विज्ञापन

‘अमेरिका ईरान के साथ युद्ध नहीं कर रहा’, समझिए ट्रंप सरकार के इस बयान का खेल

US Iran War and 60 Days Deadline: अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि अभी ईरान के साथ जंग नहीं चल रही है, अभी तो सीजफायर चल रहा है. समझिए उनके इस बयान के पीछे अमेरिकी संविधान वाला पेंच.

‘अमेरिका ईरान के साथ युद्ध नहीं कर रहा’, समझिए ट्रंप सरकार के इस बयान का खेल
US Iran War Updates: अमेरिका की डोनाल्ड ट्रंप सरकार क्यों कह रही कि ईरान के साथ जंग नहीं चल रही
  • ट्रंप सरकार का कहना है कि ईरान के साथ युद्ध नहीं चल रहा इसलिए संसद से मंजूरी की समय सीमा लागू नहीं होती
  • अमेरिकी संविधान के अनुसार सैन्य कार्रवाई शुरू होने के 60 दिनों के अंदर संसद से मंजूरी लेना जरूरी होता है
  • 28 फरवरी को इजराइल और अमेरिका ने मिलकर ईरान के कई शहरों पर हमले कर युद्ध की शुरुआत की थी

US Iran War and 60 Days Deadline: अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की सरकार का कहना है कि अमेरिका तो ईरान के साथ युद्ध में ही नहीं है, जबकि दूसरी तरफ मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर दुनिया भर के बाजारों पर पड़ रहा है और तेल की कीमतें ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गई हैं. ट्रंप टीम यह दावा उस समय कर रही है जब उसे सैन्य कार्रवाई के लिए अमेरिकी संसद से मंजूरी लेने की जो कानूनी समय सीमा है, वो खत्म होने के करीब आ रही है. अमेरिकी संविधान के अनुसार वहां की सरकार को किसी भी दूसरे देश के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू करने के 60 दिन के अंदर संसद से मंजूरी लेनी होती है. लेकिन ट्रंप सरकार ने ऐसा नहीं किया है. अब ट्रंप सरकार कह रही है कि चूंकि ईरान के साथ अभी सीजफायर है, इसलिए यह कानूनी समय सीमा लागू नहीं होती है, वह “रुक” जाती है.

जब अमेरिकी हाउस स्पीकर माइक जॉनसन से 60 दिन की समय सीमा के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने जवाब दिया, “हम युद्ध में नहीं हैं.” उन्होंने एनबीसी न्यूज से कहा, “मुझे नहीं लगता कि अभी कहीं सैन्य बमबारी या गोलीबारी हो रही है. अभी हम शांति कराने की कोशिश कर रहे हैं.” उन्होंने आगे कहा, “इतनी संवेदनशील बातचीत के बीच मैं सरकार से आगे बढ़कर कुछ कहना नहीं चाहूंगा, इसलिए देखना होगा कि आगे क्या होता है.”

ट्रंप सरकार के सामने 1 मई की समय सीमा

यह युद्ध 28 फरवरी को शुरू हुआ, जब इजराइल और अमेरिका ने मिलकर तेहरान और ईरान के अन्य शहरों पर हमले किए. इन हमलों में उस समय के ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई, सेना के सीनियर कमांडर और आम नागरिक मारे गए. इसके जवाब में ईरान ने इजरायल और खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर बमबारी की. साथ ही उसने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले एक बड़े व्यापारिक समुद्री रास्ते को भी बंद कर दिया.

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 02 मार्च को ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान की जानकारी अमेरिकी संसद को दी थी. इसके हिसाब से 1 मार्च को 60 दिन पूरे हो जाते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी “वॉर पावर्स एक्ट” के तहत राष्ट्रपति को 60 दिन के बाद युद्ध को कम करना पड़ता है, जब तक कि कांग्रेस से मंजूरी न मिल जाए.

रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने क्या कहा

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी सांसदों से कहा कि उनका मानना है कि ईरान के साथ सीजफायर से कांग्रेस की मंजूरी के लिए चल रही 60 दिन की डेडलाइन “रुक” जाती है. उन्होंने ये बात तब कही जब डेमोक्रेटिक सीनेटर टिम केन ने उनसे संसद की सुनवाई में पूछा कि क्या ट्रंप सरकार 1 मई को 60 दिन पूरे होने पर कानून के अनुसार कांग्रेस से मंजूरी लेगी या नहीं.

हेगसेथ ने कहा, “आखिर में मैं इस पर व्हाइट हाउस और उसके कानूनी सलाहकारों पर छोड़ूंगा. लेकिन अभी हम सीजफायर में हैं, और हमारी समझ के अनुसार इसका मतलब है कि 60 दिन की घड़ी रुक जाती है.”

लेकिन विपक्षी डेमोक्रेट्स सहमत नहीं

डेमोक्रेटिक सीनेटर टिम केन ने हेगसेथ की इस बात का विरोध किया और कहा, “मुझे नहीं लगता कि कानून इसका समर्थन करता है.” उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि 60 दिन शायद कल पूरे हो जाएंगे, और इससे सरकार के सामने एक बहुत बड़ा कानूनी सवाल खड़ा होगा.”

यह भी पढ़ें: ईरान के तेल पर अमेरिका की नाकेबंदी, इधर हर दिन 1 करोड़ लीटर तेल की पाकिस्तान कर रहा तस्करी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Iran War, Us Iran War 60 Day Deadline, Donald Trump
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com