Pakistan Crime News: पाकिस्तान में अपनी पसंद से शादी करना यानी लव मैरिज अब भी कई लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है. कराची में एक नए-नवेले कपल को कोर्ट से बाहर निकलते ही गोलियों से भून दिया गया. दोनों अपनी शादी को कानूनी मान्यता दिलाने के लिए अदालत पहुंचे थे और कोर्ट में साफ कहा था कि उन्होंने अपनी मर्जी से निकाह किया है. लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी गाड़ी का पीछा कर हमला कर दिया गया. पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्या के पीछे लड़की के रिश्तेदारों का हाथ हो सकता है. यह घटना पाकिस्तान में हॉरर किलिंग और महिलाओं के खिलाफ हिंसा की गंभीर समस्या को फिर सामने लाती है।
क्या है पूरा मामला?
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, 26 साल के युवक (पति) और 20 साल की युवती (पत्नी) पर यह घातक हमला उस समय हुआ जब दोनों अपनी शादी को वैध साबित करने के लिए अदालत से बाहर निकले थे. दोनों कानूनी प्रक्रिया पूरी करके लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी का पीछा कर रहे हथियारबंद हमलावरों ने उन्हें रोक लिया. कोरंगी के सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस फिदा हुसैन जनवारी के मुताबिक, संदिग्धों ने एक खेल मैदान के पास उनकी गाड़ी पर गोलियों की बौछार कर दी.
इस टारगेटेड किलिंग से पहले दुल्हन के रिश्तेदारों ने पुलिस के पास गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था. लेकिन अपने परिवार के दबाव का विरोध करते हुए महिला ने अदालत में अपनी शादी का बचाव किया था. उसने मलिर कोर्ट में बयान दिया था कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है. दोनों ने अदालत में अपना निकाहनामा भी जमा किया था, ताकि साबित किया जा सके कि उनकी शादी कानूनी रूप से वैध है.
पाकिस्तान में हॉरर किलिंग
यह घटना पाकिस्तान में महिलाओं के खिलाफ गहरी जड़ें जमा चुकी हिंसा को दिखाती है, जहां अपनी पसंद से शादी करने पर कई बार जान से मार दिया जाता है. इस साल की शुरुआत में भी कराची के सोहराब गोठ इलाके में “ऑनर” के नाम पर एक युवा जोड़े की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. 30 साल के व्यक्ति और उसकी 28 साल की पत्नी के शव लासी गोठ इलाके के एक घर में मिले थे. दोनों को कई गोलियां मारी गई थीं.
इसी तरह दिसंबर 2025 में कराची के माछर कॉलोनी इलाके में अपनी मर्जी से शादी करने वाले एक जोड़े की महिला के पिता ने हत्या कर दी थी. अधिकारियों ने इसे तथाकथित “ऑनर किलिंग” बताया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं