विज्ञापन

एक झटके में देश की सारी फांसी की सजा माफ! पड़ोसी देश के तानाशाह आर्मी चीफ ने राष्ट्रपति बनते सुनाया फैसला

म्यांमार के पूर्व राष्ट्रपति विन म्यिंट, जिन्हें 2021 के तख्तापलट के बाद गिरफ्तार किया गया था, उन्हें भी माफ कर दिया गया है. अब वे आजाद हो गए हैं.

एक झटके में देश की सारी फांसी की सजा माफ! पड़ोसी देश के तानाशाह आर्मी चीफ ने राष्ट्रपति बनते सुनाया फैसला
Myanmar: म्यांमार के तानाशाह आर्मी चीफ मिन आंग ह्लाइंग अब राष्ट्रपति बन गए हैं

म्यांमार के तानाशाह आर्मी चीफ मिन आंग ह्लाइंग ने राष्ट्रपति बनने के ठीक एक हफ्ते बाद शुक्रवार, 17 अप्रैल को एक बड़ा फैसला लिया. उन्होंने देश में जिन लोगों को फांसी की सजा मिली थी, उन सभी की सजा को बदलकर उम्रकैद कर दिया. यानी फांसी की सजा पाने वाले सभी लोगों को एक साथ माफी दे दी गई है. मिन आंग ह्लाइंग की सेना ने फरवरी 2021 में तख्तापलट करके सत्ता छीन ली थी. इसके बाद सेना ने कई सालों बाद फिर से फांसी देना शुरू किया और उन लोगों को निशाना बनाया जो उनके खिलाफ थे. खास बात है कि म्यांमार के पूर्व राष्ट्रपति विन म्यिंट, जिन्हें 2021 के तख्तापलट के बाद गिरफ्तार किया गया था, उन्हें भी माफ कर दिया गया है. अब वे आजाद हो गए हैं.

एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार संयुक्त राष्ट्र के आंकड़े बताते हैं कि सत्ता संभालने के बाद के एक साल में ही तानाशाह आर्मी चीफ की सेना ने 130 से ज्यादा लोगों को फांसी की सजा दे दी थी. लेकिन म्यांमार की अदालतें बंद तरीके से काम करती हैं, इसलिए सही आंकड़े मिलना मुश्किल है. पांच साल तक सेना प्रमुख रहने के बाद, पिछले शुक्रवार को मिन आंग ह्लाइंग को राष्ट्रपति बना दिया गया. लोकतंत्र पर नजर रखने वाले समूहों का कहना है कि यह सिर्फ सैन्य शासन को “सिविल” (नागरिक) रूप देने की कोशिश है.

इस बदलाव के साथ सेना ने कुछ सख्त फैसलों को थोड़ा कम किया है. सरकार इसे मेल-मिलाप बता रही है, लेकिन आलोचकों का कहना है कि यह सिर्फ दिखावा है ताकि छवि सुधारी जा सके. रिपोर्ट के अनुसार एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि “जिन लोगों को फांसी की सजा मिली है, उनकी सजा अब उम्रकैद में बदल दी जाएगी.” इसमें किसी खास कैदी का नाम नहीं बताया गया.

इससे पहले मई 2023 में भी 38 कैदियों की फांसी की सजा माफ की गई थी, लेकिन वह सभी के लिए नहीं था.

शुक्रवार का यह फैसला म्यांमार के थिंगयान नए साल के मौके पर लिया गया, जो वहां का एक बड़ा त्योहार है. इस समय आमतौर पर माफी दी जाती है. इस बार 4,300 से ज्यादा कैदियों को रिहा करने की योजना है, जिनमें 179 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं. साथ ही 40 साल से कम की सजा पाने वाले कैदियों की सजा एक-छठा (1/6) कम कर दी गई है.

पूर्व राष्ट्रपति को भी माफी

म्यांमार के पूर्व राष्ट्रपति विन म्यिंट को भी माफ कर दिया गया है. उनकी पार्टी के प्रवक्ता ने बताया कि वह अब आजाद हैं और पूरी तरह स्वस्थ हैं. नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी पार्टी के प्रवक्ता म्यो न्यंट ने कहा, “मैं अभी नेपीदॉ पहुंचा हूं और राष्ट्रपति यू विन म्यिंट और उनके परिवार से उनकी बेटी के घर पर मिल रहा हूं.” यह पार्टी तख्तापलट के बाद भंग कर दी गई थी.

यह भी पढ़ें: 25 दिन से जर्मनी के तट पर फंसी है 44 फीट की व्हेल, उसे बचाने की बस यह आखिरी उम्मीद बची

लेखक के बारे में
img
Ashutosh Kumar Singh
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Myanmar, World News, Death Senetence
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com