- पीटीआई के वरिष्ठ नेता मूनिस इलाही ने बताया कि उज्मा खान और नोरीन नियाजी को कोट लखपत जेल से रिहा किया गया है
- खान की बड़ी बहन अलीमा खान अब भी जेल में हैं और उनकी रिहाई के लिए भी उम्मीद जताई गई है
- पीटीआई नेताओं ने कहा है कि दो बहनों की रिहाई से परिवार के अन्याय और उत्पीड़न खत्म नहीं होता है
पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की दो बहनों को पंजाब सरकार द्वारा उनकी हिरासत के आदेश वापस लिए जाने के बाद बृहस्पतिवार को रिहा कर दिया गया. विपक्षी दल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के नेताओं ने यह जानकारी दी.
पीटीआई के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व संघीय मंत्री मूनिस इलाही ने एक बयान में कहा, ‘‘आखिरकार कुछ अच्छी खबर मिली. पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की दो बहनों डॉ. उज्मा खान और नोरीन नियाजी को (पंजाब सरकार द्वारा) हिरासत के आदेश वापस लिए जाने के बाद कोट लखपत जेल से रिहा कर दिया गया.''
हालांकि, उन्होंने कहा कि खान की बड़ी बहन अलीमा खान अब भी सलाखों के पीछे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘उम्मीद है कि अलीमा साहिबा और खान की पत्नी बुशरा बीबी को भी जल्द ही रिहा कर दिया जाएगा.''
पीटीआई के एक अन्य वरिष्ठ नेता जुल्फी बुखारी ने कहा, ‘‘दो बहनों की रिहाई से अन्याय खत्म नहीं हो जाता और न ही इमरान खान के परिवार को दी गई यातनाएं मिट जाती हैं. हमारी मांग स्पष्ट है कि कोई चुनिंदा राहत नहीं, कोई डराना-धमकाना नहीं और आगे कोई उत्पीड़न नहीं.''
खान की तीनों बहनों को सितंबर में एक सुरक्षा कानून के तहत हिरासत में लिया गया था, ताकि उन्हें खान की रिहाई के लिए देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के वास्ते लोगों को लामबंद करने से रोका जा सके. पीटीआई के 74 वर्षीय संस्थापक 2023 से जेल में बंद हैं और उन पर भ्रष्टाचार एवं हिंसा भड़काने से जुड़े आरोपों सहित 100 से अधिक मामले दर्ज हैं. उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17 जनवरी 2025 को एक अलग मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें दंपति को सजा सुनाई गई थी.
यह भी पढ़ें | धमकियों या प्रतिबंधों से ईरान का मिसाइल विकास नहीं रुकेगा: IRGC प्रमुख
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं