड फैन और सदस्य भी हैं.

प्रेस सेक्रेटरी पद के लिए ये थीं ट्रंप की पहली पसंद नहीं
केटी जकारिया व्हाइट हाउस में अब कैरोलिन लेविट की जगह लेंगी. 29 साल की लेविट ने अगस्त में प्रेस सेक्रेटरी का पद छोड़ दिया था. ट्रंप ने भले ही केटी को ये पद दे दिया है, लेकिन इस पद के लिए केटी उनकी पहली पसंद नहीं थीं. ट्रंप ने प्रेस सेक्रेटरी का जॉब पहले फॉक्स न्यूज की नेशनल कॉरेस्पोंडेंट एलेक्सिस एडम्स को ऑफर किया था.अगस्त में उन्होंने न्यूयॉर्क में एक इंटरव्यू के दौरान प्रेस सेक्रेटरी के चेहरे के बारे में ट्रंप से सवाल किया था.तब ट्रंप ने सीधे एलेक्सिस को ही यह जॉब ऑफर कर दिया था.

केटी जकारिया ने ट्रंप का किया शुक्रिया
वहीं केटी जकारिया ने व्हाइट हाउस में मिली इस खास जिम्मेदारी के लिए ट्रंप का शुक्रिया अदा किया है, उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा- व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी के तौर पर सेवा करने के खास सम्मान के लिए शुक्रिया.ट्रंप का भरोसा एक सच्चा सम्मान है, और उनका नेतृत्व इस देश के लिए एक वरदान है.

केटी रिपब्लिकन की बड़ी समर्थक हैं
CNBC के मुताबिक, केटी इस संगठन के लिए जनरल काउंसिल के तौर पर काम करती हैं. यह संगठन डेमोक्रेटिक पार्टी का झुकाव रखने वाले राज्य में कंजर्वेटिव राजनीतिक मुद्दों को आगे बढ़ाने का काम करता है. केटी पेपरडाइन यूनिवर्सिटी के लॉ स्कूल से ग्रेजुएट हैं. उन्होंने अपना करियर रिपब्लिकन राजनीति से शुरू किया था. वह 2006 में रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के लिए इंटर्न के तौर पर भी काम कर चुकी हैं.
केटी ने व्हाइट हाउस में ली कैरोलिन लेविट की जगह
खबर के मुताबिक, जकारिया को यह पद देने से पहले ट्रंप ने लीविट समेत कई सहयोगियों और सलाहकारों से राय ली थी. अब व्हाइट हाउस के सबसे अहम पदों में से एक पर केटी का कब्जा होगा. प्रेस सेक्रेटरी की जिम्मेदारी पत्रकारों को जानकारी देना, प्रशासन की नीतियों पर सवालों का जवाब देना और राष्ट्रपति का मुख्य प्रवक्ता बनकर उनका बचाव करना होती है.
कैरोलिन लेविट ने अगस्त में छोड़ा प्रेस सेक्रेटरी का पद
बता दें कि लीविट ने जनवरी 2025 में ट्रंप के सत्ता में वापसी करने के बाद प्रेस सेक्रेटरी का पद संभाला था. 27 साल की उम्र में वह अमेरिका के इतिहास में सबसे कम उम्र की व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी बनी थीं. ट्रंप की कट्टर समर्थक लीविट ने पहले उनके 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के लिए प्रेस सेक्रेटरी के तौर पर काम किया था. अपने दूसरे बच्चे के जन्म के बाद अगस्त के आखिर में उन्होंने यह पद छोड़ दिया था.
इनपुट- AFP के साथ
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढे़ं-कैरोलीन के बाद बेनी...व्हाइट हाउस प्रवक्ता के लिए ट्रंप ने नौकरी से सस्पेंड हुई 24 साल की पत्रकार को चुना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं