विज्ञापन

VIDEO: धमाका ऐसा जैसे परमाणु बम फटा हो! लॉन्च पैड पर ही ब्लू ओरिजिन का रॉकेट ब्लास्ट

ब्लू औरिजीन का न्यू ग्लेन रॉकेट अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के केप कैनावेरल लॉन्च पैड पर फट गया है और इसका वीडियो अब वायरल हो रहा है.

VIDEO: धमाका ऐसा जैसे परमाणु बम फटा हो! लॉन्च पैड पर ही ब्लू ओरिजिन का रॉकेट ब्लास्ट
Blue Origin rocket explodes on launch pad: लॉन्च पैड पर ही ब्लू ओरिजीन का रॉकेट ब्लास्ट

अरबपति जेफ बेजोस की स्पेस कंपनी ब्लू ओरिजिन को एक और बड़ा झटका लगा है. अमेरिका में लॉन्च से पहले ही विशाल इस स्पेस कंपनी के रॉकेट में जोरदार धमाका हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. दरअसल ब्लू ओरिजिन का न्यू ग्लेन रॉकेट अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के केप कैनावेरल लॉन्च पैड पर फट गया. धमाका इतना जोरदार था कि आग का गुबार बहुत दूर तक दिखा, मंजर कुछ ऐसा था जैसे परमाणु बम टेस्ट किया गया हो. कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी छोटे बयान में कहा, “आज के हॉटफायर टेस्ट के दौरान गड़बड़ी हुई.” कंपनी ने यह भी कहा कि सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं.

घटना के सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि 98 मीटर (321 फीट) ऊंचे रॉकेट के नीचे से पहले धुआं निकलता है, फिर कुछ ही देर में वह एक बड़े आग के गोले में बदल जाता है.

कंपनी के लिए बड़ा झटका

यह धमाका अरबपति जेफ बेजोस की स्पेस कंपनी ब्लू ओरिजिन के लिए एक और बड़ा झटका है. न्यू ग्लेन रॉकेट कंपनी की अंतरिक्ष योजनाओं का सबसे अहम हिस्सा माना जाता है. धमाके के तुरंत बाद जेफ बेजोस ने X पर लिखा, “अभी यह कहना जल्दी होगा कि असली वजह क्या थी, लेकिन हम इसकी जांच में जुट गए हैं.” उन्होंने कहा, “आज का दिन बहुत खराब रहा, लेकिन जो भी दोबारा बनाना पड़ेगा हम बनाएंगे और फिर से उड़ान शुरू करेंगे. यह इसके लायक है.”

ब्लू ओरिजिन की प्रतिद्वंदी कंपनी स्पेस एक्स के संस्थापक और दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने भी दुख जताया और इस हादसे को “बहुत दुर्भाग्यपूर्ण” बताया.

फ्लोरिडा के सांसद माइक हरिडोपोलोस ने कहा कि उन्होंने इस धमाके को लेकर नासा प्रमुख जेरेड इसाकमैन से बात की है. उन्होंने कहा, “राहत की बात है कि किसी के घायल होने की खबर नहीं है. मैं उन बचावकर्मियों, इंजीनियरों और लॉन्च टीम का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने तुरंत एक्शन लिया.”

बता दें कि NASA और ब्लू ओरिजिन मिलकर आर्टेमिस मून मिशन के लिए चंद्रमा पर उतरने वाला लैंडर बना रहे हैं. जैरेड आइजैकमैन ने भी कहा कि नासा को इस धमाके की जानकारी है. उन्होंने X पर लिखा, “अंतरिक्ष उड़ान बहुत कठिन होती है और इतने बड़े रॉकेट बनाना बेहद चुनौतीपूर्ण काम है. हम अपने साझेदारों के साथ मिलकर इस घटना की पूरी जांच करेंगे, मिशनों पर इसके असर का पता लगाएंगे और फिर से रॉकेट लॉन्च शुरू करेंगे.”

एक के बाद एक झटके

पिछले महीने भी ब्लू ओरिजिन का न्यू ग्लेन रॉकेट एक कम्युनिकेशन सैटेलाइट को सही ऑर्बिट में पहुंचाने में फेल हो गया था, जिसके बाद जांच शुरू हुई थी. हालांकि कंपनी रॉकेट के बूस्टर को वापस लाने और दोबारा इस्तेमाल करने में सफल रही, लेकिन बिना इंसान वाले इस मिशन में AST SpaceMobile का सैटेलाइट सही जगह तक नहीं पहुंच पाया.

इसके बाद अमेरिका की फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने ब्लू ओरिजिन को “मिशैप जांच” करने का आदेश दिया था, जो इस महीने पूरी हुई. ब्लू ओरिजिन ने 22 मई को कहा था, “FAA ने हमारी NG-3 रिपोर्ट को मंजूरी दे दी है और जरूरी सुधार कर दिए गए हैं.” कंपनी के मुताबिक तापमान से जुड़ी समस्या की वजह से रॉकेट का एक इंजन पूरी ताकत से काम नहीं कर पाया, जिससे रॉकेट अपनी तय कक्षा तक नहीं पहुंच सका था.

यह भी पढ़ें: ब्रह्मांड में क्या राज छिपा है, खोजने का 100 गुना पावरफुल औजार मिल गया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Blue Origin, Blue Origin Rocket Blast, Space News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com