विज्ञापन
This Article is From Apr 17, 2025

यूक्रेन में भारतीय दवा कंपनी के गोदाम पर मिसाइल अटैक, रूस ने कहा- इसमें मेरा हाथ नहीं

यूक्रेन की राजधानी कीव में स्थित भारतीय दवा कंपनी के गोदाम पर मिसाइल अटैक की घटना पर रूस का पक्ष सामने आया है. रूस ने साफ तौर पर इस हमले में अपना हाथ होने से इनकार किया है.

यूक्रेन में भारतीय दवा कंपनी के गोदाम पर मिसाइल अटैक, रूस ने कहा- इसमें मेरा हाथ नहीं

रूस-यूक्रेन जंग के बीच 13 अप्रैल को यह खबर सामने आई कि कीव में स्थित भारतीय दवा कंपनी के गोदाम पर मिसाइल अटैक हुआ. यूक्रेन ने दावा किया कि यह हमला रूस की ओर से किया गया था. अब इस मामले में रूस की प्रतिक्रिया सामने आई है. रूस ने यूक्रेन के कीव में भारतीय दवा कंपनी के गोदाम पर हुए हमले में अपना हाथ होने से इनकार किया है. रूस ने कहा हो सकता है कि इस हमले में यूक्रेनी वायु रक्षा मिसाइल का हाथ हो. 

कुसुम हेल्थकेयर के गोदाम पर न तो हमला किया और न ही हमले की कोई योजना बनाईः रूस

नई दिल्ली में यूक्रेन के दूतावास द्वारा लगाए गए ‘‘आरोपों'' के जवाब में, रूसी दूतावास ने एक बयान में कहा कि रूसी सशस्त्र बलों ने 12 अप्रैल को कुसुम हेल्थकेयर के गोदाम पर न तो हमला किया और न ही हमला करने की कोई योजना बनाई. इसने कहा कि रूसी विमानों ने उस दिन मानव रहित हवाई यानों (यूएवी) को निशाना बनाया और मिसाइल बलों ने यूक्रेनी सेना के एक विमानन संयंत्र के अलावा एक हवाई क्षेत्र और बख्तरबंद वाहन मरम्मत तथा यूएवी असेंबली कार्यशालाओं को पूरी तरह से अलग स्थान पर निशाना बनाया.

संभवत यूक्रेनी वायु रक्षा मिसाइल गोदाम पर गिरी और आग लगी

रूसी दूतावास ने कहा, ‘‘घटना की सबसे संभावित वजह यह है कि यूक्रेनी वायु रक्षा मिसाइलों में से एक कुसुम हेल्थकेयर के गोदाम पर गिर गई, जिससे उसमें आग लग गई.'' इसने कहा, ‘‘इसी तरह के मामले पहले भी हो चुके हैं, जब यूक्रेनी वायु रक्षा इंटरसेप्टर अपने लक्ष्यों को भेदने में विफल रहे और घटिया तरीके से संचालित इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों के कारण शहरी क्षेत्रों में गिर गए.''

मालूम हो कि बीते दिनों यूक्रेन की राजधानी कीव में भारतीय दवा कंपनी कुसुम के गोदाम पर हमले की खबर सामने आई थी. तब यूक्रेन ने कहा था कि रूस ने यह हमला किया. लेकिन अब रूस ने अपना हाथ होने से इनकार कर दिया है. 

12 अप्रैल की इस घटना की जानकारी 13 अप्रैल को तब सामने आई जब यूक्रेन ने कहा कि रूसी मिसाइल ने कीव में एक भारतीय दवा कंपनी के गोदाम पर हमला किया. भारत में यूक्रेन के दूतावास ने आरोप लगाया कि रूस ने यूक्रेन में भारतीय व्यवसायों को जानबूझकर निशाना बनाया.

यूक्रेन ने कहा था- रूस जानबूझकर भारतीय कारोबारियों को निशाना बना रहा

यूक्रेन के दूतावास ने कहा, "आज, रूसी मिसाइल ने यूक्रेन में भारतीय दवा कंपनी कुसुम के गोदाम पर हमला किया. भारत का स्पेशल दोस्त होने का दावा करने वाला मास्को जानबूझकर भारतीय व्यवसायों को निशाना बना रहा है. इसके जरिए वो बच्चों और बुजुर्गों के लिए बनाई गई दवाओं को नष्ट कर रहा है."

कुसुम यूक्रेन की बड़ी फार्मा कंपनी, भारत के राजीव गुप्ता है मालिक 

भारतीय व्यवसायी राजीव गुप्ता की स्वामित्व वाली कुसुम यूक्रेन की सबसे बड़ी फार्मा कंपनियों में से एक है. सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया कि कंपनी के उत्पाद यूक्रेन के लिए महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि वे बुनियादी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करते हैं. सूत्रों ने कहा कि गोदाम पर मिसाइल नहीं बल्कि ड्रोन ने सीधा हमला किया.

लेकिन अब इस मामले में रूस ने अपना हाथ होने से इनकार कर दिया है. साथ ही रूस ने कहा कि हो सकता है कि इस हमले में यूक्रेनी वायु रक्षा मिसाइल सामने हो. अब देखना है कि इस मामले में यूक्रेन क्या कहता है.



खबर अपडेट की जा रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Russia-Ukraine, Russia-ukraine War, Russia-Ukraine Attack, Russia-ukraine Conflcit, Russia-Ukraine Ceasefire Pact
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com