- डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के नए राष्ट्रपति ने अमेरिका से युद्धविराम की गुहार लगाई है
- ट्रंप ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह खुला और सुरक्षित होने तक अमेरिका ईरान को तबाह करने के लिए तैयार है
- ट्रंप ने कई मौकों पर दावा किया कि ईरान बातचीत चाहता है, जबकि ईरान ने इन दावों का लगातार खंडन किया है
मिडिल ईस्ट में चल रही जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने चिर-परिचित अंदाज में फिर चौंकाने वाला दावा किया है. उन्होंने दावा किया है कि ईरान के नए और 'बुद्धिमान' राष्ट्रपति ने युद्धविराम की गुहार लगाई है. ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका की शर्तें पत्थर की लकीर जैसी हैं. या तो होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह खोलना पड़ेगा, वरना ईरान को 'पाषाण युग' में धकेलने के लिए अमेरिका तैयार है.
'ईरान को तबाह कर देंगे'
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा, 'ईरान के नए राष्ट्रपति, जो अपने से पहले वालों की तुलना में कहीं कम कट्टर और कहीं ज्यादा बुद्धिमान हैं, ने अभी-अभी अमेरिका से युद्धविराम की अपील की है. लेकिन हम इस पर तभी विचार करेंगे, जब होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह से खुला, आजाद और सुरक्षित हो जाएगा. तब तक हम ईरान को पूरी तरह से तबाह कर देंगे. या ऐसा कह सकते हैं कि हम ईरान को वापस 'पाषाण युग' में धकेल देंगे.'

trump tweet
ईरान बोला- सीजफायर की मांग नहीं की
ट्रंप के दावे के बाद ईरान का भी जवाब सामने आया है. ईरान ने ट्रंप के दावे का खंडन किया है. ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने कहा है कि ईरान की ओर से युद्धविराम का कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया है. ईरान द्वारा प्रस्तावित 5-सूत्रीय प्लान केवल मीडिया की अटकलें हैं. यह युद्ध तब तक जारी रहेगा जब तक हमलावर को सजा नहीं मिलत और ईरान को पूरा मुआवजा नहीं मिल जाता.
ट्रंप के ऐसे दावों की बड़ी है लिस्ट
ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी युद्ध में डोनाल्ड ट्रंप कई बार इस तरह के दावे कर चुके हैं. वो बार-बार कह रहे हैं कि ईरान उनके सामने सीजफायर की गुहार लगा रहा है. लेकिन ईरान लगातार इन दावों का खंडन कर रहा है.
- 31 मार्च: व्हाइट हाउस में ट्रंप ने संकेत दिया कि ईरान का नया शासन ज्यादा सुलभ है. उन्होंने दावा किया कि युद्ध 2 से 3 सप्ताह में समाप्त हो सकता है और इसके लिए किसी औपचारिक समझौते की जरूरत नहीं है.
- 26 मार्च: ट्रंप ने दावा किया कि ईरानी सरकार की अपील पर वह पावर स्टेशनों पर हमले 10 दिन के लिए रोक रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि बातचीत बहुत अच्छी चल रही है, हालांकि ईरान ने ऐसी किसी भी बातचीत से इनकार किया.
- 23 मार्च: ट्रंप ने दावा किया कि पिछले दो दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच 'बहुत अच्छी और प्रोडेक्टिव बातचीत' हुई है, जिसका उद्देश्य युद्ध का समाधान करना है. इसके आधार पर उन्होंने 5 दिनों के लिए सैन्य हमले टालने की बात कही थी.
- 5 मार्च: युद्ध के शुरुआती दिनों में ही ट्रंप ने कहा था कि ईरान ने बातचीत की मांग की है, लेकिन उन्होंने इसे 'बहुत देर'करार दिया था.
यह भी पढ़ें: ट्रंप को ब्रिटेन की दो टूक! जंग में नहीं होगा शामिल, होर्मुज खोलने के लिए बुलाई अहम बैठक
क्या है ईरान का रुख?
जंग के बीच ट्रंप लगातार बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं. लेकिन ईरान इन दावों और प्रस्तावों को खारिज कर रहा है. हाल ही में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मुजतबा खामेनेई ने ट्रंप के प्रस्तावों को खारिज करते हुए कहा है कि वे अपनी शर्तों पर जंग जारी रखेंगे. ईरान ने 5-सूत्रीय शांति प्रस्ताव रखा है जिसमें संप्रभुता बनाए रखने की मांग की गई है.
यह भी पढ़ें: ईरान जंग में नहीं मिला साथ तो चिढ़ गए ट्रंप? NATO से अमेरिका को बाहर निकालने की कर रहे तैयारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं