Viral Video: अमेरिका से एक ऐसा वीडिया सामने आया है जो दुनिया के सबसे ताकतवर कहे जाने वाले देश के रक्षा मंत्री के सामने एक सैनिक के साहस को दिखाता है. वेटरन्स डे के मौके पर, अर्लिंग्टन नेशनल सिमेट्री में एक पवित्र समाधि के पास हंसने और बातचीत करने पर, अमेरिकी सेना के एक गार्ड ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और उनके साथियों को जोर से फटकार लगाई. अमेरिकी नेटवर्क और सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी वाले वेटरन्स डे समारोह के बाद, हेगसेथ और उनके साथियों को 'टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर' (अज्ञात सैनिक की समाधि) के पास तस्वीरें लेते हुए देखा गया.
वहां हंसी-मजाक और बातचीत की आवाजें सुनाई देने के बाद, अमेरिकी सेना के एक गार्ड ने जोर से चिल्लाकर कहा, "सभी आगंतुकों को हमेशा शांति और सम्मान का माहौल बनाए रखना चाहिए!"
बता दें कि 'टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर' उन अमेरिकी सैनिकों का एक पवित्र समाधि-स्थल है, जो प्रथम विश्व युद्ध, द्वितीय विश्व युद्ध और कोरियाई युद्ध के दौरान मारे गए थे. इसमें वियतनाम युद्ध के एक सैनिक के लिए एक खाली समाधि-स्थल भी है, जो देश की सेवा करते हुए लापता हो गए या मारे गए सैनिकों के सम्मान में बनाया गया है.
Honor guard at the Tomb of the Unknown Soldier REPRIMANDS Pete Hegseth and senior advisers after laughter and photos 'All visitors will maintain an atmosphere of SILENCE and RESPECT at all times' https://t.co/Tt608Oysyz
— RT (@RT_com) November 11, 2026
मामले पर रक्षा मंत्रालय ने क्या कहा?
CNN ने बताया कि समाधि के पास सीढ़ियों पर हेगसेथ के साथ फोटो खिंचवा रहे लोगों में उनकी पत्नी जेनिफर, चीफ ऑफ स्टाफ रिकी बुरिया, डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ पैट्रिक वीवर और सीनियर एडवाइजर टैमी राडाबॉघ शामिल थे. पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने NBC न्यूज को बताया कि हेगसेथ और उनके विभाग ने हमेशा सेना के बलिदानों का सम्मान किया है.
पार्नेल ने कहा, "इस गंभीर दिन को याद करते हुए, एक सैनिक ने सभी को सही ढंग से और सम्मानपूर्वक मर्यादा बनाए रखने की याद दिलाई."
अमेरिकी सेना के लिए इस पवित्र दिन पर रक्षा सचिव से हुई इस चूक पर विपक्षी डेमोक्रेट्स ने तुरंत प्रतिक्रिया दी. विस्कॉन्सिन की कांग्रेसवुमन ग्वेन मूर ने X पर लिखा, "पीट हेगसेथ लगातार यह साबित कर रहे हैं कि वे अपने पद के लिए बिल्कुल भी सही नहीं हैं. महाभियोग से बाल-बाल बचने के अगले ही दिन, उन्होंने 'टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर' की पवित्रता का अनादर करके, वर्दीधारी सैनिकों के प्रति अपनी अवमानना दिखाई है."
यह भी पढ़ें | पीट हेगसेथ को राहत; अमेरिकी संसद में महाभियोग की कोशिश नाकाम, रक्षा मंत्री पर ट्रंप बोले- महान देशभक्त
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं