अमेरिका के एक बॉयफ्रेंड पर आरोप है कि उसने ब्रेकअप के बाद ऐसी सनक दिखाई कि उसकी आग में हजारों घर जल गए और 12 लोगों की जान चली गई. लॉस एंजेलिस के जंगलों में लगी इस भयानक आग के पीछे की जब सच्चाई सामने आई तो लोगों को भरोसा नहीं हुआ. जांच में सामने आया कि इस आग के पीछे एक व्यक्ति की निजी जिंदगी की परेशानी वजह है. कहा जा रहा है कि वह नए साल की रात अकेला था और गुस्से में उसने एक छोटी आग लगाई, जो कुछ दिनों बाद बड़ी तबाही में बदल गई. यह मामला अब कोर्ट में है, जहां सच सामने आएगा.
क्या है पूरा मामला
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार सरकारी वकीलों ने कहा कि जिस आदमी पर 2025 में लॉस एंजेलिस में हुई घातक पैलिसेड्स फायर शुरू करने का आरोप है, वह अपने असफल रिश्ते और नए साल की पार्टी के लिए कोई प्लान न होने से परेशान था. इस गुस्से में उसने एक छोटी आग लगाई, जो छह दिन बाद फिर से भड़क गई. 30 साल के जोनाथन रिंडरक्नेच्ट का ट्रायल 8 जून को शुरू होना है. लॉस एंजेलिस के यूएस अटॉर्नी बिल एस्सायली के दफ्तर के वकीलों ने कोर्ट में कहा कि जोनाथन नए साल की रात किसी के साथ समय बिताने के लिए पार्टनर को नहीं ढूंढ पाने पर “बहुत ज्यादा गुस्से, नाराजगी और निराशा” में था.
7 जनवरी को भड़की इस पैलिसेड्स फायर में आखिरकार 12 लोगों की मौत हो गई और लॉस एंजेलिस के एक बहुत अमीर इलाके में हजारों घर नष्ट हो गए. अगर जोनाथन दोषी साबित होता है, तो यह अमेरिका के सबसे महंगे जंगल की आग लगाने वाले मामलों में से एक होगा. उसे दोषी पाए जाने पर 45 साल तक की जेल हो सकती है. हालांकि, उसके वकील स्टीवन हैनी ने कहा, “मेरा क्लाइंट निर्दोष है. सरकार की गलत थ्योरी इस बात को नहीं बदल सकती कि कोई पक्का सबूत नहीं है कि मेरे क्लाइंट ने यह आग लगाई या इसके लिए जिम्मेदार है. हम ट्रायल में इसे साबित करेंगे.”
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं