विज्ञापन
This Article is From Jul 08, 2016

ताइवान पहुंचा शक्तिशाली 'नेपार्तक' तूफान, दो की मौत, 66 लोग घायल

ताइवान पहुंचा शक्तिशाली 'नेपार्तक' तूफान, दो की मौत, 66 लोग घायल
ताइवान में तेजी से बढ़ रहा नेपार्तक तूफान।
ताइपे: ताइवान के पूर्वी तट पर शक्तिशाली तूफान ‘नेपार्तक’ के पहुंचने के कारण क्षेत्र में जोरदार हवाएं चलीं और मूसलाधार बारिश हुई जिसके कारण दो लोगों की मौत हो गई और 66 अन्य लोग घायल हो गए। नेपार्तक के ताइवान पहुंचने के मद्देनजर 15,000 से अधिक लोगों को प्रभावित क्षेत्रों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

द्वीप के सेंट्रल वेदर ब्यूरो ने बताया कि तूफान नेपार्तक आज सुबह ताइतुंग काउंटी पहुंचा। यहां पहुंचने के बाद शक्तिशाली तूफान कमजोर होकर मध्यम शक्ति वाले तूफान में बदल गया। ब्यूरो ने बताया कि तूफान का केंद्र आज तड़के काउशुंग शहर के 20 किलोमीटर पूर्व में था और वह 13 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिमोत्तर की तरफ बढ़ रहा है।

तूफान के और कमजोर होने की उम्मीद है लेकिन आपदा कार्रवाई अधिकारियों ने चिंता जताई कि भारी बारिश के कारण बाढ़ आ सकती है और भूस्खलन हो सकता है। ताइवान की आपदा प्रबंधन सेवा के अनुसार खासकर पिंगतुंग और ताइतुंग काउंटी में 3 लाख 90 हजार घरों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है।

द्वीप की रेल सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं और 600 से अधिक घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, इसके अलावा 178 उड़ानों के परिचालन में देरी हुई। तूफान के शाम तक चीन के फुजियान प्रांत में पहुंचने की संभावना है। ताइवान के अधिकारियों ने बताया कि 14 काउंटी एवं शहरों के 15,400 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ताइवान, नेपार्तक तूफान, आंधी तूफान, Taiwan, Taiwan Heavy Rain, Nepartak Typhoon
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com