दुनिया में AI चिप बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी एनवीडिया का बोर्ड अपने को-फाउंडर और CEO जेनसन हुआंग को हटाने की तैयारी कर रहा है. जेनसन हुआंग का एक और अफेयर सामने आया है और वह भी अपने नीचे काम करने वाली कर्मचारी के साथ. इससे पहले यह खुलासा हुआ था कि उनका एक ऐसी महिला से अफेयर था, जिस पर चीन के लिए जासूसी करने का आरोप है. ऐसे में जब अमेरिकी मीडिया दावा कर रही है कि जेनसन हुआंग को कंपनी से हटाया जाएगा, तब उनका साथ दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने दिया है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जब एक यूजर ने एलन मस्क से कहा कि एलन, प्लीज जेनसन को काम पर रख लीजिए तो एलन ने जवाब दिया कि ऐसा करना सम्मान की बात होगी.

अपनी बनाई कंपनी से ही निकाले जाएंगे जेनसन, मामला यहां तक कैसे पहुंचा?
हुआंग के दो कथित एक्स्ट्रामैरिटल रिश्तों का खुलासा हुआ है, जिनमें से एक कारोबारी महिला से है, जिस पर अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को चीनी खुफिया सेवाओं से जुड़े होने का शक है. वॉल स्ट्रीट जर्नल ने मामले से जुड़े लोगों के हवाले से बताया कि एनवीडिया का बोर्ड हुआंग के भविष्य पर चर्चा के लिए गुरुवार तक बैठक कर सकता है. 63 साल के हुआंग पर यह दबाव उनके निजी रिश्तों के खुलासे के बाद बढ़ा है, जिनका असर कंपनी पर भी पड़ सकता है.
वहीं, न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया कि हुआंग का एनवीडिया की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ एक्स्ट्रामैरिटल रिश्ता था, जो उन्हें रिपोर्ट करती हैं. अखबार ने कंपनी में काम कर चुके पांच लोगों के हवाले से कहा कि इस रिश्ते के बारे में पहले कोई जानकारी नहीं थी. न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, मार्च में एनवीडिया के कॉन्फ्रेंस के दौरान कैलिफोर्निया के सैन होजे में एक होटल में हुआंग और 48 साल की पॉवेल को एक-दूसरे के साथ अंतरंग स्थिति में वीडियो में कैद किया गया था. कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, पॉवेल 2008 में एनवीडिया से जुड़ी थीं और कंपनी की चिप टेक्नोलॉजी को उच्च शिक्षा और हेल्थकेयर, खासकर मेडिकल इमेजिंग डिवाइस में इस्तेमाल करने वाले प्रोग्राम देखती हैं.
इस रिश्ते ने एनवीडिया की वर्कप्लेस पॉलिसी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. कंपनी की आचार संहिता में कर्मचारियों से कहा गया है कि वे ऐसी स्थिति से बचें जिससे हितों का टकराव हो, जिसमें निजी रिश्ते भी शामिल हैं. न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया कि कंपनी यह भी कहती है कि वह गलत आचरण की शिकायतों की तुरंत जांच करती है. कई कंपनियों में मैनेजर और उनके अधीन काम करने वाले कर्मचारियों के बीच रिश्ते पर रोक होती है.
यह भी पढ़ें | एनवीडिया के CEO का एक और अफेयर आया सामने, कौन है वह कर्मचारी जिसके साथ होटल में पकड़े गए थे जेनसन हुआंग?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं