वाशिंगटन:
पाकिस्तानी सेना ने अल कायदा सरगना ओसामा बिन लादेन को पाकिस्तानी सेना की छावनी के निकट एबटाबाद में शरण दी थी। पूर्व सेना प्रमुख जियाउद्दीन बट ने इस बात का खुलासा करते हुए कहा कि इस बात की जानकारी पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ को थी। जेम्सटाउन फाउंडेशन की वेबसाइट पर जारी एक आलेख में बट के हवाले से कहा गया कि पाकिस्तान के लाख मना करने के बाद भी इस तरह के साक्ष्य सामने आ रहे हैं कि "पाकिस्तानी सेना के तत्वों ने लादेन को छुपाया था और इस बात की जानकारी मुशर्रफ और वर्तमान सेना प्रमुख जनरल अशफाक परवेज कयानी को थी।" पूर्व सेना प्रमुख जियाउद्दीन बट ने अक्टूबर 2011 में पाकिस्तान-अमेरिका सम्बंधों पर आयोजित एक समारोह में कहा था कि उनकी जानकारी के मुताबिक इंटेलीजेंस ब्यूरो के तत्कालीन महानिदेशक ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) एजाज शाह ने "लादेन को इंटेलीजेंस ब्यूरो के एबटाबाद में स्थित सुरक्षित पनाहगाह में शरण दी थी।" लादेन को अमेरिकी कमांडो ने 2 मई को रात में किए गए एक विशेष अभियान में एबटाबाद स्थित घर में ढेर कर दिया था। सेवानिवृत्त जनरल ने कहा कि बाद में इंटर सर्विसेज इंटेलीजेंस (आईएसआई) ने अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए को लादेन का ठिकाना तलाशने में मदद करते हुए उसी एबटाबाद का पता बताया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह खुलासा कुछ समय तक समाचार संगठनों की सुर्खियां इसलिए नहीं बन पाया क्योंकि कुछ खुफिया अधिकारियों ने पत्रकारों से कहा था कि वे बट की टिप्पणी को प्रकाशित न करें। बट ने पाकिस्तानी दैनिक डॉन को 11 दिसंबर को कहा था कि "उसे पूरा भरोसा है कि एजाज शाह ने लादेन को एबटाबाद परिसर में छुपने के लिए जगह दी थी और इसकी जानकारी मुशर्रफ को थी।" बट ने साथ ही कहा कि एजाज शाह मुशर्रफ सरकार के शासनकाल के दौरान काफी शक्तिशाली था। बट से यह पूछे जो पर कि पाकिस्तान के वर्तमान सेना प्रमुख जनरल अशफाक परवेज कयानी को इस बात की जानकारी थी या नहीं इस पर पहले तो उन्होंने कहा, हां। लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि मैं नहीं जानता, हो सकता है कि उन्हें जानकारी न हो।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
लादेन, एबटाबाद, पाक, सेना