विज्ञापन
2 minutes ago
इस्लामाबाद:

US-Iran Peace Talk Live Updates: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच अहम बातचीत हो रही है. इसी बातचीत से तय होना है कि ईरान और अमेरिका में लड़ाई खत्म होगी या नहीं. लेबनान पर इजरायली हमले के कारण ईरान ने पहले इस बातचीत में शामिल होने से मना कर दिया था. हालांकि, बाद में ईरान बातचीत के लिए मान गया.  शुक्रवार को ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर कोई शांति समझौता नहीं होता है तो अमेरिका फिर से हमला करेगा. पीस टॉक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि होर्मुज स्ट्रेट जल्दी खुल जाएगा क्योंकि समंदर में बिछी बारूदी सुरंगों को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है.  

पीस टॉक से जुड़ी बड़ी बातेंः

  1. पाकिस्तान की ओर से कौन: पाकिस्तान इस वार्ता का मेजबान और मध्यस्थ दोनों है. पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, विदेश मंत्री और उप प्रधानमंत्री इसहाक डार, आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद आसिम मलिक कर रहे हैं.
  2. अमेरिका की ओर से कौन: व्हाइट हाउस के मुताबिक, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई उपराष्ट्रपति जेडी वेंस कर रहे हैं. उनके साथ ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर भी शामिल हैं.
  3. ईरान की ओर से कौन: ईरानी मीडिया के मुताबिक, ईरानी दल में वार्ताकार, एक्सपर्ट्स और सुरक्षा अधिकारियों समेत 71 लोग शामिल हैं. दल की अगुआई ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ कर रहे हैं. दल में विदेश मंत्री अब्बास अराघची, सुप्रीम नेशनल डिफेंस काउंसिल के सेक्रेटरी अली अकबर अहमदियान और सेंट्रल बैंक के गवर्नर अब्दुलनसर हेम्मती शामिल हैं.  
  4. कहां हो रही है वार्ता: अमेरिका और ईरान दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल के इस्लामाबाद के सेरेना होटल में ठहरने की खबर है. बातचीत भी यहीं हो रही है. 
  5. बातचीत के मुद्दे क्या हैं: वार्ता में सीजफायर को स्थायी रूप देने पर चर्चा हो रही है. एक बड़ा मुद्दा लेबनान में सीजफायर और होर्मुज स्ट्रेट का है. ईरान चाहता है कि सीजफायर में लेबनान को भी रखा जाए. वह आगे फिर कभी फिर हमला न करने की गारंटी और अपनी संपत्तियों को रिलीज करने की भी मांग कर रहा है.
     

अमेरिका, ईरान और पाकिस्तान के बीच बातचीत जारी

अमेरिकी युद्धपोत की होर्मुज पार करने की कोशिश फेल!

इस्लामाबाद में वार्ता के बीच अमेरिकी युद्धपोत के स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार करने की खबरों को ईरानी सरकार ने गलत बताया है. ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने दावा किया कि अमेरिकी नेवी के डेस्ट्रॉयर शिप ने होर्मुज पार करने की कोशिश की थी, लेकिन ईरान के कड़े प्रतिरोध की वजह से उसे वापस लौटना पड़ा.

ईरानी सेंट्रल बैंक गवर्नर की PAK डिप्टी पीएम संग बैठक

अमेरिका-ईरान वार्ता अपडेटः इस्लामाबाद में टेक्निकल लेवल की बातचीत के लिए ईरान के सेंट्रल बैंक के गवर्नर अब्दुल नासिर हेमती ने पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार से मुलाकात की. 

लंबी खिंचेगी शांति वार्ता? कल भी हो सकती है बातचीत

पाकिस्तान की मध्यस्थता में अमेरिका और ईरान के बीच संकेत हैं कि वार्ता लंबी खिंच सकती है. ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बातचीत रविवार को भी जारी रह सकती है. हालांकि वार्ता को आगे बढ़ाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. 

अब एक्सपर्ट लेवल की बातचीत, 3 कमिटियां कर रहीं वार्ता

इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान के बीच अब एक्सपर्ट लेवल की टेक्निकल बातचीत होगी. तस्नीम न्यूज के मुताबिक, वार्ता अब स्पेशलाइज्ड एक्सपर्ट फेज में पहुंच गई है. राजनीतिक, आर्थिक और कानूनी एक्सपर्ट्स की 3 कमिटियां बातचीत को आगे बढ़ा रही हैं. 

अमेरिका-ईरान वार्ता का पहला दौर पूरा

अमेरिका-ईरान के बीच वार्ता का पहला दौर पूरा हो गया है. पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ होटल में डेलिगेट्स के लिए डिनर होस्ट कर रहे हैं. पाकिस्तानी मीडिया ने सूत्रों के हवाले से दावा किया कि करीब 2 घंटे तक चली वार्ता में दोनों पक्षों ने सहमति तक पहुंचने के लिए लचीला रुख दिखाया. वार्ता का अगला दौर जल्द शुरू होगा. 

लेबनान में सीजफायर की मांग पर अड़ा ईरान

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माईल बकाई ने इस्लामाबाद वार्ता को लेकर अपडेट दिया है. SNN टीवी से बातचीत में उन्होंने बताया कि हमारी टीम की पाकिस्तानी अधिकारियों से लगभग दो-ढाई घंटे चर्चा हुई. हमने 10 सूत्रीय प्रस्तावों के आधार पर अपनी मांगें सामने रखीं. हमने पाकिस्तानी मध्यस्थ से साफ कह दिया है कि लेबनान भी सीजफायर का हिस्सा होगा, ये हमारी शर्त है.  

अमेरिका-ईरान वार्ता अगले दौर में पहुंची

अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में हो रही वार्ता में प्रगति की खबर है. तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, वार्ता अब अगले दौर में बढ़ गई है. इस दौर में एक्सपर्ट्स के बीच बातचीत होगी. ईरान की टेक्निकल कमिटी के प्रमुख सदस्य अहम मुद्दों पर सीधी बात करेंगे.  

ट्रंप ने ईरान को बताया नाकाम राष्ट्र

डोनाल्ड ट्रंप ने इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत शुरू होने की पुष्टि करते हुए ईरान पर तंज कसा है और उसे फेलिंग नेशन (फेल राष्ट्र) करार दिया है. ट्रंप ने ये भी कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के खुलने में अब ज्यादा वक्त नहीं है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बातचीत अच्छी नहीं रही, तो अमेरिका पासा पलटने (reset) के लिए तैयार है. हम कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं. 

ईरान ने उठाया लेबनान में इजरायली हमले का मुद्दा

पाकिस्तान की मध्यस्थता में अमेरिका-ईरान के बीच इस्लामाबाद में त्रिपक्षीय वार्ता शुरू हो गई है. तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, वार्ता से पहले ईरान ने लेबनान में इजरायल के हमले जारी रहने का मुद्दा उठाया और इन पर रोक लगाने की पुरजोर मांग की. बेरुत और दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमले रोकने को युद्धविराम लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. 

शहबाज ने ईरानी प्रतिनिधिमंडल की तारीफ की

ईरानी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ ने वार्ता में ईरान की सक्रिय भागीदारी की सराहना की है. प्रधानमंत्री कार्यालय ने क्षेत्रीय और वैश्विक शांति व स्थिरता के प्रति पाकिस्तान का संकल्प दोहराते हुए कहा कि हम एक मध्यस्थ के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं ताकि बातचीत की गति को बनाए रखा जा सके, जिसका मकसद आपसी सहयोग के जरिए विवादों का समाधान निकालना और दुनिया के सामने शांति का ठोस उदाहरण पेश करना है. 

तस्वीरों में देखें ईरानी प्रतिनिधिमंडल की PAK पीएम से मुलाकात

रानी प्रतिनिधिमंडल की पाकिस्तानी नेताओं से मुलाकात की तस्वीरें आई हैं. ये मीटिंग ईरानी संसद के स्पीकर गालिबाफ की अगुआई वाले दल की पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ से हुई है. 

ईरान ने वार्ता के लिए रखीं 4 बुनियादी शर्तें

ईरान ने मध्यस्थ पाकिस्तान के सामने 4 बुनियादी शर्तें रखी हैं. तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ईरान ने कहा है कि वो इन पर किसी कीमत पर समझौता नहीं करेगा. ये शर्तें हैं- 

1. स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पर ईरान की पूर्ण संप्रभुता सुनिश्चित करना

2. हमलावर देश द्वारा युद्ध के नुकसान का पूरा हर्जाना देना 

3. ईरान की फ्रीज की गई संपत्तियों को बिना शर्त छोड़ना

4. पूरे पश्चिम एशिया क्षेत्र में स्थायी युद्धविराम लागू करना. 

ये वार्ता 'अवैध युद्ध' खत्म करने का प्रयासः राजदूत

पाकिस्तान में ईरानी राजदूत ने इस्लामाबाद में हो रही शांति वार्ता पर बड़ा बयान दिया है और इसे इसे ईरान के खिलाफ जारी 'अवैध जंग' को खत्म करने अहम कोशिश करार दिया है. उन्होंने कहा कि ये युद्ध न सिर्फ ईरान और ईरानी सभ्यता के प्रति जघन्य अपराध है बल्कि क्षेत्रीय एवं वैश्विक सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है. राजदूत ने गेंद अमेरिका के पाले में डालते हुए कहा कि यह देखना बाकी है कि अमेरिका मध्यस्थता के इस प्रयास का सम्मान करेगा या फिर...

लेबनान में सीधी बातचीत का विरोध, बेरूत में सड़कों पर उतरे हिज़्बुल्लाह समर्थक

अमेरिकी दल से पाकिस्तानी पीएम की मुलाकात

इस्लामाबाद में शांति वार्ता के तहत अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की अगुआई वाले दल और पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ के बीच मुलाकात हुई है. वेंस के साथ स्पेशल दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर भी थे. शहबाज के साथ डिप्टी पीएम व विदेश मंत्री इशहाक डार और गृह मंत्री सैयद मोहसिन रजा नकवी मौजूद थे. 

ईरानी संपत्तियों को डी-फ्रीज नहीं करेगा अमेरिका

अमेरिका ने कुवैत और अन्य देशों के बैंकों में फ्रीज की गई ईरान की संपत्तियों को रिलीज करने से इनकार कर दिया है. अमेरिका के एक सीनियर अधिकारी ने इस संबंध में आ रही खबरों को गलत बताया है. उनका कहना है कि वार्ता अभी शुरू नहीं हुई है. 

ईरानी प्रतिनिधिमंडल की अहम बैठक

अमेरिकी अधिकारियों से मुलाकात से पहले ईरान के प्रतिनिधिमंडल ने आपस में बैठक की. इस दौरान बातचीत के मुद्दों पर चर्चा की गई. 

लेबनान पर इजरायल ने की एयरस्ट्राइक

एक तरफ पाकिस्तान में अमेरिका और ईरान के बीच सुलह पर बातचीत चल रही है, वहीं दूसरी तरफ इजरायल ने लेबनान में फिर से एयरस्ट्राइक की है. ईरान की अर्ध सरकारी न्यूज एजेंसी तस्नीम ने दावा किया है कि ये हमले लेबनान के दक्षिण में अल मंसूरी शहर पर किए गए हैं. इससे पहले, हिजबुल्ला ने इजरायल के नाहरिया में ड्रोन अटैक किए थे. बता दें कि ईरान की एक शर्त लेबनान पर इजरायली हमले रोकने की भी है. 

पाकिस्तानी आर्मी चीफ से फिर मिलेगा ईरानी दल

पाकिस्तान के आर्मी चीफ के साथ ईरानी प्रतिनिधिमंडल की एक दौर की बातचीत हो चुकी है. फार्स न्यूज के मुताबिक, कुछ देर में एक और दौर की वार्ता होगी. उसके बाद प्रधानमंत्री के साथ मीटिंग होगी. बताया जा रहा है कि इस बैठक में नए संदेशों का आदान प्रदान किया जाएगा. 

ईरानी नेताओं ने PM शहबाज शरीफ से की मुलाकात

ईरानी सरकारी टीवी के हवाले से AFP ने बताया है कि अमेरिका के साथ बातचीत से पहले, एक ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की है. इस मुलाकात की पुष्टि करते हुए, ईरान के सरकारी आगे कहा कि "ईरान-अमेरिका बातचीत की रूपरेखा इस बैठक के समापन पर तय की जाएगी."

ईरान का दावा- फ्रीज संपत्तियां जारी करेगा अमेरिका

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने ईरानी सूत्रों के हवाले से बताया है कि अमेरिका, कतर और दूसरे विदेशी बैंकों में जमा ईरान की फ्रीज की गई संपत्तियों को रिलीज करने पर सहमत हो गया है. हालांकि, अमेरिका ने अब तक इस बारे में कुछ नहीं कहा है. हालांकि, सूत्रों ने रॉयटर्स को बताया कि होर्मुज स्ट्रेट को खोल दिया जाता है और सुरक्षित आवाजाही शुरू हो जाती है तो संपत्ति अनफ्रीज हो सकती हैं. इस्लामाबाद में बातचीत के दौरान यह एक अहम मुद्दा होगा.

रूस बोला- जिम्मेदार रवैय अपनाएं सभी पक्ष

रूसी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मॉस्को पाकिस्तान में होने वाली संघर्ष-विराम वार्ता में शामिल सभी पक्षों से अपील करता है कि वे एक जिम्मेदार रवैया अपनाएं और ऐसे किसी भी कदम से बचें जिससे यह वार्ता पटरी से उतर सकती है.

वार्ता से पहले ईरान के उपराष्ट्रपति की पोस्ट

ईरान के उपराष्ट्रपति मोहम्मद रेजा आरिफ ने कहा, 'अगर हम इस्लामाबाद में 'अमेरिका फर्स्ट' के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करते हैं, तो दोनों पक्षों और दुनिया के लिए फ़ायदेमंद समझौता होने की संभावना है. लेकिन, अगर हमारा सामना 'इज़रायल फर्स्ट' के प्रतिनिधियों से होता है, तो कोई समझौता नहीं होगा. हम निश्चित रूप से पहले से भी ज्यादा जोर-शोर से अपना बचाव जारी रखेंगे, और दुनिया को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी.'

1 बजे ईरानी टीम और शहबाज शरीफ में मीटिंग

ईरान की तस्नीम न्यूज के मुताबिक, ईरान की टीम ने इस्लामाबाद में शुक्रवार को पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की थी. ईरानी टीम और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बीच आज दोपहर 1 बजे बैठक होगी.

इस्लामाबाद में जेडी विंस को मिला गार्ड ऑफ ऑनर

जेडी वेंस इस्लामाबाद पहुंच गए हैं. अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के स्वागत में रेड कार्पेट बिछाया गया था. विमान से उतरने के बाद उन्होंने पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ हाथ मिलाया. इस दौरान एक छोटे बच्चे ने उन्हें गुलदस्ता दिया. इसके बाद उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया. इसके बाद उनका काफिला निकल गया.

पाकिस्तान में कड़ी सुरक्षा

इस्लामाबाद में कुछ ही देर में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत शुरू होने वाली है. इस बातचीत के लिए इस्लामाबाद को किले में बदल दिया गया है. चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा तैनात की गई है.

जेडी वेंस का विमान इस्लामाबाद पहुंचा

ईरान के साथ बातचीत के लिए आ रहा अमेरिका प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंच गया है. इसमें अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर शामिल हैं. थोड़ी ही देर में ईरान के साथ बातचीत शुरू होगी.

ट्रंप बोले- हम जहाजों में गोला-बारूद भर रहे हैं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस्लामाबाद में शांति वार्ता से पहले कहा कि अगर ईरान बातचीत में सहयोग नहीं करता है तो वह सेना को तैयार कर रहे हैं. राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को 'न्यूयॉर्क पोस्ट' को बताया कि अगर पाकिस्तान में शांति वार्ता विफल हो जाती है, तो ईरान पर फिर से हमले शुरू करने के लिए अमेरिकी युद्धपोतों में "सबसे बेहतरीन गोला-बारूद" फिर से भरा जा रहा है. उन्होंने कहा, 'हम एक नई शुरुआत कर रहे हैं. हम जहाज़ों में सबसे बेहतरीन गोला-बारूद और अब तक बने सबसे बेहतरीन हथियार भर रहे हैं. ये उन हथियारों से भी बेहतर हैं जिनका इस्तेमाल हमने पहले किया था, और जिनसे हमने उन्हें पूरी तरह तबाह कर दिया था.'

उज्बेकिस्तान एयरस्पेस पहुंचा जेडी वेंस काविमान

इस्लामाबाद में आज अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता होनी है. इसके लिए ईरानी नेता तो इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी थोड़ी देर में पहुंच जाएंगे. उनका विमान उज्बेकिस्तान के एयरस्पेस में पहुंच गया है.

US-Iran Peace Talks Live Updates: लेबनान से एनडीटीवी की ग्राउंड रिपोर्ट

लेबनान के पास सीमा बेल्ट में अनिश्चितता ही एकमात्र निश्चितता है.विस्फोटों की आवाजें अक्सर इस क्षेत्र में शांति को भंग कर देती हैं.. यहां तक ​​कि अमेरिका, इजरायल और ईरान इस्लामाबाद में युद्धविराम के तौर-तरीकों पर चर्चा करने के लिए बैठे हैं. यहां रॉकेट फायर और धमाकों ने चारों तरफ माहौल को अस्त-व्यस्त कर दिया... जब हिजबुल्लाह रॉकेट दाग रहा था,तब एनडीटीवी रिपोर्टर ग्राउंड जीरो पर मौजूद थे... कई जोरदार धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा और एनडीटीवी की टीम लगातार आपको इनपुट दे रहे हैं. 

9-10 बजे तक पहुंचेंगे जेडी वेंस

ईरान के साथ शांति वार्ता के लिए अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस 9 या 10 बजे तक इस्लामाबाद पहुंच जाएंगे. पहले खबर आई थी कि वेंस दोपहर तक पहुंचेंगे.

वार्ता से पहले शहबाज शरीफ से मिलेगा ईरानी डेलिगेशन

दोपहर तक पहुंचेंगे जेडी वेंस

इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता होनी है. इसके लिए ईरानी डेलिगेशन शनिवार सुबह इस्लामाबाद पहुंच चुका है. वहीं, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के दोपहर तक पहुंचने की उम्मीद है.

ईरान के डेलिगेशन में कौन-कौन?

इस्लामाबाद में अमेरिका से बातचीत करने वाले ईरानी डेलिगेशन में 80 से ज्यादा लोग हैं. ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गलिबाफ इसके प्रमुख हैं.

शहबाज बोले- वार्ता को सफल बनाने की कोशिश करेंगे

इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान में बातचीत से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि वह इस वार्ता को सफल बनाने की कोशिश करेंगे.

ईरान ने शेयर किया भावुक वीडियो

इस बातचीत से पहले ईरान ने एक भावुक वीडियो शेयर किया है. यह वीडियो उस विमान का है, जिसमें ईरानी प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंचा है. इस वीडियो में विमान की सीट पर स्कूल के बैग रखे हैं और बच्चों की तस्वीरें लगी हैं. यह उन बच्चों की तस्वीरें हैं जो इस जंग में मारे गए हैं.

ईरानी संसद के स्पीकर ने क्या कहा?

अमेरिका के साथ बातचीत के लिए इस्लामाबाद पहुंचने के बाद ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गलिबाफ ने कहा कि उन्हें उम्मीद तो है लेकिन अमेरिका पर भरोसा नहीं है. उन्होंने कहा कि 'हमारी नीयत अच्छी है लेकिन हमें भरोसा नहीं है.' उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका एक असली समझौते के लिए तैयार है तो ईरान भी तैयार हो सकता है. उन्होंने आगे कहा कि 'दुर्भाग्य से अमेरिकियों के साथ बातचीत का हमारा अनुभव हमेशा नाकामी और वादा तोड़ने पर ही खत्म हुआ है.'

बातचीत से पहले तनाव

इस्लामबाद में बातचीत से पहले तनाव भी साफ देखा जा रहा है. लेबनान पर इजरायली हमले लगातार जारी हैं. ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गलिबाफ ने कहा था कि अमेरिका के साथ बातचीत तब तक आगे नहीं बढ़ सकती, जब तक सीजफायर में लेबनान तक नहीं बढ़ जाता. 

वहीं, ईरानी सेना की जॉइंट कमांड ने चेतावनी दी थी कि अमेरिका और इजरायल की ओर से बार-बार 'भरोसा तोड़ने' के कारण उसकी उंगलियां ट्रिगर पर हैं.

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com