विज्ञापन

मॉरीशस में जयशंकर की नेपाल और भूटान के विदेश मंत्रियों से मुलाकात, जानिए क्या हुई बात

भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस समय मॉरीशस के आधिकारिक दौरे पर हैं, जहां वे 9वें इंडियन ओशन कॉन्फ्रेंस में हिस्सा ले रहे हैं और दूसरे देशों के नेताओं से भी मुलाकात कर रहे हैं. इसी कड़ी में उन्होंने शुक्रवार को नेपाल और भूटान के विदेश मंत्रियों से मुलाकात की है.

मॉरीशस में जयशंकर की नेपाल और भूटान के विदेश मंत्रियों से मुलाकात, जानिए क्या हुई बात
नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल के साथ एस. जयशंकर.

भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को मॉरीशस में 9वें इंडियन ओशन कॉन्फ्रेंस के दौरान नेपाल और भूटान के अपने समकक्षों से मुलाकात की. भूटान के विदेश मंत्री डी एन धुंग्येल से मुलाकात के बाद जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों की साझेदारी लगातार आगे बढ़ रही है और मजबूत हो रही है. एस. जयशंकर ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट में कहा, “आज पोर्ट लुइस में भूटान के विदेश मंत्री डी एन धुंग्येल के साथ गर्मजोशी भरी बातचीत हुई. हमारी खास और भरोसेमंद साझेदारी लगातार आगे बढ़ रही है और फल-फूल रही है.”

जयशंकर ने नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से भी मुलाकात की और अलग-अलग क्षेत्रों में गहरे सहयोग के जरिए द्विपक्षीय संबंधों की पूरी क्षमता को हासिल करने पर चर्चा की. खनाल के मार्च में पद संभालने के बाद दोनों मंत्रियों की यह पहली मुलाकात थी.

उन्होंने कहा, “शुक्रवार दोपहर नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से मिलकर खुशी हुई. उन्हें उनके नए पद के लिए बधाई दी. हमने भारत-नेपाल साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में गहरा सहयोग बढ़ाने पर बात की.”

नेपाल के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने आपसी हितों के मुद्दों पर चर्चा की और रिश्तों को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.

नेपाल के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट में कहा, “विदेश मंत्री शिशिर खनाल, जो 10-12 अप्रैल 2026 तक मॉरीशस में 9वें इंडियन ओशन कॉन्फ्रेंस में शामिल होने आए हैं, उन्होंने भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से द्विपक्षीय बैठक की. डॉ. जयशंकर ने उन्हें पद संभालने पर बधाई दी.”

उन्होंने आगे कहा, “दोनों नेताओं ने लंबे समय से चले आ रहे नेपाल-भारत संबंधों की समीक्षा की. दोनों पक्षों के बीच आपसी हितों पर सकारात्मक और आगे की सोच के साथ बातचीत हुई और सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति बनी.”

जयशंकर इस समय मॉरीशस के आधिकारिक दौरे पर हैं, जहां वे 9वें इंडियन ओशन कॉन्फ्रेंस में हिस्सा ले रहे हैं और दूसरे देशों के नेताओं से भी मुलाकात कर रहे हैं.

इससे पहले उन्होंने सेशेल्स के विदेश मंत्री बैरी फॉरे से भी मुलाकात की और कहा कि भारत, मौजूदा आर्थिक चुनौतियों से निपटने में सेशेल्स की मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है.

उन्होंने मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गोखुल से भी मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से शुभकामनाएं दीं. जयशंकर ने कहा कि यह बातचीत दोनों देशों की दोस्ती की गर्मजोशी और रिश्तों को आगे बढ़ाने की मजबूत इच्छा को दिखाती है.

उन्होंने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट में कहा, “मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गोखुल से मिलकर सम्मानित महसूस किया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं. हमारी बातचीत ने हमारी दोस्ती की गर्मजोशी और साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दर्शाया.”

यह भी पढ़ें - EAM जयशंकर ने कतर के PM और यूएई के विदेश मंत्री से बात, मिडिल ईस्ट के हालात पर चर्चा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com