वाशिंगटन:
दक्षिण एशिया मामलों की जानकार और क्षेत्र में राजनयिक अनुभव रखने वाली नैंसी पॉवेल को राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भारत में अमेरिका का नया राजदूत बनाने की घोषणा की है। इस प्रतिष्ठित पद के लिए नामांकित होने वाली वह पहली महिला हैं। 64 वर्षीय पॉवेल वर्तमान राजदूत टिमोथी रोमर की जगह लेंगी, जिन्होंने अप्रैल, 2011 में अपना दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। पॉवेल की नियुक्ति को सीनेट की मंजूरी लेनी होगी। वर्तमान में पीटर बरले भारत में अमेरिकी दूतावास के प्रभारी के तौर पर काम कर रहे हैं। पॉवेल अमेरिका की विदेश सेवा की वरिष्ठ सदस्य हैं। वह पाकिस्तान और नेपाल में अमेरिका की राजदूत रह चुकी हैं। वह कोलकाता, नई दिल्ली, ढाका, काठमांडू, इस्लामाबाद और ओटावा में कई राजनयिक पदों पर कार्यरत रह चुकी हैं। पॉवेल के नियुक्ति की घोषणा करते हुए ओबामा ने कहा, ये लोग हमारे देश की अच्छी सेवा करेंगे, मैं इनके साथ आने वाले समय में काम करने को लेकर उत्साहित हूं। पॉवेल वर्तमान में विदेश सेवा की महानिदेशक और विदेश मंत्रालय के मानव संसाधन निदेशक के पदों पर कार्यरत हैं। उन्हें जनवरी, 2011 में करियर अंबेसडर का पद दिया गया।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
नैंसी पॉवेल, अमेरिकी राजदूत, भारत