विज्ञापन

ट्रंप ने अपनी दोनों पारियों में 15 देशों को बनाया निशाना, दुनिया का हर 13वां देश बना शिकार

Donald Trump War Record: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसबार अमेरिका के पार्टनर देश ओमान को ही उड़ाने की धमकी दे दी है. अपने दूसरे कार्यकाल के 16 महीनों में ही ट्रंप 7 देशों पर अटैक कर चुके हैं.

ट्रंप ने अपनी दोनों पारियों में 15 देशों को बनाया निशाना, दुनिया का हर 13वां देश बना शिकार
Donald Trump War Record: डोनाल्ड ट्रंप ने 15 देशों पर या तो हमला किया या धमकी दी
  • ओमान 15वां देश बना, जिसे ट्रंप ने अपनी दोनों पारियों में या तो हमला करने की धमकी दी या वास्तव में हमला किया
  • मौजूदा कार्यकाल में ट्रंप अब तक सात देशों में सैन्य कार्रवाई कर चुके हैं
  • जिन 15 देशों को ट्रंप ने निशाने पर लिया, उनमें से पांच देशों को उन्होंने अमेरिका में मिलाने की इच्छा भी जताई
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार खुद को दुनिया में शांति लाने वाला नेता बता चुके हैं. शांति का नोबेल पुरस्कार पाने के लिए तो उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी थी. लेकिन दूसरी तरफ उनके राष्ट्रपति कार्यकाल की तस्वीर बिल्कुल अलग दिखती है. राष्ट्रपति के तौर पर डोनाल्ड ट्रंप ने उन देशों की एक लंबी लिस्ट बना दी है, जिनपर उन्होंने या तो हमला कर दिया है या हमला करने की धमकी दी. बुधवार को ट्रंप ने इस लिस्ट में एक और नया नाम जोड़ दिया. उन्होंने अमेरिका के पार्टनर देश ओमान को ही धमकी दी कि अगर वह ईरान के साथ मिलकर होर्मुज जलडमरूमध्य को कंट्रोल करने की कोशिश करेगा, तो अमेरिका हमला कर सकता है.

व्हाइट हाउस की कैबिनेट बैठक में ट्रंप ने कहा, “ओमान बाकी सबकी तरह व्यवहार करेगा, नहीं तो हमें उन्हें उड़ा देना पड़ेगा.”

15 देशों पर या तो हमला किया या धमकी दी

ओमान कम से कम 15वां देश बन गया है, जिसे ट्रंप ने अपने दोनों राष्ट्रपति कार्यकालों के दौरान या तो हमला करने की धमकी दी, हमला करने की संभावना जताई, या वास्तव में हमला किया. इनमें से ज्यादातर घटनाएं उनके दूसरे यानी मौजूदा कार्यकाल के पहले 16 महीनों में हुई हैं. मौजूदा कार्यकाल में ट्रंप अब तक सात देशों में सैन्य कार्रवाई कर चुके हैं- ईरान, इराक, नाइजीरिया, सोमालिया, सीरिया, वेनेजुएला और यमन.

इनमें से कुछ देशों पर उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में भी हमले किए थे.

साथ ही मौजूदा कार्यकाल में ट्रंप ने सात और देशों के खिलाफ हमले की धमकी दी या हमला करने की संभावना खुली छोड़ी है- इनमें कनाडा, कोलंबिया, क्यूबा, ग्रीनलैंड, मेक्सिको, पनामा और अब ओमान शामिल हैं.  गौरतलब है कि ग्रीनलैंड डेनमार्क का हिस्सा है. पहले कार्यकाल में ट्रंप मेक्सिको और नॉर्थ कोरिया को भी धमकी दे चुके हैं. 

नोट- यहां यह ध्यान जरूरी है कि कुछ मामलों में, जैसे इराक में, हमले सीधे सरकार पर नहीं बल्कि आतंकवादियों को निशाना बनाकर किए गए थे. कुछ मामलों में ट्रंप ने सीधे धमकी नहीं दी, बल्कि सिर्फ यह कहने से इनकार किया कि हमला नहीं होगा.

साम्राज्यवादी होने का आरोप

ट्रंप पर आरोप लगता रहा है कि उनकी सोच साम्राज्यवादी है. जिन 15 देशों पर ट्रंप ने हमला किया या धमकी दी, उनमें से पांच देशों को उन्होंने अमेरिका में मिलाने की इच्छा भी जताई है. इन देशों में कनाडा, क्यूबा, ग्रीनलैंड, पनामा (खास तौर पर पनामा नहर) और वेनेजुएला शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: ट्रंप ने अमेरिका के पार्टनर देश ओमान को भी “उड़ा देने” की धमकी क्यों दी?


 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com