अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मामले को लेकर अयोध्या बार एसोसिएशन ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने नारेबाजी की और बाद में अपनी शिकायत व मांगों को लेकर पुलिस थाने पहुंचे, ताकि उनकी बात जांच कर रही एसआईटी (SIT) तक पहुंचाई जा सके. वकीलों का कहना है कि मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अन्य पदाधिकारियों ने कुछ राशि बरामद कर जमा कराई थी, लेकिन यह स्पष्ट होना चाहिए कि वह पैसा आखिर कहां से आया और उसका पूरा हिसाब-किताब क्या है. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को दोषी ठहराना या चंपत राय अथवा अन्य पदाधिकारियों को जेल भेजने की मांग करना नहीं है.